आखिर क्यों? - 16 (सरकारी मुफ्त सुविधाएँ?) ['Free' Government Services?]


वाह! फिर एक बार एक मुफ्त सौगात दिल्ली की महिलाओं के लिए ! मुफ्त बस यात्रा? महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और नया कदम - दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री अरविन्द केजरीवाल ने भैया दूज के पावन पर्व पर  दिल्ली की महिलाओं को यह नायाब तौहफ़ा  दिया है। दिल्ली मेट्रो में भी वो महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने वाले थे पर सभी तरफ से विरोध होने के कारण वो अभी इसमें सफल नहीं हो पाए और इससे सम्बंधित निर्णय के लिए एक समिति गठित कर दी गयी है। 

दोस्तों, मैं एक महिला हूँ और राजनीति के  दांव पेंच मुझे नहीं आते है ना ही मैं राजनीति की ज्ञाता हूँ  - मैं सिर्फ वही लिखने की कोशिश कर रही हूँ जो एक मध्यम वर्ग की महिला की सोच है।  पता नहीं क्यों राजनेताओं के द्वारा दी जाने वाली यह सुविधा किसी भी तरह से महिला सशक्तिकरण में योगदान दे रही हो मुझे नहीं लगता है। क्यों राजनेता अपने वोट बैंक के लिए अक्सर चुनावों के कुछ समय पहले ही ऐसी सुविधाओं की घोषणा कर देते है जो राजनीति से ज्यादा प्रेरित होती हैऔर चहुमुखी सामाजिक उत्थान से कम। 

अनुसूचित जाति व जन-जाति के लिए सिर्फ दस साल (1951 -1961) के लिए आये  आरक्षण बिल की सीमा को हर बार बढ़ा दिया गया। 1990 में वी.पी.सिंह सरकार के समय मंडल कमिशन की रिपोर्ट के बाद 27% आरक्षण ओ.बी.सी. को दे दिया गया, अब आरक्षण की सीमा 49.5 % हो गयी। 1992 में उच्चतम न्यायलय ने जाति के आधार पर कुल रिजर्वेशन की सीमा 50 % तय कर दी थी। 2019 में श्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने चुनावों से कुछ समय पहले आर्थिक रूप से कमज़ोर लोगों को यह कह कर 10 % आरक्षण दे दिया कि यह जातिगत नहीं है इसलिए उच्चतम न्यायालय के द्वारा बाँधी गयी 50 % की सीमा के आदेश की अवहेलना नहीं हो रही है। कुल मिलाकर सारांश यह है कि हर राजनैतिक दल अपने फायदे के लिए आरक्षण पर आरक्षण दिए जा रहा है। क्यों ये राजनेता नहीं समझ रहे हैं कि कुछ सालों के लिए सत्ता प्राप्त के लालच में वो समाज के एक वर्ग को हमेशा हमेशा के लिए कुंठित कर रहे है और दूसरे वर्ग को कामचोर बना रहे है। 

क्या किसी ने सोचा है कि जो व्यक्ति अपनी आय का एक बड़ा हिस्सा कर के रूप में दे रहा है उसको क्या प्रतिफल दिया जाये ? 
क्या किसी ने सोचा है कि जो छात्र कड़ी मेहनत करके अच्छे अंक ला रहा है उसकी काबिलियत को कैसे कुंठित होने से बचाया जाये ?
क्या किसी ने सोचा है कि इस आरक्षण से कुंठित होकर जो बुद्धिमान व्यक्ति हमारा देश छोड़कर जा रहा है उसकी योग्यता का फायदा हमारा देश कैसे उठाये?
क्या किसी ने सोचा है कि जिन व्यक्तियों को बिना योग्यता के उच्चतम स्तर तक पहुँचाया जा रहा है उसका खामियाजा आखिरकार किसको भुगतना पड़ेगा ?
क्या किसी ने सोचा हैं की मुफ्त दी जाने वाली सुविधाओं का आर्थिक भार किसके ऊपर आ रहा है ? नेताओं के ऊपर तो नहीं ना जो बड़े हक़ से अपने स्वार्थ के लिए इनकी घोषणा कर देते है। 

"दक्षिण अफ्रीका में एक विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वार पर, निम्नलिखित संदेश को चिंतन के लिए पोस्ट किया गया है:

"किसी भी राष्ट्र को नष्ट करने के लिए ना परमाणु बमों के उपयोग की आवश्यकता होती है और ना ही लंबी दूरी की मिसाइलों के उपयोग की .... इसमें केवल शिक्षा की गुणवत्ता को कम करने और छात्रों द्वारा परीक्षाओं में नकल करके धोखा देने की आवश्यकता होती है ..."परिणामतः  

"ऐसे डॉक्टरों के हाथों मरीजों की मौत हो जाती है ..."
"ऐसे इंजीनियरों के हाथों इमारतें ढह जाती हैं ..."
"ऐसे अर्थशास्त्रियों और एकाउंटेंटस  के हाथ से पैसा खत्म हो जाता है ..."
"ऐसे धार्मिक विद्वानों के हाथों मानवता मर जाती है ..."
"ऐसे जजों के हाथों न्याय खो जाता है ..."
"शिक्षा का पतन राष्ट्र का पतन है।"

क्या यह  सारगर्भित सन्देश हमें नहीं बता रहा है कि  योग्यता और बुद्धिमता से ओत-प्रोत हमारा  देश भी राजनेताओं के द्वारा थोपी गयी आरक्षण व्यवस्था तथा मुफ्त सुविधाओं  के दुष्परिणाम स्वरुप कहीं  पतन की  ओर तो नहीं जा रहा है ?

मुझे समझ नहीं आ रहा है कि क्यों  राजनेता अपने स्वार्थ में अंधे होकर आरक्षण तथा मुफ्त की रेवड़ियां बाँटने में लगा हुआ है? क्या ये नेता नहीं जानते कि मुफ्त में या बिना मेहनत के मिली किसी भी वस्तु की कोई कीमत नहीं होती है बल्कि उसका निश्चित दुरूपयोग होने लगता है। व्यक्ति को मूलभूत सुविधओं  नाम पर भ्रमित कर बिजली मुफ्त, पानी मुफ्त, यात्रा मुफ्त और भी न जाने कितनी अनगिनत सुविधाएँ मुफ्त देकर देश के करदाताओं के पैसे को बजाय देश के विकास के  उपयोग में  लेने के स्वार्थवश  मुफ्त में बाँट दिया जाता है। इन सुविधाओं को देने की जगह अगर रोजगार के अवसर उनकी काबिलियत के अनुरूप उपलब्ध करवाएं जाएँ तो क्या ज्यादा बेहतर नहीं होगा? क्या इससे उनका आत्म -सम्मान तथा आत्म -विश्वास नहीं बढ़ेगा? सचमुच -हम सभी के लिए यह एक गहन चिंतन की आवश्यकता है।  

अगर सुविधाये देनी हो तो ऐसी दें जो देश के विकास में अप्रत्यक्ष रूप से अपना योगदान करें जैसे कि अनेक यूरोपियन देशों ने देश को प्रदूषण तथा ट्रैफिक जाम से बचने के लिए किसी विशेष वर्ग को नहीं अपितु सभी नागरिकों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा मुफ्त दे रखी है - ऐसे देशों में लक्समबर्ग, टेलिन , डंकिर्क, टर्शवण,  रेनेसी आदि के नाम अग्रणी है। (सोर्स: न्यूज़ 18). 

आखिर क्यों? हमारे देश के नेता राजनेता नहीं समझ रहे हैं कि चंद सालों की सत्ता का उनका स्वार्थ पीढ़ियों को बर्बाद कर रहा है, मेहनती बच्चे कुंठित हो रहे हैं, आरक्षित बच्चे मेहनत नहीं करना चाह रहे हैं, बुद्धिमान बच्चे देश से बाहर  जाने की कोशिश में रहते हैं ताकी उनकी योग्यता का सही आंकलन हो सके। साथ ही  उनकी अभुतपूर्व काबिलियत को सही समय पर पहचान कर अन्य देश अपनी उन्नति मे  उनका योगदान प्राप्त कर रहे है । क्या कोई है ऐसी दमदार, ईमानदार सरकार जो अब तक दी जा रही सारी मुफ्त सुविधाओं तथा आरक्षण को बंद करदे ? मुफ्त में दी गयी सुविधाओं का लाभ उठाने की आदत को आगे चलकर बदलना मुश्किल ही नहीं अपितु असंभव है। और हाँ हमारे देश के खजाने में अगर इतना पैसा है तो बंद कर देना चाहिए करदाताओं से कर लेना ताकि वो भी कुंठित ना हो यह देखकर की उनकी  मेहनत की आय में से दिए गए कर को ऐसे लोगों को मुफ्त में बांटा जा रहा है जो अयोग्य एवं आलसी है।

Comments

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]