विकल्पों की बहुतायात : निर्णय क्षमता में क्षीणता [Abundance of Choices leads to Ineffective Decision Making]
[Abundance
of Choices leads to Ineffective Decision Making]
अमेरिकी मनोवैज्ञानिक बैरी श्वार्टज़ के द्वारा लिखी एक पुस्तक " The Paradox of choice: why more is less" को पढ़ने का मौका मिला। इस पुस्तक में उन्होंने जिस अवधारणा को व्यक्त किया है वह यह है कि "हमारे पास जितने अधिक विकल्प होंगे,उतना ही ज्यादा हम सोचेंगे और उतना ही हम अपने निर्णय से कम सतुंष्ट होंगे।"
कभी इस ओर ध्यान ही नहीं गया कि सच में यह भी एक सोच का मुद्दा हो सकता है। जब अपने ऊपर इस बात को लेकर देखा तो लगा कि सही तो कहा है बैरी श्वार्ट्ज ने।अपने रोज की दिनचर्या में हम यही सोचते रहते है कि यह नहीं,शायद यह सही रहेगा। यह नहीं,हमें वह लेना चाहिए।जो हम ले रहे है उस से सतुष्ट होने की जगह कुछ अन्य की तलाश में ही रहते है।कभी लगा ही नहीं कि इन्ही सब बातों में हम अपना कितना समय और पैसा बर्बाद कर रहे है।
यह बिल्कुल सही है कि यदि हमारे पास 1 या 2 विकल्प होंगे तो हम आसानी से अपने फायदे और नुकसान को समझते हुए अपने चयन की प्रक्रिया में तेजी ला सकते है। पर इसके विपरीत बहुतायत में विकल्प हो तो यह चुनना बहुत मुश्किल हो जाता है कि हमारे लिए क्या अच्छा है। इसे हम इस उदाहरण से भी समझ सकते है कि पहले हमारे पास दूध 2 ही तरह के होते थे कि गाय का या भैंस का। लेकिन अब हमारे पास विकल्प ज्यादा है, गाय,भैंस, बादाम, सोयाबीन, नारियल और भी न जाने क्या-क्या। तो अब हमारे लिए निर्णय लेना मुश्किल हो जाता है कि हमारे लिए सबसे अच्छा क्या है और हम उसी में उलझ कर रह जाते है और भ्रमित भी रहते है कि मैं जो ले रहा हूँ वह अन्य से बेहतर है भी या नहीं।
विकल्पों की अधिकता हमारा समय और पैसे की बर्बादी के अलावा हमें मानसिक वेदना और असंतुष्टि के बोध से भी ग्रसित रखती है,पहले हमारे पास सीमित संसाधन और सीमित विकल्प होते थे तो हमें निर्णय लेने में आसानी भी होती थी और संतुष्टि भी। लेकिन आज उपभोगवादिता बढ़ने के बाबजूद न तो व्यक्ति खुश है और न ही सतुंष्ट। हर समय वह अन्य किसी से अपनी तुलना कर के कुंठित ही रहता है। यह कहीं न कहीं एक चिंता का विषय अवश्य है जो हमारी शारारिक और मानसिक आजादी को छीने जा रहा है।और हमें मानसिक असंतुष्टि की ओर ले जा रहा है।
बैरी श्वार्टज़ ने अपनी पुस्तक "द पैराडॉक्स ऑफ़ चॉइस " में लिखा है कि :
"चुनना सीखना कठिन है। सही चुनाव करना सीखना और भी कठिन है। और असीमित संभावनाओं की दुनिया में सही चुनाव करना सीखना और भी कठिन है,
शायद बहुत कठिन।"
संम्भावनाये अनंत होने की वजह से व्यक्ति भ्रमित तो हो ही रहा है साथ ही सोशल मीडिया पर विकल्पों की उपलब्धता की वजह से व्यक्ति उस में ही उलझा रहता है। वह समझ ही नहीं पा रहा है कि किसी भी चीज के चयन में वह अपना कितना बहुमूल्य समय ख़राब कर रहा है और भौतिकता के भंवरजाल में फँसता चला जा रहा है।
दिन प्रतिदिन की दिनचर्या में विकल्पों के चक्रव्यूह में ही फँसता जा रहा है। टी.वी.पर क्या देखना है,क्या सुनना है, नाश्ते में क्या खाना है, रोटी किस आटे की खानी है, किराने की दुकान पर जाओ तो कुछ भी चीज खरीदनी हो तो किस कंपनी की खरीदनी है, किस आकार की खरीदनी है, रेस्टॉरेंट का मेन्यू कार्ड देखो तो विकल्प, कपडे खरीदने है तो विकल्प, कार खरीदो तो विकल्प और तो और अब जीवन साथी तलाशो तो भी अनेक विकल्प उपलब्ध है। अर्थात हमारा पूरा जीवन- सुबह उठने से लेकर शाम को सोने तक इन विकल्पों में ही उलझ कर रह गया है। हर वस्तु पाने के लिए सर्वश्रेष्ठ की ही तलाश में रहता है और उस के बाबजूद व्यक्ति सतुष्ट नहीं है। जो मिल जाता है उससे बेहतर की और उम्मीद करता ही रहता है।अनेक बार तो ऐसा होता है कि बेहतर की तलाश में कुछ भी नहीं ले पाता है और यूँ ही अपना समय खर्च कर देता है।
उपभोक्तावाद युग के परिणामतः ही आज व्यक्ति मानसिक,शारारिक,आर्थिक और सामाजिक हर तरह से भ्रमित, कमजोर और हारा हुआ ही है। क्योंकि उसे कहीं भी संतुष्टि का अहसास होता ही नहीं है। जब तक व्यक्ति अपनी इच्छाओं को सीमित और अपने निर्णयों में दृढ़निश्चितता नहीं लाएगा, वह अधिक चिंता और परेशानी का अनुभव करता ही रहेगा।
अपनी मानसिक शांति के लिए व्यक्ति को समझना होगा कि उसे अपने इस बहुमुल्य जीवन को उपभोगतावादी युग के हाथों की कठपुतली नहीं बनाना है। अपने ध्यान को इधर-उधर भटकाने से अच्छा है कि अपने आप का आत्मविश्वास ऊँचा रखे और जितनी और जिसकी जरुरत हो वही ख़रीदे। इस से न केवल अपने मन को शांत रख पायेगा और धन को दुरुपयोग करने से बचाएंगे बल्कि हम अपने पर्यावरण को भी बचा कर रख सकता है।
Comments
Post a Comment