आखिर क्यों - 34 (लॉकडाउन के झरोखे से) [Through the Window of Lockdown]
आज सुबह अपनी बालकनी में खड़ी थी।हरे रंग की दो छोटी चिड़ियाएं नज़र आयी। नाम तो
मैं नहीं जानती उनका, पर मन को आकर्षित कर रहीं थी। एक पेड़ की डाल से दुसरे पेड़ की शाखा तक स्वच्छंद विचरण कर रहीं थी। लग रहा था बहुत खुश हैं वो आज के शांत प्राकृतिक व
सौम्य वातावरण से। लॉक डाउन के इस दौर
में आजकल पक्षियों की चहचहाट, पत्तो की सरसराहट सुनकर मन प्रफ़ुल्लित हो रहा है। ठंडी ठंडी हवा के झोकें मन को आनंदित कर रहे है। शांत और स्वच्छ वातावरण के
साथ नीला आकाश आँखों को बहुत भा रहा है। ऐसे सब शांत प्राकृतिक वातावरण की तलाश में हम अपना काम-काज छोड़कर, पैसा खर्च करके घर से कहीं दूर अपनी छुट्टियाँ बिताने जाते हैं , और अब वह सब हमें दिल्ली जैसे महानगर
में घर में ही प्राप्त हो रहा है। आस-पास के घरों से लोगों की आवाज़ आ रही है, बच्चो की किलकारियाँ सुनाई दे रही है, मंत्रमुग्ध कर रहा है ये वातावरण!
इसके अलावा घर का शुद्ध, सादा और ताज़ा खाना मिल रहा है।
और हम इसका उपभोग कर रहे हैं बिना किसी डर के कि हम शरीर को नुकसान पहुंचाने वाला खाना तो नहीं दे रहे है। "जंक फ़ूड"
से अब दूरियां आ गयी है, इस विषय में किसी के भी ऊपर हमारी निर्भरता ख़त्म हो गयी है। और तो और - काम वाली का इंतज़ार ख़त्म, उसके आने या ना आने का तनाव ख़त्म, एक तरह कि आत्मिक ख़ुशी और सतुष्टि मिल रही है इस माहौल से। लग रहा है हम हमारी प्राचीन
संस्कृति 'सादा जीवन और उच्च विचार' का साक्षात् अनुभव स्वंय भी कर रहे है और बच्चों को भी करवा
रहे है।
घर के सभी सदस्य साथ साथ है, भरपूर समय सबके पास है, अनेक विषयो पर चर्चा हो रही है, भागम-भाग की ज़िन्दगी से अलग, तसल्ली की दिनचर्या चल रही है। सभी को पता है कि घर पर ही रहना है तो इस सोच
ने ही सभी के अप्रत्यक्ष से तनाव-पूर्ण जीवन में भी कुछ विश्राम दे दिया है। बच्चो को वक़्त मिला है अब अपने
बड़े-बुज़ुर्गो से किस्से कहानियाँ और उनके अनुभवों को सुनने का। सभी के व्यस्त रहने के कारण घर के बड़े-बुज़ुर्गो को जिस अकेलेपन का
अहसाह हर पल रहता था, अब उनके चहरे पर भी उस अहसास से
परे एक चमक दिखाई देने लगी है। जाहिर है व्यक्तिगत सोच पर सामाजिक सोच ज़्यादा मज़बूत होने लगी है।
देखें तो ऐसी ही जीवनशैली तो थी हमारी पुरानी पीढ़ी की जिसके बारे में हम सब हमेशा बातें करते रहते थे। पर अपनी
महत्वाकांक्षाओ की उड़ान और व्यस्त जीवनशैली के चलते हम आज के समय में उसका अहसास ही नहीं कर पा रहे थे, बस कभी-कभी बातों में ही उस वक़्त को सिर्फ
याद कर लेते थे। अब आज अगर हमें विपरीत परिस्थतिवश
ये मौका मिला है, तो हमें उसका सदुपयोग करना
चाहिए।उसके साथ रूबरू होने का इससे अच्छा अवसर फिर न तो आएगा और ईश्वर से
प्रार्थना है कि आये भी नहीं।
आज मेरे सामने वाले घर में से एक आवाज़ आ रही थी जिसमे माँ अपने बच्चों को सूर्य नमस्कार सिखा रही थी, और बच्चे भी बड़े उत्साहित होकर
पूरी तन्मयता से उसे सीख रहे थे। कहाँ दे पाते है हम अपनी व्यस्त दिनचर्या के चलते इतना
समय अपने बच्चो को? हर चीज़ सीखने के लिए घर से बाहर भेज देते है ताकि हमारा समय भी बचे और
हमारे बच्चे हर क्षेत्र में निपुण भी हो जाएं। जबकि हम सब यह भली-भांति जानते है कि माँ से अच्छा
शिक्षक इस प्रकृति में कोई हो ही नहीं सकता है, पर व्यस्तता के चलते माँऐं इतना समय दे ही नहीं पाती
हैं । बच्चे अहसास ही नहीं कर पाते हैं कि उनकी माँ में अन्य बहुत सारे गुण भी है जिन्हे वो सीख सकते हैं पर
आज हम सभी को वो सब देखने- दिखाने और सीखने -सिखाने का अवसर मिला है। एक-दूसरे को वक़्त देने का
समय मिला है। परिवार के सभी सदस्य एक-दूसरे
के साथ सहयोग करते हुए, सामंजस्य बैठाते हुए मिल-जुलकर
काम कर रहे हैं, उससे आपस में आत्मिक प्रेम तथा
नजदीकियां बढ़ रही है। और भी न जाने कितने अनगिनत फायदे हम ले सकते है इस
विवशतावश तालाबंदी के, अगर हम अपनी सोच तथा विचारधारा
को इस परिस्थति के अनुरूप ढाल ले
तो।
हम सब जानते है की हम अपनी इच्छा से नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थिति के वशीभूत अपने घर में रहने को मजबूर है। कोरोना वायरस की
इस वैश्विक महामारी से आज जिस तरह से पूरा विश्व जूझ रहा है, उसका एक मात्र समाधान तालाबंदी तथा अपनेआप को घर में रखने
के अलावा और कुछ भी नहीं है। आर्थिक, शैक्षिक, तथा तकनीकी रूप से इस महामारी
के चलते पूरे विश्व की गतिशीलता मे एक विराम
लग गया है। प्रत्येक देश की विकास दर पर इसका विपरीत प्रभाव
पड रहा है, कई देशों की घरेलू सकल दर अब रुक सी गयी है या यूँ कहिये कि
लुढ़कने लग गयी है! लेकिन दूसरी और हम सभी यह भी जानते है की 'जान है तो जहान है', और यह महामारी परिवार के किसी एक सदस्य को नहीं, बल्कि एक सदस्य के द्वारा पूरे परिवार और फिर परिवार से
पूरे समाज को अपने आगोश में ले रही है। इसलिए अति आवश्यक है कि हम सब भी सरकार के द्वारा लगायी गयी बंदिशों और निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। जो कुछ सीमित संसाधन हमारे घरों में हैं उन्ही से हम अपना काम चलायें। कुछ दिन हम अपने सीमित संसाधनों से निकाल लेंगे तो हमारा कुछ नहीं बिगड़ेगा लेकिन गत कुछ दिनों में देखने में आया है कि हमने अपनी अभिलाषाओं पर विराम नहीं लगाया है और हम में से
कई अतिसमझदार लोग बार-बार घर से बाहर सामान लेने निकल रहे हैं, यदि ऐसा ही होता रहा तो कब ये बीमारी हमारे घरों में प्रवेश कर जाएगी किसी को पता भी नहीं चलेगा।और
हमारे बाद हम से कितने अन्य लोगों को संक्रमित करेगी हम समझ ही नहीं पायंगे। हमें समझना होगा कि जीवन बचेगा तो इच्छा पूर्ति बाद में भी
पूरी हो सकती है।अपनी पसंद का हर कार्य हम इस महामारी से विजयी होकर भी कर सकेंगे।
हम भारतवासियो की सोच में ही यह शामिल है कि 'जो होता है अच्छे के लिए होता है' तो इस वक्त को भी हमें अच्छा सोचकर ही निकालना है। अपने
चहुँऔर का वातावरण सकारात्मक रखना है, उत्साहित रखना है, और ऊर्जावान रखना है। दिल्ली
जैसे महानगर में इतनी शांत और स्वच्छ प्रकृति का आनंद लीजिये,योग व ध्यान के द्वारा अपने मन के अंदर झांकिये,घर में बैठकरअपने शारीरिक और मानसिक शरीर को नयी ऊर्जा से संचरित करिये। साथ ही कृतज्ञता प्रकट कीजिये इस प्रकृति के प्रति, जिससे ताउम्र हम कुछ न कुछ लेते ही जा रहे हैं, प्रदूषित कर दिया हमने उसको
अपने स्वार्थ की खातिर। शायद आज उसे भी मौका मिला है अपनेआप को सुधारने का,अपना संतुलन करने का। इसीलिए तो सिर्फ 7 दिन में ही इसने हमारे वातावरण
को फिर से इतना निर्मल कर दिया, प्राकृतिक सौन्दर्य को निखार
दिया है और सबसे बड़ी बात प्रदूषण रहित कर दिया है। प्रकृति ने अवसर दिया है हमारे पशु-पक्षियों को निर्भयता से विचरण करने
का और साथ में हमें स्वच्छ वातावरण में श्वास लेने का। दिल्ली - जो सालों से प्रदूषण की मार झेल रही थी
सिर्फ 7 दिन में ही स्वच्छ वातावरण की
मिसाल सी बन गयी है।
फिर भी अब भी एक प्रश्न बार-बार मेरे मन को
व्यथित करता है कि आखिर क्यों? अब भी बहुत सारे लोग है जो अपनी महत्वाकांक्षाओं को सीमित
नहीं कर पा रहे है, नहीं समझ पा रहे है की किसी भी
सरकार के द्वारा ऐसा निर्णय इतिहास में शायद पहली बार लिया
गया है, तो इसके पीछे आवश्य ही उनकी
मंशा इस वैश्विक महामारी से मानव जाति को बचाने की है, अपने देशवासियो को बचाने की है, परिवार का हर एक सदस्य महत्वपूर्ण है,देश का हर एक नागरिक सरकार के लिए कीमती है । फिर भी न जाने क्यों लोग अपने आप को
"सुपरमैन/सुपरवुमेन" समझ रहे है। कही ऐसा न हो कि कुछ लोगों के अड़ियलपन के रवैये के कारण हम
हमारा, हमारे प्रियेजनों का, हमारे देशवासियों का और मानवजाति का कुछ अहित कर बैठें! मानव जीवन बेशकीमती है, और उसकी रक्षा करना सरकार के साथ साथ, हर एक एक व्यक्ति की व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी भी है।इसलिए
सरकार के द्वारा उठाये गए हर कदम को हमें गंभीरता से लेना होगा। तभी हम इस गतिशील
जीवन में आये विराम को थाम सकेंगे और जीवन को निःस्वार्थ सार्थक कर पाएंगे। आओ सब मिलकर स्वयं के साथ सरकार का भी
भरपूर सहयोग करें और इस आपदा की घडी से शीघ्रातिशीघ्र निजात पायें।


A belssing in disguise. जी बहुत खूब आपने वर्णन और चित्रण किया है आकस्मिक स्थिति से उत्पन्न इस अपरिकल्पनीय, सपनों जैसे परिवेष का।
ReplyDeleteजो परिवेष और वातावरण आज हमारे चारों ओर है सम्भवत: यह ऐसे मानकों पर खरा उतरता है जो आदर्श के बहुत नजदीक हैं।
तीन सप्ताह का जो जीवन, खासकर शहरी लोगों के लिये, रहने का अवसर मिल रहा है वह सबके पूर्ण जीवन काल के सम्भवत: सबसे खूबसूरत तीन सप्ताह होंगे। यकीन मानिये जीवन पर्यन्त इन हसीन पलों को अमूल्य सौगात की तरह सजा कर रखे जायेंगे।
यह सम्भव है कि भविष्य में आर्थिक रूप से राष्ट्र की कुछ हानि हो। लेकिन जब वर्तमान में डेढ़ सौ करोड़ मनुष्यों के जीवन में इतने सुन्दर अकल्पनीय 21 दिन आये हैं तो भविष्य की थोड़ी बहुत परेशानी के खास मायने नहीं रहते।
यह भविष्य ही बता पायेगा या नहीं भी बता पायेगा कि whether we have been tricked into this situation by the improper presentation of facts by the media, sheer pressure of incidents that happened in a few places, any unlikely but possible conspiracy or a fear psychosis. लेकिन यह एक नेकनीयती से लिया गया ऐसा कदम है जिसने ती न हफ्तों के लिये ही सही, हम डेढ़ सौ करोड़ लोगों के जीवन में ऐसा कायाकल्प किया है जिसकी परिकल्पना कभी कोई सपने में भी नहीं कर सकता है। और कौन जानता है कि हमने एक संभावित बडी़ मानवीय त्रासदी को भी होने से रोक लिया हो।
आपके सुन्दर और सटीक लेखन के लिये आपको धन्यवाद ।
good perception regarding the prevailing situation.
ReplyDelete☺️बिलकुल ठीक समय पर तुम्हारा लॉकडाउन पर एक और बेहतरीन लेख! धन्यवाद जी 👍
ReplyDeleteइस ब्लॉग में एक असीम ऊर्जा देने वाली बातें है जिनको पढ़कर और अमल करके हम इस लॉकडाउन के चलते जहाँ मानसिक रूप से स्वस्थ हो सकते है, वहीँ अपने ऊपर नियंत्रण भी रखना सीखते है। ब्लॉग पढ़कर हम सब समझेंगे की कैसे इन बातों को समझ कर इनका उपयोग किया जा सकता है और मानसिक रूप से स्वस्थ हुआ जा सकता है। ज़रूरत है ध्यान से समझकर उपयोग करने की। 😊
लिखती रहें 👍👍👍👍👍👍