विश्वास का विश्वासघात [Betrayal of Trust]
कुछ दिनों पहले जयपुर से
दिल्ली हम सड़क मार्ग से आ रहे थे। अपनी यात्रा को थोड़ा विराम देने के लिए हम माधव
ग्रुप का एक रेस्टॉरेंट 'होटल हाईवे
एक्सप्रेस वे' पर रुक गए थे।
बहुत बड़ी जगह में यह रेस्टॉरेंट बना हुआ है। कोरोना के इस समय में हम यही सोच कर यहाँ रुक गए कि इतनी बड़ी जगह है तो सामाजिक
दुरी अच्छे से बनाये रख सकते है। हम लोगों ने वहां पर थोड़े बहुत खाने के बाद
पेप्सी की एक कैन यह सोच कर खरीद ली कि आगे रास्ते में अब कहीं नहीं रुकना है तो
यह ठीक रहेगी। हमसे उस कैन के उन्होंने 120 रूपए लिए। जब हमने इसका बिल माँगा तो हमें कहा गया की हम सॉफ्ट ड्रिंक का बिल
नहीं देते है। यह सुनकर हमें बहुत हैरानी हुई क्योकि कैन पर कोई कीमत ही अंकित नहीं थी और न ही ये लोग
हमें इसका बिल दे रहे है। यह तो ग्राहक के साथ सरे आम ठगी थी और हम लाचार थे मुहं
माँगा दाम देने के लिए। काउंटर वाले लड़के से इन दोनों विषयों पर काफी बहस भी की,पर उसके पास एक ही जबाब था कि हमें ऐसा ही कहा
गया है। वह गलत भी नहीं था,वह तो वहाँ नौकरी
ही कर रहा था। लेकिन हमारे बार बार बिल के लिए जिद करने पर उसने हमारी किसी
व्यक्ति से फ़ोन पर बात कराई।वह मैनेजर था या मालिक नहीं पता, पर हमारी पूरी बात
सुनने के बाद उसने हमें जो जबाब दिया वह और भी आश्चर्य जनक था। उसने हमसे कहा कि ”यह
इम्पोर्टेड(विदेश से आई हुई)ड्रिंक है इस लिए इस पर न तो अधिकतम खुदरा मूल्य अंकित
होता है और न ही इसका बिल दिया जाता है और अगर आपको इसकी कीमत को लेकर कोई समस्या
है तो आप अमेजॉन पर इसकी कीमत देख ले और उस से 10 रुपये कम दे दे।“ हम लोग यह जबाब सुनकर एक दूसरे की ओर
देखने लगे और 120 रूपए देकर अपनी
गाड़ी में आकर बैठ गए। सब कुछ जानते हुए भी कुछ नहीं कर पाए। न बिल मिला और न ही उस
ड्रिंक की असली कीमत पता चली।
लेकिन इस घटना ने मुझे
दिल्ली तक के सफर में यह सोचने को मजबूर कर दिया कि क्यों ऐसा होता है हमारे देश
में। क्यों लोग मौके का फायदा उठाते है?क्यों लोग कानून का पालन नहीं करते है? एक आम आदमी के अधिकारों का हनन क्यों इतनी आसानी से लोगों
के द्वारा किया जाता है? मैं जिस वस्तु या
सामान को पैसे देकर खरीद रही हूँ उसका बिल लेनी मेरी नैतिक और मौलिक जिम्मेदारी
है। फिर क्यों मुझे बिल देने के लिए कैसे कोई मना कर सकता है। ऐसे लोग आम जनता को
तो लूट ही रहे है अप्रत्यक्ष रूप से देश को भी लूट रहे है । मैं एक ईमानदार नौकरी
पेशा अपनी आय का एक बहुत बड़ा हिस्सा आयकर के रूप में भारत सरकार को देती हूँ ताकि
मेरे देश का विकास हो सके, पर अपने आप को बेबस सा महसूस करती हूँ और सोचने को
मजबूर होती हूँ कि अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई और अपने खर्चों में कटौती कर के मैं आयकर
दे रही हूँ तो क्या में बेबकूफ हूँ। क्या ऐसे पैसे बचाकर ही लोग इतनी प्राइम
लोकेशन पर इतने बड़े बड़े रेस्टोरेंट खोल लेते है और हम जैसे लोगों को फिर लूटने
लगते है और वो अमीर, और अमीर होते जाते है।
बाट और माप (पैकेज्ड
कमोडिटीज) नियम के तहत सभी पैक माल पर अन्य आवश्यक जानकारी के अलावा अधिकतम खुदरा
मूल्य लिखना अनिवार्य है। फिर क्यों ये लोग कानून का उल्लघन करते है। इनकी हिम्मत
इतनी बढ़ने के पीछे शायद एक कारण यही है कि ये भी जानते है राष्ट्रीय राज मार्ग पर
लोग आते है और खा पी कर अपने सफर पर आगे निकल जाते है। कौन इन छोटी छोटी बातों को
लेकर इन्हे परेशां करेगा और आम आदमी कानून के झमेले में पड़ेगा? कोई मुझ जैसा कोई
कह भी देता है तो उसे कह कर चुप करा देते है कि अमेजॉन की कीमत से कम देकर चले
जाओ।यानि मामला यही रफा-दफा! पर क्या यह सही आदत है? देखा जाए तो सुबह से लेकर शाम तक ये लोग ऐसे कितनी जनता को
लूट रहे है और साथ ही सरकार के पैसों की चोरी कर रहे है। अप्रत्यक्ष रूप से ऐसा
पैसा कमा रहे है जिसका कही हिसाब ही नहीं है।
लेकिन सोचने वाली बात यह है इसमें गलती सिर्फ क्या इस रेस्टॉरेंट मालिक की ही है मेरी नज़र में तो शायद नहीं। अगर
उसमें अधिकतम खुदरा मूल्य अंकित ही नहीं है तो इसमें तो पेप्सी कम्पनी भी कहीं न
कहीं जिम्मेदार है क्योकि खुदरा मूल्य तो वही अंकित करती है। अब प्रश्न यह है कि
विश्व प्रसिद्ध ये कंपनीज ऐसे क्यों कर रही है? क्यों बिना खुदरा मूल्य अंकित किये
बाज़ार में अपना सामान भेज रही है कहीं इसमें इनका भी कुछ कुछ फायदा तो नहीं है?यह
तो खुलमखुल्ला धोखाधड़ी है आम जनता के साथ में और साथ में सरकारी कानूनों का भी
उल्लंघन भी।
यह सच है कि अगर हर व्यक्ति और कम्पनी ईमानदारी से अपना व्यापार करे और सरकार को आयकर दे तो एक विशेष वर्ग के ऊपर ही कर का इतना भार ही नहीं आएगा। लेकिन इस कलयुग में व्यक्ति विशेष तो ऐसा सोचेगा नहीं। इसके किये सरकार को ही कड़े कानून बनाने होंगे,पालन भी कड़ाई से ही कराना होगा और इसकी सजा भी कड़ी ही करनी होगी तब ही शायद ऐसे लोग खुले आम लुटेरे बनने से रुकेंगे। अन्यथा इनका सरकार और जनता दोनों को लूटने का सिलसिला यूँ ही चलता रहेगा। यह अमीर और अमीर बनते ही जाएंगे और अपनी कमाई का एक तिहाई हिस्सा कर के रूप में देने वाला व्यक्ति अपने मध्यम वर्ग के तमगे से ऊपर उठ ही नहीं पाएगा।
ऐसा माहौल और लोगों की ऐसी निडरता को देख कर कभी-कभी
तो मन में ये विचार आने लगते है कि क्या लोग ऐसे ही अमीर बनते है? एक गलत घटना हमें क्या-क्या सोचने पर मजबूर कर
देती है?
मेरा मानना है कि कम से कम फार्च्यून
500 जैसी विश्व प्रसिद्ध बड़ी कम्पनीयों को तो अपना विश्वास आम जनता के बीच में
बनाये रखना चाहिए। अब उन्हें
आत्मनिरीक्षण करना होगा कि उनकी अच्छी साख कैसे बरक़रार रहे। साथ ही उनकी जिम्मेदारी भी है कि नई आने वाली कंपनियों और
अन्य छोटी कंपनियों के लिए उदहारण प्रस्तुत करे न कि ऐसे छोटे फायदे के लिए अपने
नाम को ख़राब करें।

आपने काफी अच्छे से इस खुलेआम लूट का का पर्दाफाश किया है। हमारी मजबूरी है कि अनजान जगह पर इन सब चीजों के लफड़े में पड़ना नही चाहते है जिसका हाइवे के किनारे होटल वाले भरपूर फायदा उठाते हैं।
ReplyDeleteRekha, abroad there is no price mentioned on anything. Every supermarket keeps changing the price even, but bill is given for the snallest purchase. So the tax gets paid. Customer has a chouce to buy from where he wants. Very items have a controlled govt price, eg bread, sugar etc.
ReplyDelete