परिधान दोहराना- एक बौद्धिक विचार [Repeating Dress- An Intellectual Thought]

 


कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर जर्मनी की चांसलर मर्केल की बहुत प्रशंसा हो रही थी ꠰ कारण बहुत छोटा था पर उसके पीछे छिपी मर्केल की दिलेरी ने लोगो का दिल जीत लिया꠰ लगातार 9 साल से फोर्ब्स के द्वारा मर्केल को ‘सबसे शक्तिशाली महिला’ का दर्जा दिया जाता रहा है꠰अपने देश की भी वह बहुत लोकप्रिय नेता है,यही वजह है कि 2005 से वह जर्मनी की चांसलर बनी हुई है꠰ लोकप्रिय और शक्तिशाली नेता होने के बाद भी  मर्केल उन महान हस्तियों में नहीं आती है जो एक बार किसी ड्रेस को पहन ले तो दुबारा नहीं पहनती है ꠰ अमेरिका के अख़बार ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ने 7 अगस्त 2014 को जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल के द्वारा एक ही ड्रेस(ट्यूनिक) को कई बार सार्वजनिक कार्यक्रम में पहने हुए देखकर उन पर एक कटाक्ष किया था कि “जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल एक ऑउटफिट रिपीटर है” ꠰

इसके जबाब में मर्केल ने लिखा कि मैं जर्मनी की चांसलर देश की सेवा के लिए बनी हूँ फैशन के लिए नहीं आई हूँ꠰ उनके द्वारा दिए गए इस उत्तर ने सोशल मीडिया पर लोगों का मन मोह लिया और लोगों ने जबरदस्त तारीफ की ꠰ उनके इस जबाब से प्रभावित होकर मैं भी अपने ब्लॉग को लिखने के लिए प्रेरित हो गई हूँ मर्केल के इस छोटे से वाक्य ने विश्व के सभी लोगों को एक महान सन्देश दिया है ꠰ उन्होंने यह बता दिया है कि आपका व्यक्तित्व प्रभावशाली,प्रतिभाशाली होना चाहिए, कपड़ो से फर्क नहीं पड़ता है ꠰ क्यों आजकल यह फैशन हो गया है कि कोई भी प्रसिद्ध व्यक्ति चाहे वह नेता हो या अभिनेता या फिर कोई भी उद्योगपति, किसी भी पब्लिक कार्यक्रम में अपनी ड्रेस को दुबारा नहीं पहनते है और अगर भूल से कभी पहन भी ली तो सोशल मीडिया और पत्रकार लोग उनके ऐसे पीछे पड जाते है मानो उन्होंने कुछ बड़ी गलती कर दी है ?

 क्या पब्लिक फिगर होने का यह मतलब है कि वे कोई भी ड्रेस दुबारा पहन ही नहीं सकते है? आखिर इसके पीछे वजह क्या है,यह मुझे आज तक समझ नहीं आया है ? एक सामान्य नागरिक की सोच के अनुसार तो मेरी सोच यही कहती है कि-

 क्या ऐसा करके हम अपने संसाधनों की बर्बादी नहीं कर रहे है ?

क्या हम प्रदुषण को नहीं बढा रहे है ?

क्या ये प्रतिष्ठित लोग कभी सोचते है कि एक कार्यक्रम के लिए इनके लिए बनायीं गयी ड्रेस का उस कार्यक्रम के बाद क्या होता होगा?

 डिज़ाइनर ने ड्रेस बनायीं, उसे पैसे मिले बात ख़तम꠰ इन बड़े लोगों ने ड्रेस पर पैसे खर्च किये, विशेष कार्यक्रम में पहनी और उनका काम ख़तम꠰ दोनों ही इसके आगे की नहीं सोचते है ꠰ पर उन पर्यावरण विद से पूछिए जो आज कपड़ो के द्वारा हो रहे प्रदुषण के लिए चिंतित है ꠰  माना इन लोगों को पैसे की परवाह नहीं है पर संसाधन और पर्यावरण तो सभी के साथ समान व्यवहार करते है उसका खामियाजा तो हर वर्ग को ही भुगतना पड़ता है ꠰  वाशिंगटन पोस्ट जैसे बड़े अख़बार हो या हम जैसे मध्यम वर्ग के लोग, किसी सेलेब्रिटी को 2 बार भी एक ड्रेस में देख लिया तो सोशल मीडिया पर उसका मजाक बनाते हुए इतने तर्ज कसे जाते है कि अन्य कोई सेलेब्रिटी वो गलती करने की हिम्मत ही नहीं करता है ꠰ क्या यह एक बीमार मानसिकता नहीं है ꠰

अगर हम सिर्फ अपने देश की ही बात करे तो हमारे देश में नेता,अभिनेता और उद्योगपतियों की कोई कमी नहीं है꠰ और आये दिन इन लोगों को किसी न किसी कार्यक्रम में भाग लेना ही होता है꠰ और कभी भी इन्हें एक ड्रेस को दुबारा पहने हुए देखा ही नहीं जाता है,इसके पीछे कारण क्या है यह तो पता नहीं,पर इतना अवश्य है कि इस दिखावे के पीछे मानवीय श्रम से लेकर प्राकृतिक संसाधन सभी का दुरूपयोग होता है जो सर्वथा अनुचित है꠰      

कभी मजाक बनाने वाले सोचते है कि वो ऐसा क्यों करते है ? क्या वो स्वयं अपने कपड़ों को दुबारा नहीं पहनते है,क्या एक कपडे को एक बार पहनकर हम लोग छोड़ सकते है ? फिर क्यों सोशल मीडिया पर ऐसी फालतू बातो का बतंगढ बनाया जाता है꠰ तथा आम जनता के लिए एक उदाहरण बनने वाले इन प्रतिष्ठित लोगो को फालतू की आलोचनाओं से क्या फर्क पड़ता है꠰ यह उन्हें समझना होगा और उन समीक्षाओं से प्रभावित हुए बिना मर्केल की तरह जबाब देकर उदाहरण पेश करना चाहिए ꠰

कुछ दिनों पहले धर्मेन्द्र की एक ड्रेस व्हाट्स एप्प पर बहुत वायरल हुई थी ꠰ वायरल होने के पीछे कारण यह था कि उन्होंने अपने 4-5  लोकप्रिय गाने जो अलग अलग फिल्मों के थे सभी में एक ही ड्रेस पहनी हुई थी꠰ आज तो हमारे अभिनेता और अभिनेत्रियाँ किसी दो कार्यक्रम में एक जैसे ड्रेस नहीं पहनते है꠰ धर्मेन्द्र जैसे लोकप्रिय अभिनेता ने तो अलग-अलग फिल्मों में एक ही ड्रेस पहनी थी तो आश्चर्य होना स्वाभाविक ही था ꠰ पर क्या उस ड्रेस की वजह से उनकी लोकप्रियता पर कोई प्रभाव पड़ा ? नहीं न! फिर क्यों आज कल के लोकप्रिय नेता और अभिनेता ऐसा उदाहरण पेश नहीं करते है ? ताकि समाज में इस प्रकार के बढ़ते अनुचित देख -दिखावे और फिजूल खर्ची से लोगों को बचाया जा सके और कपड़ो की वजह से बढ़ रहे कचरे में भी कमी लाकर पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में अपना भी योगदान कर सके ꠰

आखिर कैसे, हम आज के समय में इस विकृत सोच को परे रखकर कपडे जैसे छोटे मुद्दों को नकार कर उस व्यक्ति विशेष की योग्यता और प्रतिभा को महत्व दें꠰ अगर हम ऐसी बातो को नज़रंदाज़ कर के मर्केल जैसे योग्य व्यक्तियों की तारीफ करने लगेगे तो शायद हमारी सोच और बड़ी हस्तियों के व्यव्हार में कुछ बदलाव नज़र आने लगेगा꠰

Comments

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]