आखिर क्यों - 6 (मायने संयुक्त परिवार के ) [Meanings of a Joint Family]
आज कुछ लिखने का नहीं बल्कि आप सभी लोगों से अपने मन में उठ रहे सवालों का जवाब जानने का मन कर रहा है। सवाल बहुत सीधा है लेकिन प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से हर किसी से जुड़ा हुआ है।
बचपन से संयुक्त परिवार
में रही हूँ, २०-२५ लोगों
का परिवार था और पता
ही नहीं चलता था कि कौन
मेरा और कौन पराया,
सभी अपने होते थे। सभी
का एक जैसा खाना,
पहनना, रहना, खेलना, पढ़ना और लड़ना - फिर
एक दूसरे को मना लेना। सभी भाई बहिन हमारे थे - चचेरे नहीं। मम्मी,
ताईजी और
चाचीजी सभी पर हमारा बराबर
का हक़ होता था।दादा
और दादी के वचन और
सलाह ही सर्वोपरि मानी
जाती थी। उस
समय वही हमारी दुनिया थी। आज
जब भी वो वक्त
याद आता है मन गदगद
हो जाता है - वो साथ गुजरा
हुआ वक़्त!
अब तो २-४
लोगों की ही दुनिया
सी रह गयी है
बस! जैसे जैसे समाज प्रगति की ओर बढ़ता
जा रहा है समाज भी
एकल परिवार की ओर बढ़ता
जा रहा है। दरअसल बच्चे अब इसी छोटी
सी २-४ लोगों
की दुनिया को ही परिवार
समझते है! ऐसा नहीं है कि संयुक्त
परिवार अब बिल्कुल ही
ख़त्म हो गए हैं
, अब भी बहुत परिवार
हैं जो साथ में
रह रहे हैं।
मेरा प्रश्न आप सभी
लोगों से यही है
कि क्या अब और पहले
के संयुक्त परिवारों में भावनाएं और अपनापन वैसा
ही है जैसा पहले
हुआ करता था?
गहराई से अध्ययन करें
तो लगता है कि "नहीं"..
अब वो पहले वाली
बात नहीं रही। अब
जो लोग बड़े संयुक्त परिवार में रहते हैं तो लगता है
सिर्फ अपने निज स्वार्थवश! अब बड़े लोग
साथ रहते हैं तो अपने बुढ़ापे
की असुरक्षा से सुरक्षित होने
के कारण और उनके बच्चे
साथ रहते है अपने बच्चों
की ठीक परवरिश की असुरक्षा के
कारण!! ऐसा मेरा मानना है।
परन्तु क्या ऐसी मनोदशा में साथ रहना सही है? क्या जहाँ हम साथ रहकर
भी अपने बच्चों को तेरा-मेरा
करना सिखा रहे हैं - वो ठीक है? परिवार में सभी सदस्य एक दूसरे के
साथ सामंजस्य बिठाने की कोशिश करने
की बजाए अपनी -अपनी मनमानी
करने में लगा हुआ है। सभी मन ही मन
एक दूसरे से कुछ कुंठित
से रहते है, अपने सुख दुःख परिवार
में किसी के साथ भी
साझा नहीं करते हैं और न ही
किसी से सलाह लेना
व सलाह देना उचित समझते हैं। वो
अपनी अपनी पसंद का ही ध्यान
रखते हैं। ऐसा लगता है कि स्वतंत्र
निष्पक्ष चंचल मन से ओत
प्रोत स्नेह और प्यार कहीं
अतीत के दामन में
धुंधला सा हो गया
है। अब
तो सब सिर्फ अपने
अपने कार्य, अपनी दिनचर्या, अपने कर्रिएर पर फोकस करते
से नज़र आते हैं - घर के अन्य
सदस्य की कोई परवाह
करता नहीं लग रहा है।
जब संयुक्त परिवार में रहते हुए भी सिर्फ अपने
बारे में ही सोचना है
तो ऐसे संयुक्त परिवार का क्या फायदा
है ? ऐसा संभव क्यों नहीं है कि परिवार
का हर सदस्य थोड़ा
थोड़ा सामंजस्य बिठाते हुए, सिर्फ "स्वयं" की बजाये "हम
सब" की सोच को
विकसित करे जिससे कि संयुक्त परिवार
में रह रहा हर
व्यक्ति किसी भी कुंठा से
ग्रसित न रहे। और
अगर हम ये सोच
विकसित नहीं कर सकते तो
ऐसे संयुक्त परिवार के क्या मायने
है जिसमें परिवार के सदस्यों में
मतभेद के साथ साथ
मनभेद भी विकसित हो
रहा हो। बुजुर्गों से हम सदा
से ये सुनते आ
रहे हैं कि अगर परिवार
में मतभेद है तो उसे
बैठकर सुलझाया जा सकता है
मगर मनभेद जब आ जाता
है तो उसका कोई
समाधान नहीं मिलता है।
तो फिर क्या मायने हैं संयुक्त परिवार के, जहाँ हम हमारे बच्चों
में अपने पराये का ज्ञान बाँट
रहे हैं। कटु सत्य तो यह है
कि बहुत सामंजस्य बिठाने पड़ते हैं, बहुत त्याग करने पड़ते हैं साथ -साथ रहने के लिए। पर अगर हम
ये सब नहीं कर
सकते हैं तो क्या बेहतर
नहीं है कि एकल
परिवार में ही रहा जाये
जहाँ सभी को अपनी अपनी
जिम्मेदारियों का भी अहसास
होगा और बच्चों को
भी हम हमारे हिसाब
से रहना सिखाएंगे ताकि न तो कोई
सामंजस्य बिठाना पड़ेगा न ही कोई
त्याग करना पड़ेगा... दरअसल न कोई रोक
टोक होगी और न ही
मनभेद! हो सकता है
अलग अलग रहने से जब भी
परिवार के अन्य सदस्यों
से मिलना होगा तो बिना किसी
मतभेद और मनभेद के
खुशिियों व हर्षोल्लास का
वातावरण कायम हो जायेगा।
आज बस इसी प्रश्न
का जवाब आप सब से
चाहती हूँ - बताएं जरूर।
"आखिर क्यों"
- संयुक्त परिवार में रहने वाला व्यक्ति को एकल परिवार
में ज्यादा खुशियां नज़र आती है और एकल
परिवार में रहने वाले व्यक्ति को संयुक्त परिवार
में। क्या इस मृग तृष्णा
का कोई जवाब मिल पायेगा?

Comments
Post a Comment