आखिर कैसे - 2 (कृतज्ञता: अनमोल निधि) [Gratitude: A Priceless Treasure]

कृतज्ञता और कृतघ्नता सामान से दिखने वाले ये दो शब्द एक दूसरे के विपरीत हैं। पर हमारे रिश्तों को बनाने और हमारे व्यक्तित्व को दर्शाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। हमें हमेशा से ही यह सिखाया जाता है कि किसी के द्वारा जरूरत के समय की गयी किसी भी तरह की मदद के लिए हमेशा कृतज्ञ रहना चाहिए तभी हम सही मायने में एक सफल और सभ्य व्यक्ति माने जायेंगे, पर क्या वास्तविकता में ऐसा सभी लोग करते हैं? या फिर अपना काम निकला और रास्ता बदला!! ऐसे रास्ता बदलने वालों को ही कृतघ्न समझा जाता है।

कुछ समय पहले मैं सुप्रसिद्ध लेखक चेतन भगत के बारे में सोशल मीडिया पर पढ़ रही थी। उसमें उन्होंने बहुत ही अचंभित करने वाली बात कही। उन्होंने बॉलीवुड के अंदर की राजनीति पर बात करते हुए बताया कि वो भी इस राजनीति के शिकार बन चुके हैं। सुपर-डुपर हिट हिन्दी फिल्म "थ्री इडियट" के निर्माता राजु हिरानी पर स्पष्ट शब्दों में आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इनके कारण मुझे मानसिक तौर से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। उनका दावा है कि लोकप्रिय फिल्म "थ्री इडियट" की कहानी उन्ही के द्वारा लिखी उपन्यास "Five Points Someone" पर आधारित है जबकि राजकुमार हिरानी का दावा है कि इसकी कहानी अभिजीत जोशी और उन्होंने स्वयं लिखी है। सत्य क्या है और क्या नहीं, यह तो नहीं पता है। पर मेरा प्रश्न और मेरा आज का विषय यही है कि आजकल कोई भी व्यक्ति किसी को भी क्रेडिट देने में पीछे क्यों रहता है?

अगर हमने किसी से कुछ सीखते है या किसी की अवधारणा का प्रयोग करते हुए हम कोई रचनात्मक कार्य करते है या किसी की सलाह से कुछ कार्य करते है या किसी भी तरह की मदद हम लेते है चाहे वह शारारिक हो, वैचारिक हो,आर्थिक हो या फिर अन्य किसी भी तरह की तो हम कहने में क्यों पीछे रहते है कि हमारे किसी भी किये गए कार्य के पीछे किस का सहयोग है? हम क्यों झिझकते है यह स्वीकार करने में कि हमने किसके सहयोग से उपलब्धि हासिल की है? ऐसा करने से न तो हमारी उपलब्धि को कम आँका जाएगा और न ही समाज में हमारा मान कम होगा,फिर क्यों हम कंजूसी करते है किसी के प्रति कृतज्ञ रहने में?

 मैं अपनी एक मित्र को जानती हूँ जिसे हर बार आदत है अपने आप को वैसा ही हूबहू बनाने की जैसा उसने अपने किसी दोस्त को देखा है घर, गाड़ी, ड्रेस या कही घूमने जाना हो हमेशा अपने दोस्तों का जैसा ही करती है, पर कभी यह नहीं बताती है कि यह उसने किस से सीखा। जब भी पूछेंगे हमेशा एक ही जबाब देती है कि मुझे तो पहले से ही यह आता है या यह तो मैंने बहुत पहले से ही सोचा हुआ था। आज हालात यह हो गए है कि हम कोशिश करते है कि उसे हमारी कोई भी नई चीज या कोई भी नयी योजना का पता ही न चले। गलत यह नहीं है कि उसकी सोच ऐसी है,गलत यह भी नहीं है कि वह किसी से कुछ सीखती है और वैसा ही करने की पूर्ण रूप से कोशिश करती है पर गलत यह है कि वह किसी के प्रति कृतज्ञ नहीं होती है क्या फर्क पड़ता है यह कहने में कि मुझे फलां व्यक्ति कि यह बात अच्छी लगी इसलिए मैंने भी उसका अनुसरण किया है। ऐसा करने से दोनों का ही मन प्रसन्न हो जाता है और रिश्ते में ईमानदारी भी रहती है। हर व्यक्ति किसी न किसी से कुछ न कुछ सीखता ही है और सीखा ही है तो कृतघ्नता क्यों? सीखता है तब ही तो वह किसी को कुछ बता पाता है, फिर कृतज्ञता में पीछे क्यों?

यह सत्य है कि कोई भी व्यक्ति पूर्ण रूप से हर विषय में महारत हासिल नहीं कर सकता है उसे अपने जीवन में किसी न किसी समय अन्य की मदद तो चाहिए ही। फिर यह सत्य स्वीकार करने में क्या शर्म है। बल्कि किसी के प्रति कृतज्ञता तो हमारे स्वभाव की एक विशेषता है, हमारा एक गुण है। अगर हम किसी से कुछ नहीं सीखने का दावा करते है या अपने आप को विशेषज्ञ समझने लगेंगे तो हम हमारा विकास वही रोक देंगे जबकि सत्यता यह है कि हम ताउम्र कुछ न कुछ सीखते रहते है और यही हमारे स्वस्थ रहने और जिन्दा रहने की निशानी भी है।

हाँ,जहाँ यह सत्य है कि हमें सिखाने वाले के प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए वही एक सत्य यह भी है कि अनेक बार यह भी देखा गया है कि अनेक बार कृतज्ञता प्रकट करने के कारण कभी किसी समय मदद करने वाला व्यक्ति इतना ज्यादा गुरुर में आ जाता है उसकी मज़बूरी का फायदा उठाते हुए हमेशा हमेशा के लिए उसे अपने नियंत्रण में रखना चाहता है और यह भी पूर्ण रूप से गलत है। जिस तरह कृतज्ञ रहना हमारे व्यक्तित्व का एक गुण है उसी तरह किसी की जरुरत पड़ने पर मदद करना भी एक गुण है पर उस मदद को ताउम्र जताते रहना और उसका वास्ता देकर हमेशा उस व्यक्ति को अपना गुलाम समझ लेना,उसका फायदा उठाना भी कृतघ्नता स्वरुप अवगुण है। और इस तरह का व्यव्हार भी रिश्तों और दोस्ती में कड़वाहट लाने के लिए अपना योगदान देता है। उस वक्त क्या परिस्थिति थी और क्या जरुरत थी जिसको जो समझ आया कर दिया, पर उस मदद का वास्ता देकर मदद लेने वाले व्यक्ति को यह सोचने पर मजबूर मत करो कि वह कौनसा अभागा पल था कि मुझे इस व्यक्ति का अहसान लेना पड़ा। मतलब हर बात की अति वाकई में सही नहीं है।

हमारी संस्कृति में गुरु को महत्व देना, उसको वंदनीय मानना,उसके प्रति कृतज्ञ रहना हमेशा- हमेशा से ही रहा है। इसके पीछे कारण भी तो यही है कि गुरु हमें हर वह ज्ञान प्रदान करता है जो उसके पास है पर कभी भी इस बात का गुरुर नहीं करता है कि मेरे कारण ही यह संभव हो पाया है और इसी कारण गुरु को संत कबीर ने भगवान से भी ऊँचा दर्जा दिया है।हमें यही समझना है कि रोज की जिंदगी में अगर हम किसी से कुछ सीख रहे है या उसके किसी भी तरह की कला,साहित्य या विचारों का हम प्रयोग कर रहे है तो हमें अपनी कृतज्ञता अवश्य प्रकट करनी चाहिए और अगर किसी की मजबूरी में उसकी मदद की है तो उसे जताना नहीं चाहिए। तभी सही मायने में हम इंसानियत का एक कदम उठा पाएंगे।

कृतज्ञता हमारे हृदय की स्वच्छता,ईमानदारी और विनम्रता की परिचायक होती है। हमें अपने प्रति कभी भी और किसी भी रूप में की गई सहायता के लिए आभार अवश्य व्यक्त करना चाहिए और इसी एक गुण के बल पर समाज और इंसान में एक सहज संबंध विकसित होता है अन्यथा ऐसा वक्त आ जाएगा है कि सभी व्यक्ति उस व्यक्ति को सहयोग करना बंद कर देंगे और वह बिलकुल अकेला रह जाएगा।

आखिर कैसे, हम समाज की मानसिकता को इन विचारों के आयाम से बदले जहाँ कृतज्ञता विनम्र स्वभाव बन कर उसमें अंर्तनिहित हो जाए और उस से उपजे गुरुर का स्वतः ही अंत हो जाये। गुरुवर वाल्मीकि जी ने भी रामायण में लिखा है है कि "ईश्वर ने जो कुछ दिया है उसके प्रति हमेशा कृतज्ञता प्रकट करो।" कृतज्ञता इंसान की सर्वोत्कृष्ट विशेषता है ।

Comments

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]