गांव में पुस्तकालय - बेहद सराहनीय कार्य
[Library in Village - Extremely Good Cause]
कुछ देखा और प्रेरणास्पद लगा, बस मन हुआ कि आप सभी लोगों से इसके बारे में बात करूँ। जैसा कि हम सभी जानते है कि 8 मार्च को अन्तराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। जब समस्त विश्व इस दिन महिलाओं के सम्मान में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा था, तथा उनके हित के लिए भिन्न भिन्न योजनाएँ घोषित की जा रही थी, वहीं इन सब से दूर एक अलग ही कार्यक्रम चल रहा था और वह था जाने माने पत्रकार सौरभ द्विवेदी के द्वारा जालौन के कालपी तहसील क्षेत्र के चमारी गॉँव (जो कि उनका अपना गाँव है) में एक भव्य आधुनिक लाइब्रेरी का उद्घाटन किया जाना। जो उन्होंने अपने ट्रस्ट के द्वारा अपने बाबा 'माता प्रसाद' के नाम पर बनाई है जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को पढ़ने की व्यवस्था है।
सौरभ द्विवेदी ने उद्घाटन मंच से एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने और उनकी पत्नी गुंजन सांगवान ने मिलकर यह निर्णय लिया है कि उनकी पूरी चल और अचल संपत्ति "देस राग ट्रस्ट " के माध्यम से बुन्देलखंड में 100 पुस्तकालयों के निर्माण के लिए समर्पित की जायेगी। उन्होंने यह भी कहा है कि "हम दोनों ने मिलकर यह संकल्प भी लिया है कि समाज में शिक्षा और ज्ञान के प्रसार के लिए यह पहल लगातार जारी रहेगी। जिस तरह देवालय अनिवार्य है उसी तरह से पुस्तकालय और खेल के मैदान हर गाँव में अनिवार्य होने चाहिए।" सौरभ द्विवेदी ने यह भी बताया कि वे और उनकी पत्नी देहदान का संकल्प भी ले चुके है।
उनके द्वारा उद्घाटन भाषण बहुत ही भावविभोर कर देने वाला था,अपने माता-पिता के सम्मान के साथ-साथ अपने गाँव के लिए भी उनके भाषण में सम्मान था। अपने उद्धघाटन का भाषण उन्होंने हिंदी,अंग्रेजी में न बोलकर अपनी क्षेत्रीय भाषा में लोगों को सम्बोधित किया। जो यह दर्शाता है कि वह अपनी जमीं से किस हद तक जुड़े हुए है। अपने इस नेक काम के पीछे अपने मकसद को भी बताया।
एक तो यह कि "उनकी माँ की असीम इच्छा थी कि गाँव के बच्चों के लिए पुस्तकालय बनाया जाए ताकि वो भी सौरभ की तरह पढ़ लिख कर एक योग्य व्यक्ति बने।" और "दूसरी उनकी यह सोच थी कि जब हम दुनिया में खाली हाथ आए है और खाली हाथ ही चले जायेंगे तो फिर यहाँ पर अर्जित धन सम्पत्ति को हम स्वयं ही यहीं के विकास में क्यों न लगायें।"
सौरभ द्विवेदी के इस नेक काम के आयोजन मे कुमार विश्वास, कैलाश सत्यार्थी, विकास दिव्यकीर्ति, सोनाली बेंद्रे,जाकिर खान जैसी हस्तियाँ मौजूद थे। सभी के द्वारा जो एक समान बात कही गई, वह यह थी कि कुछ करने का सपना तो बहुत लोग देखते है,सोचते है और जज्बा भी रखते है पर उसे साकार बहुत ही कम लोग कर पाते है। और आज वह सौरभ ने कर दिखाया। पुस्तकालय भी कोई छोटा सा नहीं बल्कि एक भव्य भवन। जिसमें हर उम्र के लोगों को पढ़ कर बैठने की व्यवस्था तो है ही,साथ ही अगर कोई लेखक या विचारक वहाँ आकर कुछ संरचनात्मक कार्य करना चाहे तो उसकी सुविधा भी है।
जब सारा विश्व सोशल मीडिया के इर्द गिर्द घूम रहा है। छोटे छोटे बच्चों के हाथों में मोबाइल थमा हुआ है, हर पीढ़ी का व्यक्ति मोबाइल से अपने आप को दूर नहीं रख पा रहा है,ऐसे समय में हर उम्र के लोगो के लिए पुस्तकालय बनाना सच में एक सराहनीय कार्य है। ग्रामीण शिक्षा के लिए यह एक अनूठी पहल है। आधुनिक सुविधाओं (AC रीडिंग हॉल, 10,000+ किताबें), प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संसाधन और ग्रामीण बच्चों के लिए मुफ्त पहुंच के साथ, यह पुस्तकालय गांव के बच्चों के लिए सपनों को उड़ान देने का केंद्र बना है।
सभी लोग ऐसा सोचते है कि हम यह करेंगे,वह करेंगे पर जो सच में कर गुजरते है वे ही प्रेरणस्पद बन जाते है। और आज माहौल यह है कि सौरभ द्विवेदी को विभिन्न वर्गों के द्वारा सराहा जा रहा है और सभी लोग अब यह सोचने लगे है कि हमें भी अपनी मातृभूमि और अपने समाज के लिये कुछ तो ऐसा करना चाहिए कि लोगों में चेतना बढे और उसका मानसिक विकास हो।
सौरभ ने हमारे भूतपूर्व राष्ट्रपति श्री अब्दुल कलाम आजाद के उस सपने को भी साकार कर दिया जिसमें वे हमेशा कहते थे कि शिक्षा का अधिकार सभी को होना चाहिए और लोगों को मुफ्त में सुविधायें उपलब्ध करने से बेहतर है कि उन्हें मुफ्त में शिक्षा उपलब्ध करायें ताकि भविष्य में वह बालक अपने पैरों पर खड़ा हो सके। पढ़ने,शोध करने, अपनी बौद्धिक क्षमता को बढ़ाने और व्यक्तिगत विकास के लिए पुस्तकालय एक प्रेरणास्थल होता है।
अंत में मैं यही कहना चाहती हूँ कि किताबें हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो ज्ञान, मनोरंजन और मार्गदर्शन प्रदान करती हैं। ये हमें नई दुनिया से परिचित कराती हैं और हमारी सोच को विकसित करती हैं। अच्छी किताबें हमारे सच्चे मित्र की तरह होती हैं जो जीवन भर साथ निभाती है। हर व्यक्ति एक पुस्तकालय तो नहीं बना सकता है पर हर व्यक्ति एक पुस्तक का दान तो कर ही सकता है, पता नहीं किस के लिए वह पुस्तक प्रेरणस्पद बन जाए और किसी का जीवन सँवर जाए। तो आज हमें भी यह प्रण लेना होगा कि हमें जब भी अवसर मिले हम पुस्तक का दान करें।
आखिर क्यों? हम जनमानस भी सौरभ द्विवेदी की तरह अपने अंतर्मन में ये इच्छा स्फुटित नहीं करते है कि हम भी निस्वार्थ भाव से गावों में कुछ विकासात्मक और रचनात्मक कार्य करें और किसी ओर के लिए प्रेरणा स्रोत बने।इस बार नवरात्री पर कंजकों को कुछ प्लास्टिक या अन्य वस्तु देने से बेहतर है कि इन छोटी कन्याओं को पुस्तक भेंट स्वरुप दी जाए और यह भी एक नई शुरुआत हो सकती है हमारी तरफ से समाज के लिए कुछ अच्छा करने की।
[ ब्लॉग लेखिका: रेखा, ब्लॉग टाइटल- रेखा की नज़रों से - ऐसे ही और ब्लोग्स के लिए लिंक - सीधीरेखा ब्लागस्पाट डॉट कॉम पर जाएँ।]
Comments
Post a Comment