आखिर क्यों? - 22 (अनियंत्रित मन के परिणाम) [ Consequences of an Uncontrolled Mind]



'शॉर्ट-टेम्पर्ड' बहुत प्रचलित शब्द होता जा रहा है आजकल। गुस्सा, चिड़चिड़ापन, बात-बात पर परेशां हो जाना,मार-पीट, तनाव आदि सभी मानव स्वभाव की एक प्रकृति के पर्याय लगते है। ऐसा स्वभाव  दिन-प्रतिदिन लोगों में बढ़ता जा रहा है। छोटे बच्चे से लेकर बुजुर्ग व्यक्ति तक में इस तरह की प्रवृति ज्यादा देखने को मिल रही है। धैर्य,सहनशीलता,सब्र  जैसे शब्द तो स्वभाव से  प्रलुप्त होती प्रजाति की तरह होते जा रहे हैं।

कुछ दिनों पहले अखबार में भी एक रिसर्च प्रकाशित हुई थी जिसमे बताया था कि आजकल स्कूल व कॉलेज में भी बच्चों को बुली  करने की घटनाएं काफी ज्यादा बढ़ गयी हैं। रिसर्च में बताया कि बुली  होने वाले छात्र-छात्राएं ताउम्र हीन भावना के शिकार रहते हैं,निराशा,अकेलेपन से ग्रसित हो जाते है, किसी भी कार्य के प्रति उनकी रूचि खत्म हो जाती है, स्वास्थ्य बिगड़ने लगता है, साथ ही वे अपना शैषणिक स्तर को भी गिराने लगते है, कभी कभी तो  ये बच्चे स्कूल तक जाना छोड़ देते है। साथ ही यह भी बताया गया है कि बुली करने वाले छात्र-छात्राओ में इस प्रवति की झलक बड़े होने पर भी नज़र आती है। ऐसे बच्चे अपराधिक गतिविधियों की और अग्रसर होने लगते है, किसी भी तरह की बुरी लत के शिकार जल्दी ही हो जाते है,अपने परिवार के लोगो के साथ हिंसात्मक व्यवहार करते है।

सड़क पर आये दिन हिंसक घटनाएँ बढ़ने लगी है, छोटी-छोटी बातों से क्रोधित होकर लोग हाथापाई करने लगते है, गलत भाषा का प्रयोग करने लगते है। रेस्टोरेंट मे खाना थोड़ा देर से मिला तो गुस्सा, खाना अच्छा नहीं तो गुस्सा,गाड़ी चलाते समय किसी से अनजाने मे भी गाड़ी टकरा गयी तो गुस्सा,और कोई आगे निकल गया तो गुस्सा? ये सब ऐसी बाते है जिन्हे उस मौके पर स्वनियंत्रण कर के आसानी से रोका जा सकता है लकिन आजकल अहंकार इतना बढ़ गया है कि कोई भी सामंजस्य करने के इच्छुक ही नहीं लगता है।

तो सवाल यह उठता है कि बच्चों या बड़ों में बढ़ते जा रहे आक्रोश या हिंसा का क्या कारण है? मेरी नज़र में  इसके अनेक  कारण है जिसमें एक है  प्रदूषित वातावरण ,अत्यधिक शोर- शराबा ,दूषित हवा। अन्य सामाजिक कारण में है - एकल परिवार,बढ़ती महत्वाकांक्षा, स्पर्धा की भावना, एक या दो ही बच्चों का घर में होना, माता-पिता द्वारा हर चीज़ आसानी से उपलब्ध करा देना,माता-पिता के मधुर  सम्बन्धो का न होना, तथा निज-स्वार्थ से सरोबार रहना, "सिर्फ मैं, "मेरा", "मुझे" की धारणा रखना आदि। वहीँ तामसिक खाने का प्रचलन बढ़ना भी एक मुख्य कारण है।
समाज में बढ़ते ऐसे स्वभाव से चिंतित होकर सरकार, एन.जी.ओ. और स्कूल प्रशासन भी आगे आने लगे हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूल मे एक नया विषय हैप्पीनेस जोड़ा गया है जिसके तहत न कोई परीक्षा होगी, न कोई गृहकार्य मिलेगा और न ही कोई नंबर होंगे। बच्चों को अपनी आँख बंद कर के गहरी श्वास लेना,उस समय अपने लिए कुछ अच्छा सोचना और जो आपके लिए कुछ भी अच्छा करते है उनके बारे मे अच्छा सोचकर उनके प्रति कृतज्ञ होना आदि सिखाया जाता है। स्कूलों में हैप्पी ज़ोन्स बनने लगे हैं जिसमे सबको खुश रहना होता है चाहे वो बच्चे हो, अध्यापक हो या अन्य स्टाफ। पर इन सब के साथ क्या यह  बेहतर नहीं होगा कि हम हमारे मुलभूत आचार-विचार, व्यव्हार तथा परिवेश में ही बदलाव लाने की कोशिश करें? क्या ये ठीक नहीं होगा कि अपने साथ जैसी भी विषम समस्या चल रही हो उसे जाने दो (लेट गो) वाली दार्शनिक सोच को अपनाएं और अपने बच्चो को भी ऐसा सिखाये? जरूरी तो नहीं कि छोटी-छोटी  बातों को लेकर हम निरंतर सोचते ही रहें और अपने दिमाग में उसे घर कर जाने दे। 

अनेक बार देखा गया है कि हम बड़े शांत मन से किसी को फ़ोन करते हैं और फ़ोन रिसीव करने वाले व्यक्ति के शुरुआती बात करने मात्र से ही पता चल जाता है उस व्यक्ति का मूड ठीक नहीं है, वो गुस्से में है या फिर किसी अनावश्यक विकार से ग्रसित है। प्रश्न यह उठता है कि ऐसा होता ही क्यों है? हम सामने वाले व्यक्ति को अहसास ही क्यों होने देते है की हम किसी बात से क्रोधित है। हमारा अपनी भावनाओं पर नियंत्रण क्यों नहीं होता है।महात्मा बुद्ध ने भी कहा है कि "जिस व्यक्ति में क्रोध नहीं होता है वह ही सबसे खुशहाल व्यक्ति है।" 

आखिर क्यों? हम हमारी नकारात्मक भावनाएं दूसरे व्यक्ति को स्थान्तरित कर देते हैं? कई बार माता-पिता अपने गुस्से पर नियंत्रण नहीं कर के किसी और बात का गुस्सा अपने बच्चों पर हाथ उठाकर निकाल देते हैं क्योकि बच्चे उनसे कमजोर है पर इसका अप्रत्यक्ष रूप से बच्चों पर कितना  बुरा प्रभाव पड़ता है यह माता-पिता समझ ही नहीं पाते है।फिर यही गुस्सा बच्चा अपने से कमजोर व्यक्ति चाहे वो घर में उसके छोटे भाई-बहन हो या स्कूल में उसके सहपाठी हो उन पर निकालने की कोशिश करता है। इन सब प्रश्नों का हमें ठंडे दिमाग से मूल्याङ्कन करने की जरूरत है।बचपन मे मिला वातावरण एक बच्चे को ही नही,ताउम्र उस से जुड़े लोगो को भी प्रभवित करता है। सार्वजानिक वस्तुओं को नुकसान पहुँचाना,बुली करना,बात-बात पर घर या घर के बाहर झगड़ा करना, एक निराधार व संकुचित विचारधारा है जिसके विषम दूरगामी परिणामों की भी हमें चिंता करनी चाहिए। ऐसे हालातों में वहीँ कुछ क्षण हम अपनी मनोस्थिति पर नियंत्रण करलें तो हम बहुत कुछ सुधार ला सकते हैं। जरुरत है गंभीरता से सोचने और आत्मचिंतन करने की।  तथा इसकी शुरुआत हमें अपने आप से व अपने  घर ही करनी होगी।अपने आस-पास के वातावरण को सौहार्दपूर्ण बनाना होगा। तभी हम एक सभ्य व सुन्दर समाज बना सकते है जिसमे प्रत्येक व्यक्ति बिना डर के अपने व्यक्तित्व को निखार सके,एक सही दिशा दे सके।

Comments

  1. बहुत ही सटीक विश्लेषण। वास्तव में हमारी पूरी शिक्षा का कोई अर्थ नहीं रह जाता है जब तक हम भावनात्मक स्थिरता (Emotional Stabilty) बनाये रखने में समर्थ नहीं हो पाते। कारण चाहे जो भी हो, हर समस्या का कोई तो समाधान होता ही है। बस गौर करने की और आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है, व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक स्तर पर। आपने समस्या का प्रभावशाली समाधान भी सुझाया गया है। इतने प्रासंगिक विषय पर चेतना जगाने का आपका प्रयास सराहनीय है। धन्यवाद।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]