आखिर क्यों? - 31 (हर दिवस महिला दिवस नहीं?) (Why Everyday Not a Women’s Day?)
अंतराष्ट्रीय महिला दिवस
की मेरे सभी मित्र गणो की बहुत बहुत बधाई!
करीब सौ साल पहले से
विश्व में महिला दिवस मनाया जा रहा है और संयुक्त राष्ट्र संघ ने 1977 में प्रतिवर्ष 8 मार्च को इसे अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाने
की घोषणा की। महिलाओं के सशक्तिकरण, उनके अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें बराबरी का दर्जा देने के लिए प्रतिवर्ष 8 मार्च को इसे मनाया जाता रहा है। 100 साल से ज्यादा का वक़्त निकलने के बाबजूद भी
महिला पुरुष की समानता का मापदंड हम अभी तक प्राप्त नहीं कर पाए है। विश्वव्यापी
आकड़ों की माने तो अभी भी शिक्षा,स्वास्थ्य व
सामाजिक स्तर पर महिलाओं की दशा दयनीय स्तर पर है। वर्ल्ड इकनोमिक फोरम (W.E.F.) के अनुसार वर्ष 2186 तक ही हम स्त्री-पुरुष के मध्य के भेद-भाव को खत्म कर पाएंगे।
दुनियाँ में इस असमानता के व्यवहार से सभी को रूबरू कराने के लिए तथा महिलाओं को
अपने अधिकारों से परिचित कराने के लिए ही महिला दिवस मनाया जाता है।
पर क्या महिलाओं के लिए
मनाये जाने वाले इस दिवस का महिलाओं के लिए कोई औचित्य है?
जब तक कि हम सिर्फ एक दिन
नहीं, बल्कि हर दिन महिलाओं को
सम्मान न दें।
जब तक कि हर दिन उन्हें
उनकी आजादी का अहसास न होने दें।
जब तक की हर बात पर उनके
ऊपर अंगुली उठाना बंद न कर दें।
उन्हें निडर करके स्वच्छन्दता
से विचरण न करने दें।
उनके द्वारा किये गए छोटे
से कार्य की भी सराहना न करें ।
उन्हे भी निर्णय लेने की
आजादी न दे दी जाए।
सबसे महत्वपूर्ण तथा
जरुरी बात कि हर बार उसे ही सामंजस्य करने की सलाह न दी जाए
और जब तक उसके आत्मसम्मान
की भी रक्षा न की जाये।
महिला दिवस पर प्रतिवर्ष
नयी नयी योजनाओं की उद्घोषणा की जाती है। बड़ी-बड़ी कंपनियों के द्वारा सामानों में
छूट दी जाती है। सोशल मीडिआ पर संदेश भेजे जाते हैं। बस हो गया महिला दिवस! क्या
हम सभी मिलकर कोशिश करते है कि आज महिला दिवस पर कोई ऐसा काम करने का निश्चय करे
जिस से हम हमारे (घर की महिला हो या अपने साथ काम करने वाली सहकर्मी महिलाएं),
को अच्छा लगे। उनकी स्थिति को सुधारने की कोशिश
करे या उनके अधूरे सपनो को पूरा करवाने में अपना योगदान दे। सिर्फ एक दिन के लिए
महिला दिवस मनाना तो सिर्फ औपचरिकता मात्र नहीं है?
बहुत कम लोग होंगे शायद
जिन्होंने घर में किसी महिला के ऊपर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठायी हो या
सड़क पर किसी महिला के ऊपर हो रही छींटाकशी का विरोध किया हो या अपने ऑफिस में किसी
महिला मित्र को परेशान किया जा रहा हो तो उसकी आवाज को अपनी आवाज भी दी हो। कोई भी
रिश्ता हो, सब यही सलाह देते है कि
तुम सामंजस्य कर लो, क्या फर्क पड़ेगा।
तुम्हे ही हम समझा सकते है किसी और को क्या समझाएं?अभी हाल में सिनेमा घरों में आयी एक फिल्म 'थप्पड़' भी इसी मानसिकता को दर्शाती है कि हर व्यक्ति यही सलाह देता है कि क्या फर्क
पड़ता है पति ने एक थप्पड़ ही तो मारा है। एक थप्पड़ बस!!!! नहीं यह सिर्फ एक थप्पड़
नहीं, एक औरत का आत्मसम्मान है
जो हर हाल मे आदरणीय है और उसकी क़द्र करना हर व्यक्ति का कर्त्वय है।
इस महिला दिवस की
सार्थकता स्वंय महिला को समझनी होगी। अपनी मदद के लिए उसे किसी का सहारा नहीं लेना
है स्वंय अपने आप को मजबूत करना होगा। स्वंय का सहारा स्वंय को बनना होगा। जिस
व्यक्ति के आत्मसम्मान को ठेस पहुँचती है दर्द उसी को होता है और अन्य किसी भी
व्यक्ति को उसका अहसास हो ही नहीं सकता, और कोई उस दर्द की पीड़ा को समझ भी नहीं सकता है। महिला को मानना होगा की वह इस
सृष्टि की अनुपम रचना है वह है तो घर है, घर की रौनक है, मकान को घर बनाने
की शक्ति है,तीज त्यौहार है, परम्परा है।
हमेशा हमेशा से कहा जाता
रहा है कि हर कामयाब पुरुष के पीछे महिला का हाथ होता है। इसलिए अगर किसी पुरुष को
कामयाबी मिलती है तो महिला को श्रेय जरूर लेना चाहिए और यह समझना चाहिए कि
अप्रत्यक्ष रूप से कहीं ना कहीं कोई ना कोई बलिदान तो होगा ही उसका, चाहे वह समय का हो, मेहनत का हो या फिर कोई छोटी मोटी सलाह का - योगदान तो
योगदान ही है।
जब तक हम स्वयं हमारी पीठ
नहीं थपथपायेंगे कोई नहीं आएगा हमारी तारीफ करने के लिए हमें वादा करना होगा अपने
आप से, अपने स्त्रीत्व से कि
मुझे मेरी आवाज बनना है। कई गुना आत्मविश्वास बढ़ेगा अपनी ऐसी सोच बनाकर। फिर किसी
की ताक़त नहीं होगी आपसे गलत व्यव्हार करने की या हमेशा आपसे ही उम्मीद नहीं होगी
समझौता करने की बल्कि आपकी एक आवाज के साथ अन्य दस आवाज भी उठने लगेंगी।
2500 वर्ष पहले महात्मा गौतम बुद्ध ने अपने शिष्यों को कहा था कि "अप्प दीपो भव" अर्थात अपने दीये स्वयं बनो! आज के परिवेश में भी हम महिलाओं के लिए ये अमर वाणी बेहद प्रासंगिक है जिसका हम सबको निरंतर अनुसरण करना चाहिए।
2500 वर्ष पहले महात्मा गौतम बुद्ध ने अपने शिष्यों को कहा था कि "अप्प दीपो भव" अर्थात अपने दीये स्वयं बनो! आज के परिवेश में भी हम महिलाओं के लिए ये अमर वाणी बेहद प्रासंगिक है जिसका हम सबको निरंतर अनुसरण करना चाहिए।
आखिर क्यों? हम महिलाओं को नहीं सिखाया जाता है कि 'गलत' गलत होता है और उसे बर्दाश्त करके हम उस "गलत" को ही बढ़ावा देते हैं?
किसी भी "गलत" को छोटा समझकर शांत
नहीं होना चाहिए। क्यों नहीं बचपन से ही सिखाया जाता है कि अकेले भी महिला आवाज
उठा सकती है? मत देखो किसी की ओर दयनीय
स्थिति से कि वह आपका साथ देगा। स्वयं आगे बढ़ो। गलतियों तथा अत्याचारों का विरोध
करते हुए अपने अधिकारों की रक्षा तथा कर्तव्यों का पालन करना ही हम महिलाओं का
लक्ष्य होना चाहिए। इस महिला दिवस पर हमें यह संकल्प लेना है कि मैं स्वयं की आवाज
बनूंगी, स्वयं के अधिकारों के लिए
स्वयं पहली आवाज उठाउंगी शायद तभी हम इस महिला दिवस की सार्थकता को समझ पाएंगे।
इस कविता में देखिये किसी
ने क्या खूब शब्दांकित किया है नारी की सक्षमता को:
नारी तुम प्रेम हो,आस्था हो,विश्वास हो
टूटी हुई उम्मीदों की एक
मात्र आस हो
हर जान का तुम ही तो आधार
हो
नफरत की दुनिया में तुम
ही तो प्यार हो
उठो अपने अस्तित्व को
सम्भालों
केवल एक दिन ही नहीं
हर दिन के लिए तुम खास
हो।
https://www.freepik.com/free-photos-vectors/background

महिला दिवस पर प्रासंगिक एवम सटीक लेख। आपने ब्रह्माण्ड में नारी शक्ति की महत्ता को रेखांकित किया है एवम उन समस्त कारणों की विवेचना की है जिनके कारण स्त्रीशक्ति को अपनी गरिमामय स्थान से वंचित रखा गया है। आपने उन सब बिन्दुओं पर प्रकाश डाला है जो स्त्रीशक्ति के गौरव को सही स्थान तक पहुंचाने के लिये अपेक्षित हैं।
ReplyDeleteपुरुष समाज ने स्त्रीशक्ति को कमतर आंकते समय यह गंभीर भूल की है कि उसकी उत्पत्ति और उसका अस्तित्व स्त्रीशक्ति से ही है।
कभी मज़हब और धर्म की आड़ में स्त्रीशक्ति को काले परदे के अंधेरे में झोंका गया है तो कभी परम्पराओं के नाम पर अत्याचार का शिकार बनाया जाता रहा है।
लेकिन अब विश्व बदल रहा है पश्चिमी देशों में नारी पुरुष का भेद शून्य के समान है। टर्की जैसे मुस्लिम देश में राष्ट्रप्रति Ataturk के प्रयासों से महिलाओं की स्थिति में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। हमारे देश में भी मानसिकता बदल रही है हमारा देश भी Male Chauvinism से आजाद होने की राह पर है।
समय आयेगा, लेकिन अवश्य आयेगा जब स्त्री पुरुष का भेद केवल शारीरिक स्तर पर सिमट जायेगा। सामाजिक रूप से सारे भेद मिट जायेंगे।
वो सुबह कभी तो आयेगी।
रेखा - बहुत ही गूढ़, चिन्तनशील और हज़ारों संदेश देने वाला है तुम्हारा ये महिला दिवस पर ब्लॉग!
ReplyDeleteमैं तो बस ये ही कहूँगा:
“हजारो फूल चाहिए एक माला बनाने के लिए,
हज़ारों दीपक चाहिए एक आरती सजाने के लिए,
हज़ारों बूंद चाहिए समुन्द्र बनाने के लिए,
पर एक “रेखा” अकेली ही काफी है मेरे घर को स्वर्ग बनाने के लिए” 🥰
आकाश भर शुभकामनाएँ तुम्हें और तुम्हारे “अप्पो दीपो भव:” संदेश के लिये 👍