आखिर क्यों? - 41 (अतीत की यादें - मर्मस्पर्शी!) [Memories of Past - Heart-Warming!]
कल मेरी एक सहेली ने फेसबुक पर अपने बेटे के बचपन की बहुत सारे फोटोज़ डाले थे।
उसके और मेरे बच्चे लगभग हमउम्र थे। साथ खेलना, साथ ही स्कूल जाना, एक दूसरे के घर आना - जाना रोज की ही बात थी।
जब उसके बचपन की वो तस्वीरें देखी तो गुजरा हुआ एक एक पल जीवंत हो उठा और बहुत समय
तक उन पलों को और उनकी यादों को अपने ही सामने अनायास ही खोल कर बैठ गयी। वो वक़्त
तो अब लौटकर आ नहीं सकता पर मस्तिष्क पटल पर अंकित वो यादें मुझे रोमांचित कर गयी।
कितना सुनहरी यादों से भरा हुआ वक़्त होता है वो हर माता पिता के जीवन में जब
बच्चा अपनी पुलकित दस्तक देता है। माता पिता का एक एक पल उसके सुपुर्द हो जाता है।
उसके लिए ही सब कुछ करते, खेलते कब महीने साल में और स्कूल कॉलेज में बदल जाते है
अहसास ही नहीं हो पाता है। छोटे-छोटे क़दमों से चलना सिखने वाले बच्चे कब अपने
पैरों पर खड़े होने के लिए माता-पिता को छोड़ कर अपनी राह पर निकल जाते है।
24 घंटे बच्चों की पसंद-नापसंद, इच्छा-अनिच्छा के
इर्दगिर्द ही गुजर जाते है, जो कदम उठता है बच्चो की प्राथमिकता को देखते हुए ही उठता
है, अपनी ख्वाइशें, इच्छाएं, जरूरतें सब द्वितीय हो
जाती है। कब अल्हड, बेपरवाह पति-पत्नी एक जिम्मेदार माँ-पिता की भूमिका निभाने
लग जाते है ज्ञात ही नहीं हो पाता है और यह जिम्मेदारी धीरे-धीरे बढ़ती ही जाती है।
बच्चों में अच्छे संस्कार देने की, अच्छा इंसान बनाने की, पढ़ा-लिखा कर अपने पैरों पर खड़ा करने की तथा जो
कुछ कमी अपने जीवन में रह गई थी वो बच्चे के जीवन में न रह जाए , उसी पेशोपेश में
माता-पिता बच्चे की चुलबुलाहट के साथ-साथ आनंदपूर्वक अपना जीवन व्यतीत करते है।
पता ही नहीं चल पाता है कि कब बच्चे बड़े हो जाते है, हर साल माता-पिता के साथ जन्म दिन को मनाने के
लिए 2-3 महीने से तैयारी
करने वाले बच्चे कब अपने भविष्य को लेकर गंभीर हो जाते है जान ही नहीं पाते है।
अहसास तो तब होता है जब यही बच्चे अपने जीवन के द्वितीय पड़ाव के लिए तथा अपने
सपनों को पूरा करने के लिए आगे कहीं दूर चले जाते हैं तब अहसास होता है कि शायद
बच्चे बड़े हो गए हैं, जो माता-पिता का दामन छोड़ कर अपने पैरों पर खड़े होने के लिए
निकल गए हैं।
यह जिंदगी का एक कड़वा सत्य है जिसे हर माता-पिता को सहन करना ही पड़ता है। और
यह सहन करना एक सुखद अहसास भी है कि बच्चा अपनी उन्नति के पथ की और अग्रसर हो चला
है। बढ़ता हुआ जीवन ही सफलता और संतुष्टि का मूल मंत्र है। जब तक बच्चों को अकेले
नहीं छोड़ेंगे, आगे पढ़ने नहीं भेजेंगे, अपने स्नेह की छत्र-छाया से दूर नहीं करेंगे तब तक बच्चा
कैसे एक जिम्मेदार, आत्मनिर्भर व्यक्ति बनेगा। जिस तरह एक पतंग को आकाश की
ऊंचाइयों को छूने के लिए धागे में ढील देनी पड़ती है, स्वतंत्र छोड़ना होता है , उसी तरह बच्चो को भी ढील
देनी होती है ताकि वो अपने सपनो को अपनी आकांक्षाओं के अनुरूप ऊंचाई दे सके, स्वयं निर्णय लेकर अपनी
राह चुन सके।बहुत ख़ुशी होती है बच्चों को आगे बढ़ता देख, अच्छा भी लगता है उन्हें जिम्मेदारी समझते और
निभाते देख और मन को तसल्ली भी होती है उन्हें समझदारी पूर्ण निर्णय लेते देख, साथ ही गर्व होता है अपने
आप पर कि हम अपनी जिम्मेदारी भली भांति निभा पाए।
पर बच्चों के जाने से जो खालीपन आ जाता है उस को पूर्ण कैसे करे? ऐसे समय ये तस्वीरें ही
मददगार साबित होती है अपना मन लगाए रखने और अपनी सोच को सकरात्मक बनाये रखने में।
ऐसा नहीं है कि हम अपने बच्चों के बचपन को अपने मस्तिष्क से, अपनी यादों से मिटा चुके
है इस लिए यह तस्वीर चाहिए, सच्चाई यह है कि बार बार देखने पर जो सुकून यह तस्वीरें
देती है उनकी कोई तुलना नहीं है। ये तस्वीरें तो खूबसूरत जरिया होती है यादों को
समेट कर रखने का। उनका बचपन बार बार जीने का।
हमें स्वयं यह निर्णय करना होगा कि हम अपने आप को कैसे खुश रखे बच्चों के जाने
के बाद ताकि वो भी हमारी चिंता किये बगैर अपने कर्तव्य पथ पर अग्रसर होते रहे और
सफलता प्राप्त करते रहे। हमें अपने प्यार से उन्हें मजबूत बनाना है कमजोर नहीं।
हमने बहुत अच्छा किया अपने बच्चों की तस्वीरों को संभाल कर रखने का एक अच्छा
निर्णय सही वक़्त पर लिया था। वही आज हमारे लिए हमारी यादों की पूंजी है। आज बच्चों
के साथ भी जब इन तस्वीरों को देखते है तो वो भी उनसे जुडी हर दिलचस्प बातों को
सुनने में अपनी रूचि लेते है और उत्साहित भी होते है।
आखिर क्यों, लोग इन तस्वीरों की महत्ता को आज नहीं समझ पा रहे है,
जो इनको सिर्फ डिजिटल रूप
में ही एकत्रित करके रख रहे है, एलबम बनाने का विचार उन्हें पुराने टाइप का लगने लगा है ।
वो आज इनकी कीमत नहीं जान पा रहे है। भविष्य में जब कभी अतीत के पन्ने पलटने का मन
करेगा तब शायद तस्वीरें ही याद आएंगी जिनका अहसास हम अपने सीने से लगा कर कर सकते
है । क्योकि यह तो सत्य है की एकल परिवार के चलते हम भविष्य में अकेले ही रहेंगे
अपनी यादो के सहारे। इस लिए डिजिटल के साथ साथ हम इन तस्वीरों का संकलन भी करने
लगे तो हमारे और हमारे बच्चों के भविष्य के लिए बेहतर होगा।

Comments
Post a Comment