आख़िर कब तक? [Till When?]
एक प्रश्न और उलझन भी?
हमें क्या करना चाहिए?
अपने एक दोस्त से बात कर
रही थी अपनी किसी उलझन के बारे में ही। बातें करते करते बस ऐसे ही मुँह से निकल
गया कि समझ नहीं आता की अपने संस्कारों की बेड़ियों में अभी भी बंधी रही हूँ या गलत
बात का विरोध करना शुरू करु। उसने मुझसे एक ही प्रश्न किया कि तुम्हे क्या करना
अच्छा लगता है? तुरंत बिना सोचे
समझे जो जबाब मैंने दिया वह यही था कि अपनी बात रखनी चाहिए और कोई अगर गलत कर रहा
है या मानसिक प्रताड़ना दे रहा है तो उससे सहन करने से बेहतर है कि उसे उसी समय
जबाब दिया जाए,उसे अहसास कराया
जाए कि उसने जो कुछ किया है वह बिलकुल गलत है, चाहे वह व्यक्ति उस जबाब को सुनने और समझने की स्थिति में
हो या नहीं हो। फिर एक बात यह भी है
कि जब वह कहने की स्थिति में है तो सुनने और समझने की स्थिति में भी अवश्य होगा ही
न?
हमेशा यही पढ़ते आये है कि
अन्याय सहन करना, अन्याय करने के
बराबर ही गलत है फिर क्यों किसी को भी हम मजबूर करते हर अन्याय सहन करने के लिए “रिश्ता,उम्र, संस्कारों और समझदारी” की दुहाई देकर? उसे ही समझाने या पूरी तरह से चुप करने की कोशिश क्यों करते है। क्या यह उस
सही व्यक्ति के प्रति अन्य लोगों का भी अप्रत्यक्ष रूप से अत्याचार नहीं है जो
अपने हर कर्तव्य को यथासंभव निभाने की कोशिश कर रहा है? क्या किसी के द्वारा इस लिए गलत बात सुन लेनी चाहिए कि
परिवार के अन्य सदस्य तो आप के साथ ऐसा व्यवहार नहीं कर रहे है न? या यह कहकर चुप
करा देना कि क्या तुम बोल कर या जबाब देकर उस व्यक्ति को सुधार सकते हो क्या?
हाँ, यह सच है कि हम किसी भी व्यक्ति के स्वभाव को न
तो सुधार सकते है और न ही बदल सकते है पर यह भी उतना ही सच है कि चुप रहकर या उसकी
हर सही और गलत ख्वाहिशों को पूरा कर के हम उसे यह अहसास ही नहीं करा पाते है कि वह
गलत है या उसने अभी कुछ समय पहले ही परिवार के किसी सदस्य के साथ गलत व्यवहार भी
किया है। बल्कि ऐसा कर के हम उसे प्रोत्साहित कर रहे है और गलत करने तथा अन्याय
करने के लिए। कभी न उसे समझाया गया और न ही उसे गलत करने पर कोई सजा दी गई तो फिर
क्यों वह अपने द्वारा अन्य लोगों पर कर रहे गलत व्यवहार को रोकेगा? यह तो वैसे ही
हो गया कि बच्चा ज्यादा परेशान न करे या रोये नहीं इसके लिए हम उसकी हर जिद को
पूरा कर देते है और बाद में दोष बच्चे को देते है कि यह बहुत जिद्दी है बजाय अपने
आप को सुधारने के हम हर बार उस बच्चे को दोषारोपित कर रहे है और उसकी जिद भी पूरी
करें जा रहे है। वही हम उस व्यक्ति के साथं कर रहे है कि उसकी हर गलत बात को टाल कर
या यह सोच कर कि यह जो करता है करने दे अन्यथा घर की शांति भंग हों जायेगी। क्या
यह कहना सही नहीं है कि हम स्वयं समस्या से भाग रहे है, उसकी गलतियों को शह देकर या नजरअंदाज कर के। बिना यह सोचे
कि यह समस्या यहीं ख़त्म नहीं होगी अपितु अगली बार इसमें और एक नयी गलत बात जुड़
जायेगी।
अनेक बार अन्य लोगों के
द्वारा यह कह कर भी चुप करा दिया जाता है यह तो सुधर नहीं सकता है तुम अपना समय और
उर्जा इस व्यक्ति पर क्यों खर्च करते हो,बेहतर है इसकी हर मांग पूरी कर दो ताकि इस
समय तो शांति बनी रहे,पर क्या ऐसा वाकई में होता है।नहीं,कभी नहीं हो सकता है
बल्कि वह अगली बार कुछ नया बहाना तलाश कर ही लेगा घर की शांति भंग करने का। न ही
यह सही रास्ता है समस्या को हल करने का।
एक प्रश्न यह भी मन मस्तिष्क में आता है कि ऐसी समझदारी
या अपनी विद्धवता उस व्यक्ति के सामने दिखाने से क्या फायदा जिसे उसकी कद्र ही न
हो। क्या यह सही नहीं है कि हमें सामने वाले व्यक्ति के साथ वैसा ही व्यवहार करना
चाहिए जैसा कि उससे समझ आता है। अब न तो वह वक़्त रहा है और न ही किसी के अंदर इतनी
सहन शक्ति रही है कि वह सब कुछ सही करते हुए भी किसी की ज्यादतियों को बर्दाश्त
करें। एक सीमारेखा व्यक्ति को स्वयं निश्चित कर लेनी चाहिए कि कब तक उसका
आत्मसम्मान आहात नहीं होता है और वह सीमारेखा पार होते ही उसे अपने स्वयं के लिए
आवाज अवश्य उठानी चाहिए।
प्रत्येक व्यक्ति की अपनी
सीमारेखा, सोचने समझने तथा सहन करने
की शक्ति का पैमाना अलग होता है और वह उसी के अनुरूप अपनी राय देगा या आपका ऐसी
परिस्थिति में साथ देगा, इस लिए बेहतर तो
यही होगा बिना किसी से उम्मीद किये व्यक्ति को अपनी आवाज स्वयं उठानी चाहिए। जिस
वक्त व्यक्ति को लगे कि अब बस! इससे ज्यादा नहीं सहन होगा या मेरे आत्मसम्मान पर
चोट लग रही है तब ही उसे यह सोचना होगा कि मुझे क्या करना है और किस बात से मुझे
संतुष्टि मिलती है, अत्याचार का
विरोध कर के या चुप रह कर। यह बिलकुल सच है कि घुट घुट कर जीने से आप स्वयं अपने
शरीर और परिवार पर एक नकारात्मक प्रभाव छोड़ रहे है इस लिए बेहतर है कि अपने दिल की
सच्ची आवाज सुने और वही करें जिस के करने से आपका मन खुश रहता है,आपको अच्छा महसूस होता है।

Excellent article 👏
ReplyDelete