आखिर क्यों - 48 (सहगामिनी: हास्य का केंद्र) [Companion: Topic of Humour]
"तुम शब्द,मैं अर्थ,
तुम बिन,मैं व्यर्थ।"
चार शब्दों की यह दो पंक्तियाँ पति-पत्नी के खूबसूरत और एक दूसरे के प्रति सम्पूर्ण समर्पण को दर्शाती है। 'गागर मे सागर' की कहावत को चरितार्थ करती हुई ये खूबसूरत पंक्तियाँ अपने आप में इस रिश्ते की पूर्ण व्याख्या कर रही है। इनका अर्थ अहसास है आपसी जुड़ाव का,लगाव का,विश्वास का, त्याग का, प्यार का व एक दूसरे के अस्तित्व का। जिसके बिना दोनों एक दूसरे को अपूर्ण समझते है और एक दूसरे के साथ सम्पूर्ण। छोटी से शब्दों में रिश्ते की गहराई को सागर जैसा विशाल और गहरा बना दिया। अगर गूढ़ अर्थ में देखे तो इन पंक्तियों मे जीवन साथी के साथ की उपयोगिता की झलक है,आपसी सम्बन्धों की मधुरता तथा निर्भरता का जिक्र है। पति-पत्नी के रिश्ते की मजबूती,खूबसूरती और अटूट विश्वास को बयां करती है ये पंक्तियाँ।
यह खून का रिश्ता नहीं होता है पर खून के हर रिश्ते से बढ़कर होता है। दो आत्माओं का मिलन है यह रिश्ता।इसी लिए बहुत सोच समझ कर और देख परख कर निश्चित किया जाता है दोनों का रिश्ता। घर और समाज के लोग भी इसी लिए अपने आप को इस सम्बन्ध को जोड़ने में शामिल करते है ताकि वो अपने अनुभवों के आधार पर अपने बच्चों के जीवन साथी का चयन करे और उनके बच्चे अपने जीवन साथी के साथ अपने भावी जीवन में बहुत खुश रहे। सदियों-सदियों से पति-पत्नी के रिश्ते को बहुत पवित्र रिश्ता माना गया है। तभी तो इस रिश्ते को जोड़ने के लिये पवित्र अग्नि के चारों और सारे समाज के सामने फेरे लिए जाते है। एक दूसरे को पति-पत्नी मानने का संकल्प लिया जाता है। दोनों के द्वारा एक दुसरे को रिश्ता निभाने का वचन दिया जाता है। जीवनपर्यन्त सामाजिक कार्य हो या धार्मिक पूजा-पाठ या यज्ञ-हवन एक दुसरे के साथ ही पूर्ण होते है। दोनों का साथ ही एक-दूसरे को सम्पूर्ण करता है। एक दुसरे के बिना दोनों अधूरे है।
यह सत्य है कि हम हमारे जीवन में किसी की दखलंदाजी सहन नहीं कर पाते है पर अपने जीवन साथी का अपने जीवन में आना न केवल हम, बल्कि हमारे माता-पिता और हमारा समाज भी दिल खोल कर ख़ुशी ख़ुशी स्वागत करता है। हर माता-पिता का अपने बच्चे को लेकर बस यही एक सपना होता है कि उसे उसके जीवन मे एक अच्छे और सच्चे जीवन साथी का साथ मिले और वह उसके साथ अपने भावी जीवन को सुखमय व्यतीत करे। दोनों हर तरह की परिस्थिति में एक दुसरे के साथ खड़े रहे।
हाँ, यह सही है कि कभी-कभी कुछ
अपवाद स्वरुप भिन्न-भिन्न स्वभाव के लोग इस रिश्ते में बंध जाते है कि उनके रिश्ते
में कडवाहट आ जाती है। पर हर पति-पत्नी का रिश्ता ऐसा
होता है यह सच नहीं है,कुछ सामंजस्य और समझदारी के साथ अगर हम अपने रिश्ते को आगे
बढ़ाये तो यही एक रिश्ता है जो सब के साथ छोड़ देने के बाबजूद भी दोनों जीवनपर्यंत
एक दुसरे का साथ निभाते है। ऐसा रिश्ता जिसकी वफ़ादारी पर हमें
भरोसा है, विश्वास है, उम्मीद है और आशा भी है।
पर बहुत दुःख होता है जब उस रिश्ते का ही सबसे ज्यादा मजाक बनाया जाता है, आजकल व्हाट्स एप्प पर देखा जाता है कि लोग मजाक स्वरुप ही सही, पत्नी को लेकर अजीब-अजीब से संदेश भेजते है, चुटकले भेजते है, पत्नी का मजाक बनाकर कविता पाठ करते है, भरी महफिल में बैठकर पत्नी के नाम पर या इस रिश्ते के नाम पर कुछ भी बोलने लगते है। पर कभी कोई भी गंभीरता से सोचता है कि वह ऐसा क्यों करता है? सिर्फ लोगों को हंसाने के लिए या लोगों के बीच में अपनी छाप छोड़ने के लिए? ऐसा नहीं है कि जो लोग ऐसे संदेश भेज रहे है वे अपनी पत्नी का सम्मान नहीं करते या फिर उससे इज्ज़त नहीं देते है बस कुछ बोलना है तो यही बोल दो या फिर ऐसा कोई संदेश आया तो लोगों को हंसाने के लिए इसे भेज दो।क्या ऐसा करने वाले कभी सोचते है किक्या ये लोग कभी अपने अन्य रिश्तों को लेकर ऐसा मजाक बना सकते है, क्या कभी अपने माता-पिता या भाई-बहिन को लेकर कोई चुटकले सुनाते है या अपने मित्रों के साथ में बैठकर उनकी किसी कमी के बारे में चर्चा भी करते है नहीं न? फिर क्यो इसी रिश्ते को इतना हल्के में लिया जाता है?
बहुत से बुजुर्गों को भी इस तरह के
संदेश भेजते देखा है, पत्नी का मजाक बनाते देखा है। व्यक्तिगत रूप से कहूँ तो मुझे बहुत ख़राब लगता है ऐसे
संदेश या चुटकले पढ़ कर।कोई सम्मान नहीं रह जाता है ऐसे
पुरुषों और बुजुर्गों के प्रति। जिस पत्नी के साथ आपने अपना पूरा जीवन व्यतीत करके उम्र के इस पड़ाव पर आ गए
जहाँ आप दोनों अपने बच्चों और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों से निवृत होकर एक
दूसरे का सहारा बने हुए हो वहां अगर पत्नी के ऊपर कोई छीटाकशी हो रही है या चुटकले
भेजे जाते है तो आप कैसे उसका हिस्सा बन सकते है। ऐसे संदेश भेजकर अपनी कौनसी मानसिकता प्रदर्शित करते है, नहीं
समझ आता है। उम्र के इस पड़ाव पर सभी को ऐसा
उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए जिसमें लोग रिश्ते की मिसाल दे न की कुछ गलत सोचने को
मजबूर कर दे।हमें यह जानना है कि इस रिश्ते को
निभाने में कोई एक साथी दुसरे साथी पर अहसान नहीं कर रहा है दोनों बराबर से अपनी
पारिवारिक इकाई को चलाने में सहयोग कर रहे है,दोनों एक दूसरे के पूरक है।
आखिर क्यों, हम नहीं समझते है कि पति-पत्नी का रिश्ता सब रिश्तों से गहरा होता है, जन्म-जन्म तक साथ रहने की इसमें बात की जाती है। पति और पत्नी दोनों समाज में सम्मान के प्रथम अधिकारी है। दोनों को समाज में सम्मान प्राप्त करने के लिए यह आवश्यक है कि पहले दोनों एक दुसरे का सम्मान करे। लोगो के सामने एक दूसरे का उपहास करने से बेहतर है कि अपने सुखी जीवन की मिसाल पैदा करें न की चंद मिनिट के लिए आपकी बात पर हंस कर लोग का मनोरंजन करें।हमें हमेशा ध्यान रखना है कि इस प्यारे से रिश्ते से सारे रिश्तों की डोर बंधी हुई है यह रिश्ता प्यार और आपसी समझ से जुडा हुआ है। जहाँ प्यार है, तकरार है, रूठना है, मनाना है। हर रिश्ते की तरह थोडा बहुत मजाक इस रिश्ते में भी चलता है पर सोशल मिडिया पर जिस तरह इसका मजाक बनाया जा रहा है वह बिलकुल गलत है।

Comments
Post a Comment