आखिर क्यों - 7 (दिल्ली मेट्रो – एक मूलभूत सुविधा का अभाव) [Delhi Metro - On the Lack of a Basic Facility]



कुछ दिनों पहले अपनी एक सहेली के  साथ सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो का इंतज़ार कर रही थी। तभी दो महिलाएं हमारे पास आकर पूछने लगी कि यहाँ शौचालय कहाँ है? हमें इस बारे में जानकारी नहीं थी और न ही कहीं हमने शौचालय का संकेत चिन्ह दिखा, और जहाँ तक हमारी जानकारी थी कि दिल्ली में मेट्रो के बहुत ही कम स्टेशन हैं जहाँ पर शौचालय की व्यवस्था है।  इसलिए हमने हमारी अनभिज्ञता दिखते हुए उन्हें कहा कि नीचे पूछताछ काउंटर पर जाकर पता करलो।

मगर वो दोनों शायद दिल्ली शहर से अनजान थी और अपने कुछ अपने साथियों का अगली मेट्रो से आने का इंतज़ार कर रही थी इसलिए वो नीचे पूछताछ काउंटर पर जाने से घबरा रही थी। तभी उनमे से एक महिला ने हमसे पुछा कि क्या यहीं किसी कोने में जाकर वो यूरिन जा सकती है ? हमने उन्हें बिलकुल साफ़ मना कर दिया और यह भी बताया कि यहाँ कैमरे लगे हुए है और तुम्हे भारी जुरमाना भी देना पडेगा खुले में यूरिन करने और मेट्रो के रख रखाव को गन्दा करने के जुर्म में।

उन लोगों की इस सोच पर हम दोनों सहेलियों के चेहरे पर आश्चर्य के साथ साथ घृणा के भाव उभर आये और हम दोनों के लिए यह एक गहन बातचीत का विषय बन गया कि ऐसे लोगों की सोच के साथ कैसे हमारे देश में एक सकारात्मक बदलाव आएगा और स्वच्छ भारत अभियान कैसे सफल होगा।??

परन्तु बातें करते करते हमारे घृणा के भाव सहानुभूति में परिवर्तित होने लग गए और हम यह सोचने लगे की ये सब तो मनुष्य के शरीर की एक प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है जिस पर हम नियंत्रण नहीं कर सकते। वो महिलाएं कबसे अपने घर से निकली होंगी और न जाने कब घर वापस पहुंचेंगी। उनकी गलती सिर्फ यही  तो है कि वो मेट्रो स्टेशन पर शौचालय नहीं होने की स्थिति में स्टेशन पर ही किसी कोने में जाकर इस प्राकृतिक प्रकिया से मुक्त होना चाहती थी। 

कोई व्यक्ति क्या करे उसे जब कोई सुविधा ही नहीं मिल रही है। आज दिल्ली मेट्रो ना केवल देश का सबसे बड़ा और व्यस्त मेट्रो नेटवर्क है बल्कि पूरे विश्व में सातवां सबसे बड़ा व्यस्ततम मेट्रो नेटवर्क है जिसमें लगभग २५० मेट्रो स्टेशन हैं और नए भी बनते जा रहे हैं।  लगभग २५-३० लाख लोग रोज मेट्रो से सफर करते हैं पर कितने मेट्रो स्टेशन हैं जहाँ पर शौचालय बने हुए हैं, क्यों इस मूलभूत सुविधा का मेट्रो प्राधिकरण ने ध्यान नहीं रखा....??


आश्चर्य की बात है कि १९७० में एक एन जी ओ ने सुलभ शौचालय जैसी सुविधा को आम पब्लिक के लिए स्थापित किया जहाँ पैसे देकर व्यक्ति उसे काम में ले सकता है।  एक बार सुलभ शौचालय बनवाने के बाद उसका कोई खर्चा नहीं है लोगों के द्वारा दिए गए पैसों से ही उसके रख रखाव का खर्चा निकलता रहता है और लोगों को रोज़गार भी मिलता है।  ऐसी छोटी छोटी पर अति आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध करा लेने से जनता को भी आराम है और हमारे देश की "स्वच्छ भारत" परियोजना में भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहयोगी है।

राजनितिक दांव पेंचों के अंतर्गत कुछ दिनों पहले महिलाओं को मेट्रो में मुफ्त सफर का प्रस्ताव दिया गया है जिसका सारा भार मेट्रो प्राधिकरण को ही सहना पड़ेगा - पर सुलभ शौचालय जैसी व्यवस्था के ऊपर किसी राजनीतिज्ञ, सरकारी तंत्र, पर्यावरण विशेषज्ञ या स्वयं मेट्रो प्राधिकरण का ध्यान अभी तक इस ओर आकर्षित क्यों नहीं  हुआ?

क्या इसके लिए भी जनता को एकजुट होकर लड़ना पड़ेगा, धरना देना होगा, भूख  हड़ताल करनी होगी या मोमबत्तियां लेकर जुलूस निकालना होगा?

विश्वस्तरीय मेट्रो नेटवर्क तो देश को मिल गया पर उसके साथ सुलभ शौचालय जैसी विश्वस्तरीय मूलभूत सुविधा का ध्यान नहीं रखा गया - !!!

आखिर क्यों?

Comments

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]