हिन्दी हो सर्वस्व: भारत का वर्चस्व - (Hindi: A Language of Pride and Dominance for Bharat)

आज 14 सितम्बर, हिंदी दिवस की मेरे सभी पाठकों और समस्त हिंदी प्रेमी देशवासियों को मेरी तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं। 

आज ही के दिन 1949 में  संविधान सभा ने  हिंदी को भारत की राजभाषा के रूप में मान्यता दी थी। यह दिन भारत के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है।  हिंदी दिवस न केवल हिंदी भाषा की प्रतिष्ठा का प्रतीक है, बल्कि यह देश की सांस्कृतिक एकता और सांस्कृतिक धरोहर का भी प्रतीक है। संविधान में हिंदी को प्रमुख स्थान दिया गया है और इसके प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने की बात भी कही गई है। हिंदी देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों के बीच बात चीत करने की प्रमुख भाषा है। हम सभी का यह कर्तव्य है कि हम 'हिंदी दिवस' का महत्व समझे और हिंदी भाषा को बढ़ावा दें। 

हिंदी हमारी मातृभाषा है और इसके मान-सम्मान और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी हम सभी भारतियों की है। हम सभी इस बात को बहुत अच्छे से जानते है कि हर व्यक्ति अपने भावों, संवेदनाओं और विचारों को अपनी मातृभाषा में ही सबसे उचित तरीके से अभिव्यक्त कर सकता है। फिर क्या कारण है कि हम हिंदी का प्रयोग करने में आज भी निम्न महसूस करते है और अगर कोई  हमारे सामने अंग्रेजी बोल रहा है तो हम उससे बड़े प्रभावित हो जाते है।  हम क्यों नहीं मानना चाहते है कि हिंदी हमारा गौरव है। इसका प्रयोग हमारे लिए गर्व की बात होनी चाहिए न की शर्म की। 

अंग्रेजी भाषा को जानने वाले तो अंग्रेजी का प्रयोग करते ही है पर आश्चर्य तब होता है,जब अंग्रेजी भाषा नहीं जानने पर भी लोग अपने आप को उच्च वर्ग का दिखने के चक्कर में टूटी-फूटी अंग्रेजी भाषा का प्रयोग करेंगे, पर हिंदी नहीं बोलेंगे। छोटे-छोटे बच्चे भी अगर घर में है तो सभी कोशिश करते है कि उनसे अंग्रेजी में बोला जाये,अंग्रेजी के शब्द सिखायें जाएँ,पर हिंदी नहीं। पता नहीं क्यों, और ऐसा करने के पीछे क्या भावना है? क्यों गुलामी और हीनता  की इस मानसिकता से हम भारतीय अपने आप को बाहर नहीं निकाल पा रहे है?  

किसी भी अन्य भाषा को जानना और उसका प्रयोग करना कदापि गलत नहीं  है पर अपनी भाषा को तुच्छ समझना हमारी संकीर्ण मानसिकता को अवश्य  झलकाता है। और आपका यह व्यक्तित्व सामने वाले को भी अहसास करा देता है कि आप अपनी संस्कृति या भाषा से खुश नहीं हो,सहज नहीं हो। हम क्यों ऐसा मौका किसी को देते है और क्यों नहीं सोचते है कि कला और संस्कृति से धनी हमारे राष्ट्र को और उसके अविष्कारों को जब समस्त विश्व अनुसरण करने को तैयार है तो हम अपनी मातृभाषा जो की बहुत ही वैज्ञानिक है को बोलने में लज्जा महसूस क्यों करते है। उसे हास्य का पात्र क्यों समझते है।   

बाहर से आने वाले व्यक्ति के साथ हम कोशिश करते है कि हमें आए चाहे न आए पर हम अंग्रेजी ही बोले। क्यों हम अन्य के लिए अपने आप को परिवर्तित करने की कोशिश करते है? आज कल बहुत विदेशी देखने को मिल जाएंगे जो हमारी हिंदी भाषा और हिंदी संस्कृति से प्यार करने लगे है। फिर हम क्यों हमारी इतनी खूबसूरत भाषा जिसमें हर शब्द, हर भाव,हर रिश्ते के लिए भिन्न-भिन्न शब्दों का प्रयोग किया जाता है,जिनके शब्द मात्र से हम कहने वाले के भाव का अहसास कर लेते है उस भाषा को बोलने में हम निम्न श्रेणी का महसूस करने लगे है। ऐसी खुबसुरती अन्य किसी भाषा में नहीं है। ऐसी हमारी मातृभाषा  का हमें ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करना चाहिए और गर्व महसूस करना चाहिए।  

जैसा कि आज हमारे गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने कहा है कि "हिंदी भाषा के प्रचार और प्रसार की जिम्मेदारी माताओं की बहुत ज्यादा  है और उन्हें ही अपनी मातृभाषा को गौरवान्वित कराने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।" उदाहरण के तौर पर मैं आप को बता सकती हूँ कि 'जैसे बचपन में अपनी माँ या दादा-दादी  के मुख से हिंदी भाषा में सुनी लोरियाँ बच्चों के मन और मस्तिष्क पटल पर हमेशा-हमेशा के लिए अपनी छाप छोड़ देती है, ऐसे ही प्रयास हमारे बच्चों में अपनी सम्मानीय भाषा हिंदी के प्रति आदर और गर्व की भावना को विकसित करेंगे। 

अन्य भाषा को जानना और प्रयोग करना गलत नहीं है पर अपनी भाषा को दाँव पर लगा कर कदापि नहीं। क्या अन्य किसी देश में हम देखते है क्या कि वहाँ  के नागरिक हमारे पास आकर अपनी नहीं हमारी भाषा बोलने की कोशिश करते है ? नहीं न ? फिर हम क्यों अपनी भाषा को इतना लचीला बना रहे है कि जैसे ही कोई अन्य मिलता है हम अपनी भाषा को ही भुला बैठते है। यह बिलकुल सही नहीं है। हिंदी हमारी ऐसी सहज भाषा है जिसके बोलने मात्र से ही सुनने वाला मंत्रमुग्ध हो जाता है। आज इस हिंदी दिवस पर हम सब को यह प्रण लेना चाहिए कि  हम सब अपनी हिंदी भाषा को अपनी दिनचर्या में प्रयोग करेंगे,अपने परिवार और दोस्तों के साथ अपनी ही भाषा में बात करेंगे। 


***






Comments

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]