आखिर क्यों? - 21 (शादियों में फ़िज़ूलखर्च की सार्थकता?) [Meaningfulness of wedding extravagance?]



कुछ दिनों पहले जयपुर में खंडेलवाल वैश्य महासभा के वार्षिक अधिवेशन में एक ऐतिहासिक व सराहनीय कदम उठाया गया था जिन्हे उस महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र गुप्ता ने बताया - जिनमे से प्रमुख हैं:
  1. शादी में 16 से ज्यादा व्यंजन न बनाये जाएँ।
  2. बहुत महंगे शादी के निमंत्रण पत्र न छपवाएं।
  3. प्री-वेडिंग शूट की कुप्रथा बंद करें।
  4. शादी में लिफाफे स्वीकार न करें।
  5. बढ़ते दहेज़ व तलाक के  मामलों को रोकने के लिए समाज के प्रतिष्ठित लोगों की एक समिति बनायी है जो कि परिवारों को टूटने से बचाएगी।

यह समाचार पढ़कर तो मेरा मन ख़ुशी से झूम उठा, मानो मेरी मन चाही मुराद पूरी हो गयी हो और मेरा सालों का सपना पूरा हो गया हो! क्योंकि जब भी मैं किसी भी शादी में जाती थी तो यह सब देखकर मेरा भी मन विचलित हो जाता था। समाज के मंच पर लिया गया यह फैसला समाज के बहुसंख्यक वर्ग को राहत की सांस देगा।

शादी दो दिलों तथा दो परिवारओं के अटूट मिलन का रिश्ता होती है जिसकी परिभाषा को गत कुछ सालों में पूर्णतः बदल दिया गया है। अब शादी दिखावे का रंगमंच बन गयी है। प्री-वेडिंग शूट, शादी के भारी-भरकम निमंत्रण पत्र, बड़े-बड़े मैरिज गार्डन किराये पर लेना, सभी राज्यों के तरह-तरह के पकवान रखना, फ़िल्मी डिज़ाइन में साज-सज्जा करवाना, किसी थीम के आधार पर शादी रखना यह सब व पैसों की फ़िज़ूल खर्ची नहीं तो और क्या है? 100-150 तरह के पकवान बनवाना एक फैशन या यूं कहिये कि स्टेटस सिंबल हो गया है - दरअसल इतने आये हुए मेहमानों में से एक व्यक्ति भी इतने सारे व्यंजनों का स्वाद नहीं ले सकता है। फिर क्या आवश्यकता या औचित्य है इतने तरह -तरह के व्यंजन बनवाने की? क्यों ऐसा करके हम अपने तन,धन, अन्न और वातावरण की बर्बादी कर रहे हैं?

अगर इतना ही पैसा खर्च करना है शादी के नाम पर तो समाज में कुछ उदाहरण प्रस्तुत करने चाहिए।
जैसे कि औरंगाबाद के व्यापारी मनोज मनौट ने किया, जिन्होंने अपनी बेटी की शादी में 90 बेघर लोगों को घर बनाकर दिये या फिर सूरत के व्यापारी महेश साहनी  की तरह जो  हर साल 150-200 लड़कियों की शादी कराकर उनका घर बसाते हैं और अब तक वो लगभग 3000 शादियां करा चुके हैं।

मैं यह नहीं समझ पाती हूँ कि ऐसे अच्छे कार्यों से हम प्रेरित क्यों नहीं होते? क्यों हम दिखावे या बेमानी सी स्पर्धा के लिए हमेशा तैयार से रहते हैं। शादी के निमंत्रण पत्र का ही उदाहरण ले लीजिये - हम इतने भारी और कीमती निमंत्रण पत्र छपवाते हैं यह जानते हुए भी कि निमंत्रण पत्र अपनों को शादी में सहर्ष बुलाने का एक जरिया मात्र है क्योंकि शेष भावनाएं तो हम अपने करबद्ध शब्दों से व्यक्त करते ही हैं फिर क्यों अनावश्यक रूप से इन पर इतना पैसा खर्च किया जाता है? समझदारी तो उसमे है कि उस पैसे को हम बचाकर कहीं और उसका सदुपयोग कर सकते हैं। हाल ही में मैंने देखा कि एक करीबी दोस्त के बच्चे की शादी में व्हाट्सप्प पर ही सारे निमंत्रण पत्र वितरित किये गए और सन्देश भी दिया गया कि प्रकृति को बचाने और पैसे का सही सदुपयोग करने के लिए हम निमंत्रण पत्र व्हाट्सप्प के जरिये ही भेज रहे हैं इसे ही औपचारिक निमंत्रण पत्र समझकर कृपया शादी में पधारिये। ऐसा करके उन्होंने अपना समय और पैसा दोनों ही बचाया है। कितना अच्छा कदम उठाया है ये - है ना? तो जरूरत है अपनी सोच बदलने की।

उच्वर्गीय लोगों को देखकर मध्यम या निम्नवर्ग भी उनकी बराबरी करने की कोशिश करता है और उसी दिखावे के अनुसरण में वह अपने जीवन भर की मेनहत की कमाई को कुछ ही घंटो की ख़ुशी और दिखावे में खर्च कर देता है। समय आ गया है कि हमें अपने समाज के प्रतिनिधियों द्वारा लिए गए इन गूढ़ निर्णयों का तहे दिल से स्वागत करने की और उनका अनुसरण करने की। शादियों में किये गए अनवांछित खर्च को रोकने के लिए समाज के इन फैसलों का पालन करने में हमारी युवा पीढ़ी का भी बहुत बड़ा हाथ है। अगर हर युवा ये दृढ-निश्चय करले कि वह अपनी शादी में किसी भी तरह फ़िज़ूल खर्ची नहीं होने देगा तो निश्चित रूप से समाज में बढ़ रही इन अनवांछित सामाजिक रीती-रिवाजों पर जल्द ही नियंत्रण किया जा सकता है। जाहिर है ऐसा करने से उनके माता-पिता की मेहनत से जुटाई गयी जीवन भर की पूँजी को भी  वो बचा सकते हैं।

समाजसंस्था द्वारा लिए गए इन सराहनीय क़दमों की श्रेणी में मेरा भी  एक व्यक्तिगत सुझाव है जो मैं  हमारे समाज के प्रतिनिधियों को देना चाहती हूँ - बहुत सी शादियों में देखा गया है की मेहमानों  की संख्या 4000-5000 या उससे भी ज्यादा हो जाती है। मेरा प्रश्न यही है कि क्या कोई भी मेजबान शादी के इन तीन-चार घंटो में इतने मेहमानो से मिलने की क्षमता रखता है?और इनमे से कितने लोग ऐसे होंगे जो दुल्हा -दुल्हन के पास व्यक्तिगत रूप से जाकर उन्हें भावी जीवन का शुभाशीष देते होंगे। फिर क्या मायने हैं इतने सारे लोगो  को  शादी में बुलाने की? अगर समाज के मंच पर यह भी एक नियम बन जाये तो शायद कम लोगों को बुलाकर अपने अपने तन -धन के साथ खाने की बर्बादी में भी कमी आ सकती है।


इसी दिशा में दिल्ली सरकार ने जुलाई 2019 को सोशल फंक्शन पालिसी का एक ड्राफ्ट कियातैयार है जिसे दिल्ली के मुख़्यमंत्री ने हरी झंडी भी दे दी है - इस ड्राफ्ट के अनुसार फार्म हाउस परिसर में पार्किंग के लिए जितना स्पेस है उस हिसाब से ही शादी में बुलाये जाने वालों मेहमानों की संख्या तय होगी। (सोर्स-नवभारत टाइम्स दिल्ली एडिशन 18 जुलाई 2019) अर्थात अप्रत्यक्ष रूप से अब सरकार भी इस दिशा में आगे आने लगी है जो कि मेरी नज़र में एक बहुत ही सराहनीय कदम है।

आखिर क्यों? जन-जनार्दन स्वयं ही जाग्रत नहीं होता है? क्यों समाज के कुछ लोगों को आगे आना पड़ता है ऐसे नियम बनाने की लिए? क्यों हम स्यवं नहीं समझते हैं कि शादी आत्मा का आत्मा से मिलन का एक पवित्र बंधन है जो दिखावे से नहीं, बड़ों के दिल से दिए गए आशीर्वाद से मजबूत बनता है। दहेज़ देकर या लेकर हम हमारे बच्चों की मनोदृष्टि  को विकृत कर रहे हैं। हम अपने अच्छे संस्कारों से अपने बच्चों का जीवन सुखमय व खुशहाल बाना सकते हैं न कि दिखावे की मानसिकता से। इसलिए कुछ अच्छा कर के ना केवल अपने बच्चों के मन में,बल्कि समाज में भी एक उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं। हमें समाज में अपना आदरणीय स्थान बनाये रखने का सतत प्रयास करना चाहिए। हर व्यक्ति "मैं" से इन कदमो की शुरुआत करे तो समाज सुधार की दिशा में यह उसका अविस्मरणीय योगदान होगा। साथ ही यह भी सोच रखे की "जो सच में आपके अपने हैं वो आपके द्वारा किये गए हर कार्य की सराहना करेंगे और जिन्हे आलोचना करनी है वो कहीं भी पीछे नहीं रहेंगे" जरूरत है तो बस अपनी इच्छाशक्ति को मजबूत करने की।

Comments

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]