आखिर क्यों - 46 (सेहत की अवहेलना) [Neglect of Health]


आप लोग जानते हैं किस बात की हम मृत्युपर्यन्त कामना करते है?

अपने जीवन में हम किसकी सबसे ज्यादा उपेक्षा करते है?

किसकी हमें सबसे ज्यादा आवश्यकता है?

क्या ऐसी बात है जिस के सही रहने पर ही हम अपने प्रियजनों के काम आ सकते है ?

 

इन सभी का सिर्फ एक ही जबाब है-"अच्छा स्वास्थ्य"

हाँ, अच्छा स्वास्थ्य हर किसी के जीवन की एक बहुत बड़ी पूंजी है। स्वास्थ्य सही है तो हम कितनी भी ऊंचाईयों को छू सकते है, कितने ही लोगो को ऊंचाई तक पहुंचाने में मदद कर सकते है। हर चीज का आनन्द ले सकते है। हर वस्तु का भोग कर सकते है। पर स्वास्थ्य अच्छा नहीं है तो न तो हम अच्छे भोजन का आनंद ले सकते है, न घूमने फिरने का और न ही किसी भी तरह के राजसी ठाट-बाट का।

यह सब जानते हुए भी हम अपने स्वास्थ्य की सबसे ज्यादा अवेहलना करते है। अपने शरीर की उस समय तक उपेक्षा करते रहते है जब तक कि वह स्वस्थ है। हर कार्य हमें अपने स्वास्थ्य से ज्यादा महत्वपूर्ण लगता है। सभी कार्यों और कर्तव्यों के लिए हम वक्त निकाल लेंगे पर जहाँ अपने शरीर और स्वास्थ्य की बात आती है अक्सर लोग कहते है कि वक्त ही नहीं मिलता है या यह सब कार्य तो सेवानिवृति के बाद के है, हमें क्या जरुरत है अपनी सेहत का ध्यान रखने की, हम तो स्वस्थ हैं, अभी तो हमारे सब कुछ खाने पीने के दिन है इत्यादि इत्यादि।

अब प्रश्न यह है की हमारी सोच ऐसी क्यों हो रही है? हम क्यों क्षणिक सुख को सुख मानकर खुश हो रहे है। क्यों इस अतिविश्वास में रहते है कि “हमें कुछ नहीं हो सकता है हम तो स्वस्थ है”? और क्यों अपना ध्यान रखने के लिए हम अपने अस्वस्थ होने तक का इंतज़ार करर्ते है? क्यों हम ऐसा प्रयास नहीं करते है कि हम कभी अस्वस्थ ही न हो?


हम सभी जानते है की एक सफल जीवन स्वस्थ जीवन का ही नाम है। जिन अपने लोगों के लिए हम दिन-रात काम में लगे रहते है, अपने आप की भी परवाह नहीं करते है, वो भी तो तब तक ही कर पाएंगे जब तक की हम स्वयं स्वस्थ है। उन्हें किसी भी तरह की परेशानी न हो, वो हमेशा खुश रहे, उनके कार्य में किसी भी तरह की बाधा न आये,उन्हें कहीं पहुचने में देर न हो जाए, इसके लिए हम कोशिश करते कि उनका हर कार्य उनके समयानुरूप और उनकी पसंद के अनुरूप कर दे। हम बिना रुके, बिना अपना ध्यान रखे, सब का कार्य करते रहते है, सब की अभिलाषाओं की पूर्ति करने की कोशिश करते रहते है। पर क्या इस भागम-भाग में हम कभी यह सोचते है कि क्या होगा मेरे परिवार और प्रियजनों का, अगर मैं अस्वस्थ हो गई तो? उन लोगों को भी हम हमेशा खुश तभी रख सकते है जब हम स्वयं पूर्ण रूप से स्वस्थ रहेंगे। फिर क्यों हम अपने आप को भुला देते हैं,अपनी सेहत का ध्यान नहीं रखते हैं? अपने स्वास्थ्य लिए 1-2घंटे भी नही निकाल पाते है।


हम में से हर व्यक्ति को पता है कि हमारी सेहत के लिए क्या अच्छा है और क्या बुरा? इसके बाबजूद भी हम अपनी गलत आदतों को नज़र अंदाज कर देते है। धूम्रपान,मदिरा सेवन ,जंक फ़ूड, पैकेजिंग फ़ूड, कोल्ड ड्रिंक, प्रेज़रवेटिव फ़ूड, जूस सभी हमारी सेहत के लिए अत्यंत हानिकारक है। यह जानते हुए भी हम में से अधिकांशतः लोग इन सब का उपयोग बहुतायत में करते है। इनका प्रयोग तभी बंद करंगे, जब कोई डॉक्टर मजबूर कर देगा इन्हे न लेने के लिए, अन्यथा तो इन्हे उच्च जीवन शैली का हिस्सा समझा जाता है। यहाँ आकर सभी अपनी पढ़ाई को भुला बैठते है। सब कुछ जानते  समझते हुए भी इन सभी का उपभोग कर के अपनी सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे है।


अनुशासित जीवन का पालन न करना, प्राकृतिक दिनचर्या के विरुद्ध जाकर अपनी दिनचर्या बना लेना आज की पीढ़ी के लिए नया फैशन हो गया है। देर रात तक जागना, देर सुबह तक सोये रहना, सारा समय कंप्यूटर या मोबाइल की स्क्रीन को देना, आम बात हो गई है। ऐसा नहीं है की इस पीढ़ी को यह नहीं पता की ईश्वर द्वारा प्रदान किये गए हमारे आँख,कान, हाथ,पीठ,पैर या अन्य कोई भी अंग अगर ख़राब हो जाए तो पूर्ववत अवस्था में नहीं आ सकते है, इसके बाबजूद इस खतरे से लोग डरते ही नहीं हैं। सिर्फ आज को जीने में विश्वास करते है। इस बात का अहसास उन्हें तब होगा, जब कम उम्र में किसी न किसी बीमारी से ग्रस्त हो जाएंगे। पुराने नियम,रीती रिवाज खान-पीन को आडम्बर मानने वाले,आज के भागते-दौड़ते जीवन को अपना आदर्श मानकर उसका अनुसरण करने वाले यह क्यों नहीं सोचते कि आज लिया थोड़ा सा ठहराव उनके अच्छे स्वास्थ्य के जीवन में अनेक वर्षो की वृद्धि कर देगा।


आखिर क्यों हम नहीं समझते है कि मानव जीवन ईश्वर के द्वारा प्रदत एक विशेष आशीर्वाद है जिसकी देखभाल करना हमारा परम कर्तव्य है। इसके प्रति हमारा उद्देश्य तभी सफल रूप से परिपूर्ण होगा जब हम स्वयं इसको स्वस्थ रखेंगे। हमें हमेशा यह ध्यान रखना है की परमपिता के द्वारा मिला यह शरीर अगर एक बार बिगड़ जाए तो लाखों-करोडो रुपये खर्च कर के भी हम उसे पहले जैसा नहीं पा सकते है। स्वस्थ शरीर को स्वस्थ बनाये रखना ही सबसे बड़ी तपस्या है। अपने शरीर को नजरंदाज करना समझदारी या शान नहीं, बल्कि मानसिक विकृति है। अपने शरीर की अवेहलना करके हम किसी अनचाहे खतरे की राह देख रहे है। जब कुछ होगा तब देखा जायेगा अभी इसका ध्यान रखने में मैं अपना समय और मेहनत क्यों व्यर्थ करूँ, यह सोच सही नहीं है। हमारी सोच तो यह होनी चाहिए कि अपनी सेहत और स्वास्थ्य पर आज खर्च किया गया पैसा और समय बर्बादी नहीं अपितु निवेश है।

Comments

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]