आखिर क्यों - 45 (क्रूरता की पराकाष्ठा) [Culmination of Cruelty]


कहाँ से लिखूं, कैसे लिखूं और क्या लिखूं? कुछ भी नहीं समझ आ रहा है। मन बहुत खिन्न है,मानव योनि में जन्म लेने से ही नफरत हो रही है। क्यों इतना निर्दयी और बेरहम हो गया है इंसान? क्यों वह बेजुबान जानवर के साथ अमानवीयता के साथ पेश आने लगा है। सोच कर ही रूह काँप जाती है कि ऐसे लोग कितने खौफनाक दरिंदे होंगे। जिस घटना को पढ़ कर ही हमारे रोंगटे खड़े हो गए,क्या उस इंसान के हाथ नहीं कांपे होंगे ऐसा अमानवायी कृत्य करने पर? क्या उन्होंने कभी भी दया, स्नेह, धर्म, सेवा जैसे शब्द नहीं पड़े होंगे?


केरल के मल्लपुरम जिले में 23 मई को एक गर्भवती,भूखी हथिनी जो भटकते हुई गॉंव में आ गई थी, वहाँ के कुछ स्थानीय लोगो ने अन्नानास में पटाखे भर कर उस हथिनी को खिला दिए थे। भूख से बेहाल उस हथिनी ने मानव पर आँख मूँद कर विश्वास कर के वह अन्नानास खा लिया। बस वही गलती उस से हो गई। अन्नानास में भरे पटाखे उस के मुहं में जाते ही फटने लगे,जिसके कारण उसके जबड़े,मुहं और जीभ में जख्म हो गए। इन जख्मों की पीड़ा उसके लिए इतनी असहनीय थी कि वह तीन दिन तक पानी में अपना मुहँ और सूंड दिए खड़ी रही और अन्ततः उसकी मृत्यु हो गई। जल समाधी ले ली उस लाचार हथिनी ने। कितने पीड़ादायक और कष्टप्रद रहे होंगे उसके ये पल ?जहाँ वह अपनी पीड़ा से तो त्रस्त होगी ही,साथ ही अपने गर्भ में पल रहे बच्चे के कष्ट को भी सहन कर रही होगी। कितना रोई होगी वह अपनी नादानी और बेवकूफी पर कि उसने क्यों मानव पर भरोसा किया। अगर सच में पुनर्जन्म जैसी कोई व्यवस्था होती होगी तो वह अब अपने किसी भी जन्म में आदमी पर तो भरोसा नहीं करेगी।


शत प्रतिशत साक्षर केरल राज्य में अमानवीयता का इस से घिनौना कृत्य और क्या होगा। शिक्षा हमें निर्दयता तो नहीं सिखाती है और न ही किसी अन्य के दर्द को समझने और महसूस करने की भावना को ख़त्म करती है। अशिक्षित व्यक्ति भी मूक जानवरों की भाषा और भावना को समझने लगता है, तो फिर शिक्षा से हम उन्नत विचारों के कैसे हुए, अगर ऐसे ही कृत्य करते है तो?


ऐसा करने के पीछे करने वाले की मंशा क्या थी यह तो तब ही पता चलेगा जब वह पकड़ा जाएगा,पर मुझे तो उसका कोई भी हित सिद्ध होता नज़र नहीं आ रहा है। ऐसा क्या गलत किया होगा उस बेजुबान हथिनी ने जो उसको ऐसे क्रूर सजा दी गयी । बचपन से ही यह सिखाया गया है और आजमाया भी है कि जब भी हम कोई कार्य करते है तो हमारी अंतरात्मा हमे सचेत जरूर करती है कि हम यह गलत कर रहे या सही, और वही आवाज होती है जो हमें कोई भी गलत कार्य करने से रोकती है। फिर क्या ऐसे लोगो की अंतरात्मा मर चुकी है? अगर ऐसा है तो ऐसे लोग इंसान तो क्या जानवर कहलाने लायक भी नहीं है। क्योकि जानवर तो मानव की तरह बुद्धिशील प्राणी नहीं होते हुए भी भावना,वफादारी,स्वामिभक्ति को समझता है। कहावत भी है न की 'जानवर को एक बार भी अगर हम प्यार करे, उसकी देखभाल करे,उसे खाना खिलाये तो वह हमेशा हमेशा के लिए आपका वफादार हो जाते है पर इंसान तो जिसका खाता है उसी की थाली में छेद करता है।' और आज इस घटना ने यह सिद्ध कर दिया क्योकि इतना पीड़ित होने के बाबजूद हथिनी किसी को नुकसान पहुचाये बिना नदी की तरफ चले गई अपनी पीडा को शांत करने के लिए।

 

 यह सत्य है कि जानवर किसी के भी ऊपर आक्रमण करता है तो अपने शिकार के लिए या अपनी आत्मरक्षा के लिए, बेवजह किसी को परेशान नहीं करता। फिर इंसान ऐसे क्यों करता है? आज 'हाथी मेरे साथी'फ़िल्म का वह गाना याद आ रहा है जिसके ये बोल थे -


"जब जानवर कोई इंसान को मारे,

कहते है दुनियां में वहशी उसे सारे,

एक जानवर की जान आज इंसानों ने ली है,

चुप क्यों है संसार?"



आज जब पुरे विश्व में जनसँख्या बढ़ने के कारण वन्य जीव जंतुओं की जनसँख्या में तेजी से कमी आयी है और इस कमी के कारण सभी बुद्धिजीवी लोग चिंतित हैं क्योंकि पारिस्थितिक संतुलन के लिए इस पृथ्वी पर सभी पशु पक्षी, जीव जंतु, नभचर, जलचर हो या थलचर का अपना-अपना महत्व है और अति आवश्यकता भी। अन्यथा इस असंतुलन को बिगड़ते ही पृथ्वी पर जीवन संकट में आ जायेगा। इसी उदेश्य के मद्देनज़र समस्त विश्व की सरकारें, संयुक्त राष्ट्र संघ तथा अनेक वन्य जीव संरक्षण संस्थाएं जीव जंतुओं के जीवन को बचाने के अथक प्रयास में लगे हुए हैं। ऐसे में ऐसी घटनाएं समस्त मानव जाति के हृदयस्पंदन को झकझोर देती है।


आखिर क्यों? स्वार्थ इंसान पर इतना हावी हो गया है कि उसने इंसानियत और मानवता को ही ख़त्म कर दिया है? स्वार्थ की अंधता में वह किसी के भी दर्द को महसूस करना ही भूल गया है, यह हिंसक पशुओं से भी ज्यादा बर्बरतापूर्ण कार्य है। उसको अब जो भी सजा मिले पर ऐसे व्यक्ति का इस धरती पर रहना एक भीषण श्राप है और मानवता के लिए एक चेतावनी भी । हमारे भारतवर्ष की पौराणिक कथाओं में हाथी को बहुत ही महत्वपूर्ण बताया गया है क्योंकि वह विशालकाय और बड़े कद वाला है, उसका कोई भी दुश्मन नहीं है अर्थात उसका कोई भी शिकार नहीं करता है। यही कारण है कि वह मद-मस्त होकर विचरण करता रहता है और इसीलिए इसे सुख और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। सुख, धर्म, अर्थ और काम के शुभ प्रतीक हाथी की इस निर्ममता से हत्या! आखिर क्यों?

Comments

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]