आखिर क्यों - 39 (सहनशीलता, किस सीमा तक?) [Tolerance, to what Extent?]
"संयम" और "सहनशीलता" - छोटे से दो शब्द
लेकिन सार बहुत गंभीर। सहनशीलता एक आभूषण है और भारतीय संस्कृति और धर्म में
सहनशील व्यक्ति को आदरणीय व पूज्य तुल्य माना जाता है। पुराने समय में सहनशीलता के
कारण ही ऋषि मुनि कड़ी से कड़ी तपस्या कर जाते थे और अपने उद्देश्य को प्राप्त कर
लेते थे।
आजकल हर लेख, टी वी चैनलों पर चर्चा या
किसी अन्य व्यक्ति के साथ हो रही बातचीत में यह माना जा रहा है कि आज के वातावरण
में लोगों की सहनशक्ति कम हो गयी है। इसका प्रमुख कारण बढ़ता प्रदूषण, एकल परिवार, भाग दौड़ के कारण
तनावपूर्ण जिंन्दगी और स्पर्धा की बहुतायत बताये जा रहे हैं।
इसी के कारण पारिवारिक
संबंधों में भी दरार पड़ने लगी है, लोगों में हिंसात्मक प्रवृति बढने लगी है। बात बात पर लोगों
को गुस्सा आना आम बात हो गई है। अपने आपको सर्वोच्च सिद्ध करने की होड़ इस कदर
लगी है कि व्यक्ति अच्छा बुरा सब भूला बैठा है। उसे अपने आपको सही साबित करना है, उसके लिए तरीका चाहे कुछ भी हो। ऐसा करते हुए
व्यक्ति यह भी सोच नहीं पाता है कि उसके इस व्यव्हार का उसके परिवार, मित्रजन या पास -पड़ोस पर
क्या प्रभाव पड़ेगा।
सिक्के का दूसरा पहलू
देखें तो प्रश्न यह उठता है कि अगर इस तरह के लोगों की संख्या में वाकई में
बढ़ोत्तरी हो रही है तो जो व्यक्ति संयमी और सहनशील है वह कब तक अपनी सहनशीलता ऐसे
लोगों के सामने समर्पित करता रहेगा और क्यों? जो व्यक्ति सहनशीलता के मायने जानता ही नहीं है
उसे इसके गुण के बारे में क्या ज्ञान होगा? और क्या कद्र करेगा वह इस आभूषण की और इससे
सुशोभित इंसान की?
मेरी अपनी सोच यह है कि
हमें अपने गुणों को वही प्रदर्शित करना चाहिए जहाँ उसकी कद्र हो। इसके अलावा हमें
व्यक्ति,समय और परिस्थिति
के अनुसार अपना आचरण रखना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति के साथ हम एक जैसा व्यव्हार
नहीं कर सकते है। ऐसे ही समय और परिस्थिति के अनुसार हमें अपना आचरण रखना होगा। हर
समय एक जैसा बने रहना कूटनीतिज्ञता नहीं होती है। वक्त और सामने वाले व्यक्ति के
इरादे देख कर ही हमें अपना व्यवहार और आचरण रखना होगा। तभी हम उचित निर्णय उचित
वक्त पर ले पाएंगे। हर समय किसी की कोई भी बात सहन करना सहनशीलता नहीं कायरता होती
है और एक स्वार्थी इंसान आपके इस व्यवहार का हमेशा गलत प्रयोग ही करेगा। जिस तरह
असली हीरे की परख एक सच्चा जोहरी ही कर सकता है उसी तरह सयंम और सहनशीलता जैसे
गुणों की पहचान भी एक गुणी व्यक्ति ही कर सकता है।
यह सच है कि सहनशील
व्यक्ति को सबसे ज्यादा बर्दाश्त करना पड़ता है क्योकि किसी भी विषय पर उसकी चुप्पी
उसकी महानता नहीं उसकी सहमति या उसकी कायरता समझी जाती है। यह मौका देती है
मौकापरस्त इंसान को उसका फायदा उठाने का तथा किसी भी तरह सहनशील व्यक्ति को
प्रताड़ित करने का। क्योकि वह निर्विवाद हर बात को सहन कर लेता है इसलिए कोशिश की
जाती है उसे बात-बात पर परास्त करने और अपमानित करने की। महाभारत को याद करें तो
क्या हुआ तो उसमें! पांडवों की सहनशीलता को कौरवों ने कभी भी उनकी महानता नहीं अपितु
कमजोरी समझा और उनके विरुद्ध हमेशा नई नई चाल चलते रहे। कोई अवसर नहीं छोड़ा उन्हें
अपमानित करने का। और अंततः इसका परिणाम क्या हुआ 'महाभारत'! अगर पहली बार ही पांडव कौरवों को रोक देते तो
शायद महाभारत होती ही नहीं।
इसलिए अगर आप को अहसास हो
जाए कि आपके सहनशील होने के गुण का कोई नाजायज फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है तो
वहाँ एक सीमा के बाद प्रतिरोध करना भी जरुरी हो जाता है अन्यथा आपकी महानता का
फायदा उठा कर हर कोई कौरवों की तरह आपका हक छीनता ही रहेगा और आप अपमान का घूंट
पीने के अलावा कुछ भी नहीं कर पाओगे।
हमारी समझदारी, व्यवहारिकता तथा सहनशीलता
तभी प्रासंगिक होगी जब हम व्यक्ति,समय और परिस्थिति के अनुकूल व्यवहार करेंगे। सही वक्त पर
सही निर्णय लेने पर ही हम एक सफल इंसान बन सकते है। सहनशीलता के साथ अच्छा
कूटनीतिज्ञ बनना एक चारित्रिक विशेषता है। सच्चाई और आत्मविश्वास के साथ अपना पक्ष
रखना और उसकी तार्किकता सिद्ध करना सहनशीलता है न कि चुप रहना सहनशीलता है।
सहनशीलता का गुण हमें
अपने बच्चों में अवश्य डालना चाहिए पर उसकी सीमा भी साथ में बतानी होगी। उन्हें
सीखाना होगा यह वह आभूषण है जिसके द्वारा आप समाज में एक सम्मान पा सकते हो,एक अच्छे इंसान बन सकते
हो पर साथ ही सिखाना होगा कि अगर इसके कारण कोई आप के आत्मसम्मान को चोट पहुँचाने
की कोशिश कर रहा हो तो उसके विरोध में अपनी आवाज उठाने का जज्बा भी होना चाहिए।
सहनशीलता को अपनी कमजोरी नहीं ताकत बनाओ। विपरीत व्यक्ति या विपरीत परिस्थति के
सामने चुप रहना सहनशीलता नहीं कायरता है और यह हमारे अधिकारों की रक्षा नहीं,हमारे अधिकारों का हनन
होगा, जिसका अधिकार
हमें किसी भी परिस्थिति में किसी अन्य को
नहीं देना है।
आखिर क्यों, हम नहीं समझ पाते
है कि सहनशीलता वह गुण जो हमें एक आदर्श व्यक्ति बना देता है, लेकिन इस की आड़ में कोई
हमारे अहम् को चोट पहुचाये यह कहाँ तर्कसंगत है। अपने स्वाभिमान की रक्षा करना
हमारा प्रथम कर्तव्य है। किसी भी रिश्ते से पहले हमारा आत्मसम्मान है और उस रिश्ते
को हक़ नहीं देना चाहिए इसे कुचलने का। सहनशीलता की सीमा हमे अपने लिए निर्धारित
करनी होगी साथ ही सामने वाले व्यक्ति के लिए भी। उसे भी यह अहसास कराते रहना आवश्यक है कि हम किस सीमा तक
बर्दाश्त कर सकते है। कोई हमारे इस गुण को हमारी कमजोरी न समझे। सभी व्यक्तियों
में सहनशीलता का गुण हो और एक दूसरे के इस गुण का आदर करें, यह अति आवश्यक है।
हमें इस गुण के साथ यह
नहीं भूलना है कि 'अति सर्वत्र वर्ज्यते'।

संयम और सहनशीलता के उच्च मानवीय गुणों की जीवन में महत्ता को आपने बहुत सुंदर तरीके से वर्णित किया है । आपने इस बात को भी रेखांकित किया है कि यह मानवीय गुण मनुष्य के जीवन में आवश्यक तो है, लेकिन इनका प्रयोग समय, स्थान और परिस्थिति के अनुसार ही होना चाहिए, अन्यथा यह गुण मानव का हित करने के बजाय अहित भी कर सकते हैं । आपने महाभारत के परिप्रेक्ष्य में भी संयम और सहनशीलता के गुण का दूसरे व्यक्ति द्वारा दुरुपयोग किया जाना वर्णित किया है ।
ReplyDeleteमानव में जो भी मुख्य गुण प्रेम, मित्रता, क्रोध, संयम, सहनशीलता आदि हैं, इन सभी गुणों के ऊपर जिसका नियंत्रण होना चाहिए वह है विवेक । मानव के लिए हर क्षेत्र में विवेक सर्वोपरि होना जरूरी है । कहां कब और कितनी मात्रा में प्रेम, क्रोध, मित्रता, संयम, और सहनशीलता आदि का प्रदर्शन करना है इसका निर्णय अवश्य विवेक द्वारा ही होना चाहिए । यहां तक कि मान्यताओं, संस्कारों, परंपराओं आदि की सार्थकता का परीक्षण भी मानव को अपने विवेक से अवश्य करना चाहिए ।
इसलिए संक्षिप्त में हम यह कह सकते हैं कि अगर हमारे पास सारे सद्गुण हो और विवेक ना हो तो सारे सद्गुणों का पूर्ण लाभ संभवत हमें नहीं मिल पाएगा। और अगर हम सारे सद्गुणों का प्रयोग विवेक की कसौटी पर कसकर करें तो अवश्य सब गुणों का अच्छा ही परिणाम निकलेगा ।
आपका लेख व्यक्तिगत पारिवारिक और सामाजिक सभी दृष्टि से प्रासंगिक और लाभदायक है ऐसे ही प्रेरणादायक लेख लिखते रहिएगा ताकि हम लोगों का भी प्रबोधन होता रहे धन्यवाद। 🙏🙏
Nycccccccc....🤘🍫🍫🌹🌹🌹
ReplyDelete