खिसकते दरख़्त, सिसकती पहाड़ियां - मानो तो विनाश, ना मानो तो विकास

[Sliding Trees, Cracking Mountains – Whether You See It As Destruction Or Development ?]











चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है, जिधर देखिए प्रकृति अपना रौद्र रूप दिखा रही है। पहाड़ के पहाड़ दरक रहे हैं, और थोड़ी सी बारिश होते ही भूस्खलन की घटनाएं सुनने को मिल जाती हैं। मानो पहाड़ों ने भी ठान लिया है कि अब हम नदी के पानी की तरह अपने पत्थरों की नदी भी बहा देंगे। किसी को बख्शेंगे नहीं। पिछले साल हिमाचल में मंडी को तो बादल फटने ने पूरा तहस-नहस कर दिया, और शिमला में भी बारिश ने आफत मचा दी थी। बारिश का मौसम आते ही टीवी पर रोंगटे खड़े कर देने वाले दृश्य दिखाई देते हैं, बड़े-बड़े घर बाढ़ की चपेट में आ रहे हैं, पानी का बहाव अचानक इतना बढ़ जाता है कि अचानक लोगों को बहा कर ले जाता है, तो कहीं रिहायशी इलाकों में 3-4 फीट तक का पानी भर जाता है। पिछले साल शिमला में एक पांच मंजिला बिल्डिंग पानी के बहाव से ढह गई, जिसमें लोग रह रहे थे। उस दृश्य को देखकर सांसें थम गईं, और भीतर से चीखें सुनाई दे रही थीं। लगभग 40-50 लोग उस समय उस बिल्डिंग में थे। सोचकर ही रूह कांप जाती है कि उनके लिए मौत के वे पल कितने डरावने होंगे।

जब हम छोटे थे, ऐसी घटनाएं इतनी ज्यादा सुनाई नहीं देती थीं। लेकिन अब तो थोड़ी सी बारिश होते ही कहीं न कहीं भूस्खलन की खबर आ ही जाती है। पहाड़ पहले भी थे, बारिश पहले भी होती थी। पर प्रकृति अपना विनाशकाल रूप अभी ही क्यों दिखा रही है? क्या यह सोचने वाला सवाल नहीं है?

मेरी सोच शायद सभी विकासवादी विचारधारा वाले लोगों को छोटी लगे और विकास के खिलाफ भी लगे, लेकिन मुझे लगता है कि इसमें सत्यता अवश्य है। विकास के नाम पर हम प्रकृति के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। मानव की सुविधा और लालच के लिए हम प्रकृति को उजाड़ रहे हैं, नदियों का रास्ता बदल रहे हैं, उनका बहाव रोक रहे हैं, बांध बना रहे हैं, पुल बना रहे हैं—कुछ न कुछ निर्माण कार्य करते जा रहे हैं। हिमालय को चारों दिशाओं से काटकर सड़कें चौड़ी की जा रही हैं। अपने स्वार्थ में हम इतने अंधे हो गए हैं कि नदी, पहाड़, जंगल सभी को हम सिकोड़ते जा रहे हैं। विकास की कोई सीमा नहीं होती है, यह हमें समझना होगा। विकास की आड़ में हम क्या खो रहे हैं, यह भी देखना होगा। अपने लिए ज्यादा की भावना को बढ़ाते जा रहे हैं। इस लालच में हम यह नहीं सोच रहे हैं कि इसका खामियाजा हमें और हमारी आने वाली पीढ़ियों को भुगतना होगा। और इसकी शुरुआत हो चुकी है।

हजारों सालों से खड़े विशालकाय पहाड़ों के सीने में हम डायनामाइट लगा कर उन्हें तोड़ रहे हैं ताकि रास्ता चौड़ा कर सकें। बिना यह सोचे कि क्या ऐसा करके हम इन पहाड़ों को नुकसान नहीं पहुंचा रहे हैं? इनकी नींव को खोखला कर रहे हैं, तभी तो थोड़ी बारिश होते ही ये ढीले होकर गिरने लग जाते हैं। आज अचानक से पहाड़ों के साथ छेड़छाड़ की जरूरत क्यों आ गई है? चौड़े रास्तों की क्या जरूरत है? अनियंत्रित मकान और अन्य निर्माण कार्यों की क्या आवश्यकता है?

पहले भी लोग वहां रहते थे और शांतिपूर्ण तरीके से, प्रकृति की व्यवस्था में बिना किसी दखलंदाजी के अपना जीवन निर्वाह करते थे। पर अब टूरिज्म के चलते वहां के स्थानीय लोगों से ज्यादा बाहर के लोग व्यापार का विस्तार कर रहे हैं—होटल, मकान, बांध, सड़क, मॉल सब कुछ बनाया जा रहा है पहाड़ों को काटकर। पहाड़ों पर बने गांवों में जगह कम होती जा रही है और आबादी बढ़ती जा रही है। परिणामस्वरूप जंगल कट रहे हैं, नदियों का पाट कम हो रहा है और पहाड़ों को काटकर निर्माण कार्य चल रहा है। लोगों की आवाजाही जरूरत से ज्यादा बढ़ रही है। इसके कारण पर्यावरण खराब हो रहा है, प्रदूषण और गंदगी बढ़ रही है,जिसके चलते अब वहाँ भी नालों और नदियों की छोटी धारायें ब्लॉक होती जा रही है। इस कारण पहाड़ों पर वनस्पति की पैदाइश कम होती जा रही है। अब तो पहाड़ों की हालत यह हो गई है कि वहां पैदल चलने की जगह नहीं मिलती है। रास्तों को चौड़ा किया जा रहा है ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। अब नीचे की खाई को भरकर रास्ते चौड़े नहीं कर सकते, इसके लिए पहाड़ों को ही काटा जा रहा है।

भू-वैज्ञानिक डॉ. नवीन जुयाल ने एक डॉक्यूमेंट्री में बताया था कि "नदी के बहाव को किसी भी तरह के विकास के लिए मत रोकिए। किसी भी तरह का निर्माण कार्य करने से रोकना चाहिए। इन सभी प्राकृतिक जगहों को वैसा ही रहने दीजिए।" पर भू-विशेषज्ञों की इन चेतावनियों को क्या कोई गंभीरता से ले रहा है?

सार यही है कि जब हम मानव अपनी सुख-सुविधा के लिए प्रकृति पर अतिक्रमण कर रहे हैं, हजारों सालों से बनी प्राकृतिक व्यवस्था को बिगाड़ रहे हैं, तो प्रकृति अपना बदला तो लेगी ही। चाहे यह सब कुछ आम लोगों की सुख-सुविधा के लिए हो या वोट बैंक के राजनीतिकरण के कारण। सत्य तो यही है कि हम विकास के नाम पर प्रकृति का शोषण कर रहे हैं। अपनी भूख और वाहवाही के चलते हम प्रकृति के विनाश पर उतर आए हैं। और अब तक इसके विनाश की अवहेलना करते रहे हैं, और आज जब जरा सी बारिश होने पर हम सर्वनाश होते देख रहे हैं तो करोड़ों के आर्थिक नुकसान और जान-माल का लेखा-जोखा करने लगते हैं। लेकिन यह नहीं समझ रहे हैं कि प्रकृति का जो दोहन हम अब तक कर रहे थे और आज भी कर रहे हैं, वह बेहिसाब है। तो प्रकृति भी उसका लेखा-जोखा करेगी ही। लेकिन विकास की आँधी में हमने कभी इसके बारे में सोचा ही नहीं।

हमारे आर्थिक नुकसान की भरपाई तो हम कर लेंगे, लेकिन जिनके प्रियजन ऐसी आपदा में बेमौत जा रहे हैं, उनकी भरपाई कैसे होगी? सिर्फ शोक प्रकट कर देना या कुछ अनुदान दे देना क्या उनके परिजनों के घाव पर हमेशा के लिए मरहम लगा सकता है?

अभी भी वक्त है हमें रोक देना चाहिए इस विकास की नीति को, पहाड़ों पर होने वाले निर्माण कार्यों को, नहीं छेड़खानी करनी चाहिए प्रकृति के साथ और न ही प्रकृति पर अतिक्रमण करना चाहिए। अन्यथा जिस विकास को करने में हम सालों लगा देते हैं, प्रकृति उसे कुछ ही सेकंड में तबाह कर सकती है। अगर सालों से होने वाली इतनी दुर्घटनाओं से भी हम नहीं संभले, तो वह दिन दूर नहीं जब हर जगह हमें प्रकृति  तांडव करती नजर आयेगी और उस समय न कोई नेता नजर आएंगे, न कोई नीति निर्माता और न ही कोई वैज्ञानिक।

हमें समझना होगा कि आजकल होने वाली अधिकांश आपदाएं प्राकृतिक नहीं, मानव निर्मित हैं।और जब यह आपदा प्रकृति लाती है तो न अमीर देखती है न गरीब, न राजनेता देखती है न जनता, बस वह तो सर्वनाश करती है।

*** 






Comments

  1. Of course the humanity is heading for destruction by upsetting the hills and mountains via tunnels, not a single aota of doubt. By hammering the hearts of mountains can never ever be said development.

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]