आखिर क्यों? – 28 (कुरीति भी रीति) [Bad Traditions Still Prevalent]
हमारा भारतवर्ष आज भी उन महान देशो में आता है
जो अपनी वर्षों से चली आ रही परम्पराओं और रीति- रिवाजों का आज भी अनुसरण करता है।
सदियों पहले ही हमारे पूर्वजों ने सभी तीज त्यौहार,रीति रिवाज हमारे देश की प्रकृति,जलवायु तथा मौसम को देखते हुए बनाये थे। जिनका आज आकलन करते
है तो सभी विज्ञानं की कसौटी पर भी खरे उतरते है। यहाँ तक की सूर्य, चन्द्रमा, धरती, पेड-पौधे सभी की
महत्ता को जानते हुए उन्हें भी देवी-देवता तुल्य बताया ताकि मानव किसी भी तरह
हमारी प्रकृति को नुकसान न पहुँचाये। क्योकि वो जानते थे कि प्रकृति है तो जीवन
है।
समय-समय पर हमारे देश में आने वाले बाहरी
आक्रमणकर्ताओं ने हमारी परम्पराओं को तहस-नहस करने की बहुत कोशिश की, पर हमारी संस्कृति की जड़ें इतनी मजबूत थी कि वो इसमें
ज्यादा कुछ परिवर्तन नहीं कर सके। इन आक्रमणकारियों के
अत्याचारों से बचने तथा अपनी महिलाओं को इनसे सुरक्षित रखने के लिए कुछ बदलाव
समयानुसार किये गए थे, जिसमें पर्दा-प्रथा, बाल-विवाह, सती प्रथा, अशिक्षा, विधवा महिला को अलग रखना आदि कुरीतियाँ विकसित
हो गई। धीरे-धीरे ये सभी हमारी
संस्कृति में इतनी आत्मसात हो गई कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाये गए ये नियम
हमारे गौरवान्वित हिन्दु धर्म को कलंकित करने लगे।
फिर भी राजनितिक स्वतंत्रता संग्राम के साथ-साथ हमारे देश में अनेक समाज
सुधारक भी हुए थे जिन्होंने सामाजिक स्वतंत्रा के लिए भी संघर्ष किया था। जिसमें
प्रमुख समाज सुधारक थे - स्वामी दयानन्द सरस्वती,राजा राम मोहन रॉय, स्वामी विवेकानन्द, मदर टेरेसा आदि। जिनके अथक प्रयासों से हमारे
समाज में प्रचलित कुरीतियों में बहुत हद तक सुधार हुआ है, लोग अपने आप को बदलने लगे है, अपनी सोच को बदलने लगे है। समाज सुधारकों की
जाग्रत विचारधारा को मानने लगे है।
पर इतने प्रयासों तथा शिक्षा प्रसार के बाबजूद
समाज का एक तबका है जो अब भी कुछ प्रचलित कुरीतियों से बाहर निकलना ही नहीं चाहता
है। खुले मंच पर इन कुरीतियों का विरोध करता है, सोशल मीडिया पर जागरूकता
के संदेश भेजता है, पर बात जब स्वंय की आती है तो उन का पालन करता
है धर्म के डर से या कुछ अनिष्ट न हो जाए इस डर से। क्यों व्यक्ति यह नहीं समझता
है कि जब तक वह अपनी कथनी और करनी में समानता नहीं लाएगा तब तक कैसे हमारा समाज इन
कुरीतियों से मुक्त होगा।
वक्त बदल रहा है और वक्त के अनुसार हर युग की
प्रथा और परम्पराओं में बदलाव भी आये है और आने भी चाहिए तभी हम सही मायने में
अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा कर पाएंगे। हमें यह समझना होगा कि कोई भी रिवाज
जिसके कारण किसी को भी शारारिक, मानसिक, आर्थिक या भावनात्मक रूप
से तकलीफ हो या नुकसान करे, वह कुरीति है और उसमें बदलाव की आवश्यकता है तथा हमें उसका
खुले रूप से विरोध करना चाहिए। पर सत्यता यह है कि आज के इस वैज्ञानिक व तार्किक
युग में भी जब किसी व्यक्ति के द्वारा इन कुरीतिओं का विरोध किया जाता है या बदलने
की कोशिश की जाती है तो उस व्यक्ति को धर्म विरोधी व समाज विरोधी बता दिया जाता
है। दुःख इस बात का होता है कि समाज के बुजुर्ग, पढ़े -लिखे समझदार लोग भी
दबी जुबान में इन कुरीतियों का विरोध तो करते हैं और विरोध करने वाले का समर्थन भी
करते है, पर अकेले में। यह कहकर चुप हो जाते है कि
"हमें क्या लेना देना है।" तथा समाज के
सामने चुप रहकर उस कुरीति को अपनी मौन स्वीकृति दे देते है। अगर किसी जिज्ञासु के
द्वारा उस रीती को मानने का कारण पूछा
जाता है तो या तो उसे चुप रहने को कह दिया जाता है या समाज के सामने उसकी आलोचना
इस कदर कर दी जाती है कि वह दुबारा किसी गलत प्रथा के विरोध में अपनी आवाज ही न
उठा पाए।जबकि होना यह चाहिए की सभी लोग सच्चाई
का साथ दे। क्या फायदा ऐसी शिक्षा तथा आधुनिकता का जिसमे व्यक्ति गलत के खिलाफ न तो स्वयं बोल पाता है और न ही बोलने वाले का
समर्थन कर पाता है। इस से भी ज्यादा तकलीफ उस समय होती है जब व्यक्ति इन कुरीतियों
को मानता है पर खुले आम इनको स्वीकार करने की हिम्मत नहीं करता है। जाहिर है कि वो
जानता है कि वह जो कुछ कर रहा है वह गलत कर रहा है। फिर यह समझ के परे है कि जब
गलत मानता है तो करता क्यों है और करता है तो स्वीकार करने में मुश्किल क्यों है? या फिर विरोध
करने वाले को, उसे यह कहकर चुप करा देना
चाहिए कि जिस भी रिवाज (कुप्रथा, विरोध करने वाले
की नज़र में) को वह मान रहा है वह उसकी नज़र में सही है।
सार यह
है कि ऐसे लोगों को न तो खुलकर अपनी बात का समर्थन करना आता है न ही विरोध करने
वाले को कोई तार्किक कारण देकर उसकी जिज्ञासा शान्त करना आता है।
आखिर क्यों। लोग नहीं समझते है कि अगर एक सही
आवाज को दस आवाज का सहारा मिलता है तो वह समाज की आवाज हो सकती है, वह एक वैचारिक क्रांति बन सकती है। वह उस कुरीति को बढ़ावा देने वाले व्यक्ति
को अहसास करा सकती है की वह जो कर रहा है वह गलत है और शायद उस व्यक्ति की सोच
बदलने में अपना एक महत्वपूर्ण योगदान भी दे सकती है। आज सोचते है तो लगता है कि
कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ा होगा, कितनी आलोचनाएं सहन करनी
पड़ी होगी, हमारे समाजसुधारकों को जिन्होंने इन कुरीतियों
के विरोध में आवाज उठाने का बीड़ा उठाया होगा। उस समय तो हमारा समाज इतना शिक्षित
भी नहीं था, लेकिन उम्मीद की एक किरण थी उन के अंदर,एक जज्बा था लोगो का भला करने का, लोगों की सोच बदलने का, हमारे समाज को सुधारने का,
हमारे हिन्दु धर्म को
गौरवान्वित करवाने का तथा भारतवर्ष को फिर से धर्मगुरु बनवाने का जिसके सहारे वो
आगे बढ़ गए बिना किसी की आलोचना की परवाह किये।

समाज के ऊंचे तबके से शुरू हुए रीति रिवाज कब कैसे कुरीतियों में बदलते गए, इस संबंध में कई कहानियाँ इतिहास में दर्ज है। मनुष्य की स्वार्थ परता, मौकापरस्ती ,और लालच के चलते आज भी कई कु प्रथाएं और भी ज़्यादा कुरूप होकर अस्तित्व में बनी हुई है। राजस्थान में ही कई कु प्रथाएं ऐसी है, जिनमे स्त्रियां इस तरह कैद होकर रह गई हैकि हम स्त्रियों की आजादी का कितना ही ढोल पीटे, उन्हें उससे मुक्ति मिलना असंभव है क्योंकि कहीं कहीं वो उस बंधन को इस कदर आत्मसात कर चुकी है कि उसे वो ही अपनी नियति लगने लगा है और कही कही पुरुष समाज की स्वार्थी प्रवर्ती जिसने उसे एक खरीदने और बेचने की वस्तु भर बना दिया है। नाता प्रथा एक ऐसी ही कु प्रथा है।
ReplyDeleteआज हम जिस समाज व्यवस्था में जी रहे है, वहां बदलाव तो बहुत आ रहे हैं ,किंतु वहां नही जहां आना चाहिए। आज कुछ ही लोग बचे है जो भारतीय संस्कृति और सभ्यता की दुहाई देते हैं, हमारे देश की विडंबना यही है कि ना हम रीतियों कों कुरीति बनने से बचा सके और ना अब अपनी संस्कृति को बचा पा रहे हैं, ।
अत्यंत स्पष्ट व दूरदर्शी लेख !
ReplyDeleteप्रथाएँ, परम्पराएँ व कुरीतियाँ- इनमें से कुछ ही उपयोगी होती हैं, शेष तो गये गुज़रे ज़माने की एसी स्मृति मात्र होती हैं जिनकी अब कोई उपयोगिता नहीं रही। हो सकता है किसी ज़माने में कोई कारण ऐसा रहा हो जिसमें ये बातें प्रयुक्त हुई हो / समझी गई हों जो आज अनावश्यक और उपहासास्पद मात्र रह गई हैं । वक़्त और विवेक की माँग है कि रीति रिवाजों में से कुरीतियाँ निकालने का विश्लेषण किया जाए और उनमें से केवल उन्हीं को अपनाया जाये जो आज की परिस्थितियों में उपयोगी और आवश्यक हैं । आप लिखती रहिये 🙏