आखिर क्यों? - 19 (शिष्टाचार की दोहरी नीति) [Dual Policy of Etiquette]




हमारे यहाँ हर जगह पर कुछ न कुछ निर्देश व चेतावनी देते हुए बोर्ड आम तौर पर देखने को मिल जाते है। जैसे कि:

  • कूड़ा  कूड़ेदान में ही डाले। 
  • शराब पीकर गाडी न चलाये।
  • सिग्रेटे स्वस्थ्य के लिए हानिकारक है। 
  • सार्वजनिक स्थानों पर लिखा होता है, "एह राष्ट्रीय संपत्ति आपकी संपत्ति है, कृपया इसे न तोड़े, न चोरी करे और न ही गन्दा करे"।
  • यहाँ पेशाब नहीं करे। 
  • यहाँ पर थूकना मना है। 
  • फूल  तोड़ना मना है। 
  • यहाँ हॉर्न न बजाये। 
आदि आदि...

ऐसी ही अनेक बातें जगह जगह लिखी होती हैं। व्यक्तिगत रूप से यह सब पढ़कर मुझे बहुत शर्म महसूस होती है और मैं यह सोचने को मजबूर हो जाती हूँ कि यह सब लिखने की क्यो आवश्यकता है, क्या हम इतने भी समझदार नहीं कि बिना कही लिखे हुए भी इन नियमो का पालन करें।

क्या वहां लिखा होगा तभी हम कूड़ा कूड़ेदान में डालेंगे? क्या तभी हम सफाई रखेंगे? क्या जरूरत है इन सब बातों को सावर्जनिक स्थानों पर लिखने की? क्या हम सब  ये बेहद ही सामान्य से जीवन मूल्यों के बारे में भली-भांति वाकिफ नहीं हैं जिससे कि इन्हे दीवारों और दरख्तों पर लिखकर लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। क्या किसी के भी घर में ऐसा कुछ लिखा होता है कि सामान यथास्थान रखो, या कूड़ा कूड़ेदान में ही डालो या यहाँ गन्दगी ना फैलाओ - "नहीं" - किसी के भी घर में ये सब निर्देश नहीं लिखे होते हैं फिर भी घर का हर सदस्य यहाँ तक कि बच्चों को भी पता होता है कि कूड़ा कूड़ेदान में ही डालना है, जूते -चप्पल कहाँ खोलने हैं, कपडे कहाँ पर रखने हैं और गंदे बर्तन कहाँ रखने हैं। स्वाभाविक है घर के सब लोग ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि यह  सब कुछ अनुशासित तरीके से करना वो बचपन से ही  देखते आ रहे हैं। तो प्रश्न ये उठता है कि फिर यह अनुशासित आदत हम सार्वजनिक स्थानों के लिए अपने बच्चों में क्यों नहीं डालते हैं? बल्कि बच्चों के सामने ही बड़े लोग भी यहाँ वहां कूड़ा फेंक देते हैं, अपनी गाड़ी में पड़ा सामान सड़क पर बेफिक्र फेंक देते हैं, सिगरेट पीकर गाड़ी चलाते हैं, बार बार बेवजह हॉर्न बजाते हैं।

क्या सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना, बिना वजह ज्यादा हॉर्न न बजाना, धूम्रपान न करना, शराब पीकर गाड़ी न चलाना, और भी न जानें कितनी ऐसी बातें हैं जिन्हे यदि हम अपने जीवन में व्यावहारिक रूप से नहीं उतारेंगे तो बच्चों को ये अनुशासन कैसे सिखाएंगे? साफ है यदि घर की तरह हम बाहर भी अनुशासित रहेंगे तो निश्चित रूप से बच्चे भी उसका अनुसरण करेंगे और शायद वो दिन जल्दी ही आ जाये जब सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे साइन बोर्ड्स लगाने की जरूरत ही नहीं पड़े!

बहुत अशिष्ट  और असभ्य सा महसूस होता है जब जगह जगह ऐसा लिखा हुआ देखती हूँ। पर अफ़सोस हमारे देश में ऐसी मूलभूत बातें सीखने के लिए भी ये सब जगह जगह लिखना पड़ता है। पता नहीं क्यों लोग इसे अपना कर्त्तव्य नहीं समझते अपितु वो तो अपने देश की सम्पति और सौन्दर्य को निज समझकर उसका दुरूपयोग करने लगते हैं। आश्चर्य तो ये है कि सिर्फ अनपढ़ या कम पड़े-लिखे लोग ही नहीं बल्कि बहुत पढ़े लिखे बुद्धिमान लोगों को भी अनेक बार सार्वजनिक स्थानों पर ये सभी गलत काम करते हुए देखा है मैंने। उन्हे ऐसा करते हुए देखकर बिलकुल भी नहीं लगता है कि उनके हाव भाव में कोई ग्लानि या तिरष्कृति की कोई शर्म है।  शायद वो महसूस ही नहीं करते हैं कि वो कुछ गलत कर रहे हैं। और इसीलिए जगह जगह ऐसा लिख दिया जाता है जिससे कि उसे पढ़ने के बाद उनकी बुद्धि और आत्मा जागृत हो जाये!



पता नहीं कब हम अपने आपको एक जिम्मेदार नागरिक समझेंगे? कब यह समझेंगे कि जिस किसी भी कार्य से मुझे स्वयं को परेशानी होती है मेरे उसी कार्य से किसी और को भी परेशानी हो सकती है। मुझे अगर गन्दगी पसंद नहीं है तो मुझे भी गन्दगी फ़ैलाने का अधिकार नहीं है। अगर मुझे फूल सुन्दर लगते हैं तो किसी और को भी उन्हें निहारने का उतना ही अधिकार है। अनावश्यक हॉर्न बजने से अगर मुझे परेशानी होती है तो ऐसे ही मेरे हॉर्न बजाने से किसी और को भी परेशानी हो सकती है, आदि आदि...

आखिर क्यों? हम नहीं समझते है कि यह समस्त धरती हमारा घर ही तो है और इसमें रहने वाले हमारे परिवारजन हैं। धरती को साफ सुथरा रखना और ऐसे आचरण करना जिससे किसी को भी असुविधा न हो सिर्फ अपने बारे मैं ना सोच कर सब के बारे मे सोचे यही हमारा परम धर्म और नैतिक कर्त्तव्य है। हमें अपनी संकीर्ण विचारधारा को विस्तृत करना है, स्वार्थ से ऊपर उठना होगा, तथा जैसा माहौल मुझे स्वयं को चाहिए वैसा ही दूसरों को भी देने की कोशिश करनी होगी, तभी जगह जगह लिखे हुए इन सार्वजनिक निर्देशों की जरूरत नहीं होगी और तभी हम अपने आपको अशिष्ट व् असभ्य नहीं अपितु गौरवान्वित महसूस करेंगे। जरुरत है तो सिर्फ अपनी सोच बदलने की - कि किसी भी नियम का पालन मुझे इसलिए नहीं करना है की ऐसा कही लिखा हुआ है बल्कि इस लिए करना है की ऐसा करना मेरा नैतिक कर्तव्य है और तभी हमारा आचरण घर में तथा घर के बाहर एक समान नज़र आएगा। 

Comments

  1. बहुत सुन्दर लेख, बहुत अच्छी सोच। मेरा मानना तो यह है कि ऐसी बातें लिखी होने के बावजूद और ऐसी बातें पढ़ने के बावजूद हमारे चारों ओर तमाम ऐसे लोग हैं जो फिर भी वही हरकतें करते हैं जो स्पष्टतः प्रतिबन्धित वर्णित हैं। जो सच में शिष्ट हैं उन्हें तो वाकई ऐसे दिशानिर्देशों की आवश्यकता नहीं है, लेकिन जो अशिष्ट हैं वो ऐसे दिशानिर्देशों को ताक पर रखकर अपनी असभ्यता का परिचय देते हैं। "हमारा भारत महान" इस कथन को सत्य करने में हमें कम से कम पचास साल लगेंगे, ऐसा प्रतीत होता है।

    ReplyDelete
  2. Very well said Rekha didi!! This is so true!

    ReplyDelete
  3. रेखा, अत्यंत विचारशील विषय पर है तुम्हारा ये लेख!!
    आचार्य शान्तिदेव ने सातवीं शताब्दि में रचित बोधिचर्यावतार बौद्ध धर्म से संबंधित एवं संस्कृत में एक पद्यात्मक ग्रंथ लिखा था उसके ९१ वें पद में उस समय उन्होंने लिखा :
    दन्तकाष्ठस्य खेटस्य विसर्जनमपावृतम् ।
    नेष्टं जले स्थले भोग्ये मूत्रादेश्चापि गर्हितम् ॥91॥
    अर्थात “दातौन एवं कफ थूकने के पश्चात् उसे ढक देना चाहिए । इतना ही नहीं पानी, सार्वजनिक भूमि एवं आवासीय स्थल पर मूत्र आदि का त्याग निंदनीय कर्म है, अतः ऐसा नहीं करना चाहिए ।”
    15 शताब्दियॉं बीत गई आचार्य को लिखे हुए ... आज भी शिष्टाचार अन्तरमन की बजाय बेज़ुबान दीवारों पर लिखना पड़ रहा है और फिर भी पालन नहीं हो रहा है!! अफ़सोस !

    ReplyDelete
  4. After reading felt we r one family ..n taking care of our planet earth is very obvious ...nice thought

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]