आखिर क्यों - 47 (मानसिक अवसाद भी एक रोग ) [Mental Depression is Also a Sickness]


सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या ने फिर एक बार सारे समाज को झकझोर कर रख दिया है और सोचने को मजबूर कर दिया कि आखिर क्या वजह है बढ़ती आत्महत्याओं की। मध्यमवर्गीय परिवार में 4 बहिनो के बीच में पला-बढ़ा, चहुंमुखी प्रतिभा का धनी, अपनी मेहनत और अथक प्रयास के दम पर हर क्षेत्र मे सफलता प्राप्त करने वाला एक बेहतरीन पारिवारिक मूल्यों वाला इंसान और कलाकार के जीवन का अंत इतने दुखदायी तरीके से और वो भी इतनी कम उम्र में ? सभी बाधाओं को पार करते हुए एक-एक कदम आगे बढ़ाते हुए इस मुकाम पर पहुंचने वाला सुशांत मानसिक अवसाद (डिप्रेशन)का शिकार! ऐसा क्यो? इस विषय ने सभी बुद्धिजीवियों को सोचने पर मजबूर कर दिया कि अपने सपनों को पूरा करने के लिए तथा अपने हर मुक्कमल प्रयास से इतनी ऊंचाइयों को प्राप्त करने के बाबजूद व्यक्ति इतना अकेला क्यों हो जाता है कि मानसिक अवसाद उसके ऊपर हावी हो जाता है और उसे ऐसी दुखद परिस्थति का सामना करना पड़ता है।

 

National Care Of Medical Health की एक रिसर्च रिपोर्ट जिसे W.H.O.ने औपचारिक तौर से 2014 में प्रकाशित किया था जिसके अनुसार भारत की आबादी का लगभग 6.5% लोग गंभीर मानसिक अवसाद से पीड़ित है जो निश्चित रूप से डराने वाले आंकड़े है। एक भयानक सच यह भी है कि इस रिपोर्ट के अनुसार विश्व के अन्य देशो की तुलना में भारत में सबसे ज्यादा उदास प्रकृति के लोग है।

देश और दुनिया में डिप्रेशन के बढ़ते लोगों के कारण यह वास्तव में एक चिंता का विषय है। और अब समय आ गया है कि हम इसके बारे में लोगों को जागृत करें और टी.वी., समाचार पत्र, रेडियो आदि साधनों के माध्यम से लोगो को बताये कि यह भी अन्य शारीरिक बीमारियों की तरह ही एक बीमारी है जिसे हमें गंभीरता से लेना होगा और जिसका समय रहते इलाज करा लेने पर हम एक गंभीर परिणाम से बच सकते है। आज कोरोना के माहौल में जब अधिकतर लोग अपने घरों में बंद है तो जाहिर है कि अकेलेपन के कारण डिप्रेशन का प्रभाव लोगों पर ज्यादा हो रहा होगा । ऐसे समय में परिवार के सदस्यों तथा दोस्तों को यह दायित्व हो जाता है कि वह ऐसे मानसिक अवसाद से पीड़ित लोगों का विषय ध्यान रखे, उनके मन में चल रहे नकारात्मक विचारों का समाधान करने की कोशिश करें। मानसिक रोग किसी भी उम्र, जाति, धर्म, स्त्री-पुरुष या तबके के लोगों को हो सकता है। इस लिए हमें यह सोच कर किसी को भी नज़रअंदाज नहीं करना चाहिए कि इसे नहीं हो सकता है।

 

पूरे विश्व में सभी मानसिक विशेषज्ञ इस बात पर एकमत है कि मानसिक अवसाद की एक प्रमुख वजह 'निराशा' है। अब वह निराशा किसी भी तरह की हो चाहे वह पारिवारिक जीवन से सम्बंधित हो या व्यावसायिक जीवन से,पढ़ाई को लेकर हो या करियर को, अपने सपने के अनुसार मुकाम न मिलने को लेकर हो या किसी की कोई छोटी सी बात भी दिल को चुभन देने वाली हो। ऐसे में व्यक्ति ना तो ठीक से सोच पाता है और ना ही अपनी भावनाओं और व्यवहार पर नियंत्रण रख पाता है। हर तरफ दुःख निराशा और नकारात्मकता ही नज़र आती है। उसका किसी भी कार्य में मन नहीं लगता है, हमेशा यह महसूस करने लगता है कि वह कुछ भी नहीं कर सकता है, जीवन को बेकार समझने लगता है। निराशावादी हो जाता है। स्वयं को नुकसान पहुचाने के बारे में सोचने लग जाता है।

 

इस बीमारी का इलाज पूर्णतया संभव है अगर परिवार के लोग या उस व्यक्ति के इर्द गिर्द रहने वाले लोग सही वक़्त पर उस व्यक्ति में आये बदलाव को महसूस कर लें। लेकिन अनेक बार देखा गया है कि या तो करीबी लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते या फिर यह सोचकर किसी भी मानसिक विशेषज्ञ के पास सलाह लेने नहीं जाते कि कहीं इसे मानसिक रूप से विक्षिप्त ना समझ लें। लेकिन अब समय आ गया है हमें जागरूक होने का और मानसिक निराशा, तनाव व चिंता को मानसिक विक्षिप्तता नहीं बल्कि मानसिक अवसाद समझें और समय रहते इलाज करा लें ताकि इसके भयंकर दुष्परिणामों से वह व्यक्ति स्वयं और उसका परिवार पीड़ित ना हो। आवश्यकता इस बात की भी आ गयी है कि हम लोगों की मानसिकता को बदलें और यह समझने और समझाने की कोशिश करें कि जिस तरह हमारा शरीर बीमार होता है उसी तरह हमारा मस्तिष्क भी रोगी हो सकता है और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी हर व्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है। दोनों प्रकार से पूर्ण स्वस्थ व्यक्ति ही अपने परिवार, समाज और देश के विकास में अपना पूर्ण योगदान दे सकता है। इसलिए जरूरत है परिवार के लोगों के सहयोग की और उनकी कोशिश की कि डिप्रेशन से पीड़ित व्यक्ति का मनोबल और आत्मविश्वास कैसे बढ़ाया जाये?

 

एकल परिवार, परस्पर स्पर्धा, महत्वाकांक्षा, पारिवारिक झगडे, आर्थिक असमानता आदि-आदि अनेक ऐसे कारण आज की परिस्थिति में मानसिक अवसाद को बढाने के लिए जिम्मेदार हैं। इन परिस्थितियों पर विजय प्राप्त करते हुए तथा अपना सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए ही हमे आगे बढ़ना है। परिवार के हर सदस्य को हमेशा यह ध्यान रखना चाहिए कि मेरा परिवार मेरे साथ है।हर परिस्थिति में वह मुझे सहयोग ही करेगा। बच्चों को भी बचपन से सीखाना होगा है परिस्थिति और हालात कैसे भी हों, हमें दृढ़ता के साथ उनका सामना करना है। क्योंकि कोई भी परिस्थिति हमेशा एक जैसी नहीं रहती है। उन्हें यह भी सीखाना होगा कि अपने जो भी हालत हों, अपने परिवार और मित्रों के साथ अवश्य अविलम्ब साझा करने चाहिए, जो कुछ हमारे पास है उसमें खुश रहना चाहिए तथा जो नहीं है उसके लिए प्रयास करने चाहिए। पर, सबसे महत्वपूर्ण यह है की, असफल होने पर निराश कभी भी नहीं होना चाहिए। क्योंकि हमेशा यह याद रखना है कि अगर एक रास्ता बंद हो जाता है तो अन्य कई रास्ते खुल जाते हैं, साथ ही यह भी समझना है कि परिवर्तन प्रकृति का नियम है। आज जो परिस्थिति है वह कल अवश्य बदलेगी इसलिए जीवन में कभी हार मानकर निराश नहीं होना चाहिए।

 

हमें मानसिक अवसाद से पीड़ित व्यक्ति का ध्यान उसके अभिरुचि के काम में लगाने की कोशिश करनी चाहिए, जो माहौल उसे परेशान कर रहा है उससे उस व्यक्ति को दूर रखने की कोशिश करनी चाहिए। हमेशा कोशिश करनी चाहिए की उसे अकेला न छोड़े। योग, ध्यान और प्राणायाम के माध्यम से हम निश्चित रूप से मानसिक शांति की चेतना को जगाने का कार्य कर सकते हैं और शायद हम अन्य किसी ऐसी असामयिक, दुखद दुर्घटना को घटने से भी रोक सकते हैं।

 

आखिर क्यों? हम हमारे अमूल्य जीवन के प्रति लापरवाह हो जाते हैं? किसी भी तरह की बीमारी को गंभीरता से नहीं लेते हैं। क्यों नहीं समझते हैं कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क ही ईश्वर का सबसे बड़ा वरदान है। अब जब मानसिक बीमारी के बारे में लोग सचेत होने लगे हैं, खुले मंच पर बात करने लगे हैं तो हम सबका कर्तव्य बन जाता है कि हम भी अपने किसी भी मित्र, रिश्तेदार या पड़ौसी जो इस तरह की बीमारी से ग्रसित हो, जूझ रहा हो उसका समय रहते सहयोग करें,उसकी निराशावादी सोच को बदलने की कोशिश करें और बताएं की जीवन बहुत अमूल्य है और इस अनुपम धरोहर को एक जीवंत तरीके से जियें। और यह ध्यान रखें कि मानसिक बीमारी को किसी भी कीमत पर नज़रअंदाज़ ना करें।

 

अंत में मैं यह लिखना चाहूंगी कि हमारे "यजुर्वेद" के अध्याय 11/1 में निम्न लिखित वर्णित श्लोक को हमेशा अपनी प्रार्थना में शामिल करना चाहिए:

"तेजोसि तेजो मयि धेहि। वीर्यमसि वीर्यम महि धेहि।

बलमसि बलं मयि धेहि। ओजोस्योजो मयि धेहि।

मन्युरसि मन्युम मयि धेहि। सहोसि सहो मयि धेहि।"

अर्थात: हे परमात्मा! आप तेजरूप हैं, हमें तेज से सम्पन्न बनाइये। आप वीर्यवान हैं, हमें पराक्रमी साहसी बनाइये। आप बलवान हैं, हमें बलशाली बनाइये। आप ओजवान हैं, हमें ओजस्वी बनाइये। आप मन्यु रूप हैं, हमें भी अनीति का प्रतिरोध करने की क्षमता दीजिये। आप कठिनाइयों को सहन करने वाले हैं, हमें भी कठिनाइयों में अडिग रहने की और उन पर विजय पाने की शक्ति दीजिये।


Comments

  1. रेखा ये बहुत ही सुन्दर और सहज रूप में लिखा हुआ ब्लॉग है और वो भी एक अति महत्वपूर्ण विषय पर! निश्चित ही बधाई की पात्र हो। मेरा ऐसा मानना है कि इस विषय पर भगवान् श्री कृष्णा के दिए उपदेश बहुत प्रासंगिक है " मानसिक संतुलन को बनाये रखने के लिए तीन मुख्य आयामों की जरूरत है (१) दिमाग का प्रबंधन, (२) कर्तव्य प्रबंधन, और (३) सिद्धांतों का आत्म प्रबंधन। तुम्हारे ब्लॉग में भी ये सार गर्भित हैं। जो व्यक्ति इन तीन जीवन आयामों पर अपनी विजय प्राप्त कर लेता है वो फिर शायद ही कोई ऐसा कदम उठाएगा जो जीवन और मृत्यु की कशमकश हो। This Geeta Shloka is also relevant here: “ Delusion Arises From Anger, The Mind Is Bewildered By The Delusion, Reasoning Is Destroyed When The Mind Is Bewildered, and One Falls Down When The Reasoning Is Destroyed”.

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]