शौक फरमाऐं तो जिम्मेदारी भी निभाएँ [Hobby Brings Massive Responsibility]

आज का ब्लॉग लिखने के लिए जो विचार मेरे मन में आया है उस सोच को लेकर मैं अनेक दिनों से असमंजस की  स्थिति में हूँ, क्योंकि मैं अपने ब्लॉग में विवादित विषय नहीं लाती हूँ और  आज का मेरा विषय विवादित हो सकता है उन  लोगों की नज़र में जो की जानवरों को घर में पालते है।  

आज कल  जानवरों को पालतू बनाकर घर में रखने का काफी प्रचलन चल पड़ा है। यह शौक है या फैशन बन गया है यह तो मुझे नहीं पता पर अब सुबह शाम जब भी कम यातायात वाली सड़क पर निकलते है तो अपने पालतू कुत्तों को घूमाते हुए बहुतायत में लोग  मिल जाते है। जहाँ सड़क पर आवारा कुत्तों की कोई कमी नहीं  है वहीं  पालतू कुत्तों की  सख्यां  उनसे कहीं ज्यादा ही नजर आती है।  जिसकी वजह से सड़क पर जाना बिलकुल भी सुरक्षित नहीं लगता है। आवारा कुत्तों के लिए तो नगरपालिका को सूचित कर देने पर  वो लोग पकड़कर ले भी  जाते है पर इन पालतू कुत्तों  का क्या करें यह समझ के परे है। उनको तो हम समझा नहीं सकते है और  उनके मालिक भी इस बात को समझने और सुनने  के लिए  तैयार नहीं होते है। 

उनके शौक को हर कोई पसंद करे यह आवश्यक तो नहीं है न? और  उनके इन शौकों से किसी को परेशानी न हो इसका उन्हें ध्यान रखना ही चाहिए। किसी  भी तरह के  शौक रखने पर  सामाजिक  अनुशासन का पालन अत्यंत आवश्यक है। पर इन जानवरों को रखने वाले लोग यह सब समझने के लिए तैयार ही नहीं होते  है। अपने जानवरों को वो  जो कुछ भी अनुशासन सिखाते है वह सिर्फ घर तक ही सीमित होते है,  घर के बाहर चाहे वो सार्वजानिक जगह खराब कर रहे है या किसी व्यक्ति विशेष को परेशानी हो  रही है उस से उनके मालिकों को  कोई  सरोकार नहीं होता है। इसमें उस बेचारे जानवर जिनकी प्रकृति ही स्वछंद होती है उसका तो कोई दोष होता  ही नहीं है, उसे क्या पता कि उसे कहाँ क्या करना है,वह तो अपने मालिक के आदेशों का  गुलाम है। पता नहीं प्राकृतिक रूप से स्वछंद रहने वाले इन जानवरों को  एक छोटी सी जगह में कैद कर के रखने से क्या खुशी मिलती है?

खैर,मेरा आज का विषय यह नहीं है कि लोग  जानवरों को घर में क्यों पालते है । यह सब का अपना-अपना नजरिया और सोच है। लेकिन इन पालतू जानवरों को रखने वालों से एक ही शिकायत है कि ये  लोग  अपना घर साफ़ रखने के लिए इन जानवरों को जो अनुशासन सिखाते है वह घर के बाहर के लिए भी सिखाएं।  रोज सड़क पर लेकर आते है और सड़क पर ही इन  जानवरों से मल त्याग करवा के चलते बनते है। यह कभी नहीं सोचते है कि यह जानवर कहाँ पर मल त्याग कर रहा है?कभी सड़क के बीचो बीच तो, कभी फुटपाथ परऔर कभी किसी मोड़ पर।    बिना यह चिंता किये हुए कि उनकी इस गलत आदत की वजह से कितने लोगों को परेशानी होती होगी। कितने लोगों के पैर खराब होते होंगे,कपडे ख़राब होते होंगे। उस से भी ज्यादा बेचारे सफाई करने वाले इंसान,उन्हें कितना गंदा महसूस होता होगा। सुबह और शाम के समय की  हालत तो यह होती है कि हम कुछ कदम भी सड़क से नज़र हटा कर चल ही नहीं  सकते है। हर जगह गंदगी नज़र आती है। क्यों इन जानवरों को  रखने वालों की  सोच वहाँ तक जाती ही नहीं  है कि हमारे घर के बाहर के  क्षेत्र को साफ़ रखना भी हमारा  ही उत्तरदायित्व है। जब आपने जानवर को यह सीखा रखा है कि घर को गन्दा नहीं करना है तो यह भी सिखाओ कि सड़क को भी गन्दा नहीं करना है और स्वयं भी सीखों।  इतने सुन्दर सुन्दर पार्क यहाँ बने हुए है जहाँ छोटे-छोटे बच्चे तो खेलते ही है साथ ही हर उम्र का  व्यक्ति वहाँ अपनी विभिन्न गतिविधियां जैसे कि भ्रमण,व्यायाम,ध्यान  आदि करने आते है,  वहाँ भी इन पालतू जानवरों को  लेकर पहुँच जाते है। 

मैंने अपने एक मित्र को देखा है कि जब भी वह अपने कुत्ते को बाहर लेकर जाती है तो अपने साथ हमेशा पॉटी पिकर लेकर जाती है जो सच में प्रशंसनीय है। जब बाजार में ऐसे  सामान  उपलब्ध है तो जानवर पालने वाले लोग इनका प्रयोग क्यों नहीं करते है ताकि कहीं गंदगी ही नहीं होगी। पर  शायद उनकी छोटी सोच वहां तक जाती ही   नही होगी कि अगर  सड़क खराब हो रही है  तो उनका  भी कुछ खराब नहीं  हो  रहा हैऔर न ही सड़क पर गंदगी करने का  उन्हें कोई जुर्माना देना पड़ रहा है तो वो क्यों इन सब का प्रयोग करेंगे? एक  जिम्मेदार नागरिक के तौर पर वो अपनी कोई भूमिका ही  नहीं समझते  है।न ही यह मानते है कि  हमारी सोसायटी,हमारा शहर,हमारा देश हमारा घर ही तो  है और उसे  साफ रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।

हमारे माननीय प्रधानमंत्री  श्री मोदी जी का  'भारत  स्वच्छता अभियान' का सपना जिसकी घोषणा  उन्होंने लाल किले  से की थी उसका उल्लंघन एक पढ़ा लिखा सभ्य वर्ग ही कर रहा है। अब क्या इसके लिए भी उन्हें दुबारा लालकिले से सम्बोधित करना पड़ेगा? क्योकि गॉंव का व्यक्ति इस इशारे को समझ कर इस अभियान के तहत अपना योगदान देने की कोशिश कर रहा है पर शहरों में सभ्य लोगों के द्वारा फैलाई जा रही इस  गंदगी को बिलकुल भी नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता है। 

 हमारे अंदर कोई व्यावहारिक ज्ञान नहीं है ऐसा  नहीं है पर सच्चाई यह है कि  हम समझना ही नहीं चाहते है क्योकि आज व्यक्ति इतना स्वार्थी हो गया है  कि अपने शौक के सामने किसी और को हो रही असुविधा  से उसका  कोई सरोकार ही नहीं रहा है।अगर जानवर को रखने का इतना ही शौक है तो अन्य व्यक्तिओं को उस से होने वाली असुविधा की  नैतिक जिम्मेदारी भी आपकी है उस जानवर की  नहीं। वह बेजुबान तो  मालिक के निर्देशों का पालन करता है। वह तो बंद घर में भी अपनी इच्छा से  नहीं रह रहा है तभी तो घर बाहर निकलते ही अन्य गली के कुत्तों को देख कर उसकी खुशी देखते  ही बनती है। पर जब ये मालिक इंसानो की तकलीफ को ही नहीं समझ पा रहे है तो इन  जानवरों  की भावना को कैसे समझेंगें ? 

हमारी सरकार शायद व्यक्ति के इस गैर जिम्मेदाराना स्वभाव को अब समझ गयी है इसीलिए अब वह भी कोई ठोस कदम उठाने की दिशा में कुछ नया करने का सोच रही है। दिल्ली  नगर निगम अधिनियम 1957 की धारा 399 के तहत दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने अब पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया है।प्रत्येक सोसाइटी को  भी यह जिम्मेदारी दी है कि वह पालतू कुत्तों को रखने वाले मालिकों की सूची नगरपालिका को दे।  शायद  इस दिशा में सरकार के  हस्तक्षेप की एक शुरुआत है क्योकि  अगर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी नहीं समझ रहा है तो सरकार को तो आगे आना ही होगा।

Comments

  1. Rekha mam Namaste...
    Is blog m kafi kam ki bat likhi h apne. Aisa aksar dekhne ko milta h pet dogs ko kahin bi chor dia jata h. Hamara kaam ab is blog ko share krne ka hain jisse logo tak ye baat phaunche.
    Appreciated🤙

    ReplyDelete
  2. So true. People are more considerate and disciplined abroad. Whenever the animal shows indication of pooping, they spread a paper or polythelene to collect and throw in the dustbin.
    Here, i was aghast to see the balcony of a lower floor, full of dog poo. How can i use my balcony? Is balcony a dog's bathroom? If so, at least, clean it immediately.
    You are right, there is a lack of civic sense.

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]