शिक्षा प्रणाली के बदलते मापदंड [Changing Yardsticks of the Education System]

भारत के चीफ जस्टिस एन वी रमना (CJI N V Ramana) ने सोमवार, 22 नवंबर को कहा कि आधुनिक शिक्षा प्रणाली केवल शिक्षा के उपयोगितावादी पहलू पर केंद्रित है और यह शिक्षा के नैतिक या आध्यात्मिक पहलू से निपटने में विफल है जो चरित्र का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि "दुर्भाग्य से, आधुनिक शिक्षा प्रणाली केवल शिक्षा के 'उपयोगितावादी' पहलू पर ध्यान केंद्रित करती है।  ऐसी प्रणाली शिक्षा के 'नैतिक' या 'आध्यात्मिक' पहलू से निपटने के लिए सुसज्जित नहीं है जो हमारे छात्रों के चरित्र का निर्माण करती है और उनमें सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है। "

चीफ जस्टिस ने आगे कहा कि "सच्ची शिक्षा वह है जो नैतिक मूल्यों और विनम्रता, अनुशासन, निस्वार्थता, करुणा, सहिष्णुता, क्षमा और आपसी सम्मान के गुणों को आत्मसात कराये।  शिक्षा को आपके चरित्र को ऊंचा करना चाहिए और आपकी सोच को व्यापक बनाना चाहिए। जीवन की जटिलताओं का सामना करने पर यह आपको सही निर्णय लेने में सक्षम बनाता है।"अक्सर शिक्षा का अर्थ अकादमिक सीख समझा जाता है।  लेकिन वास्तव में शिक्षित होने का अर्थ इससे कहीं अधिक है। सच्ची शिक्षा का परिणाम छात्र के जीवन में कहीं अधिक समग्र सकारात्मक परिवर्तन और उन्नति के रूप में होना चाहिए।'

चीफ जस्टिस की इन बातों ने हम सब का ध्यान आजकल विद्यालयों और कॉलेज  में दी जा रही शिक्षा की ओर आकर्षित  किया है।  विद्यालयों का भी बस एक ही उद्देश्य होता है कि किस तरह उनके विद्यालय का परीक्षा परिणाम सबसे बेहतर आये। सिर्फ विद्यालयों में ही नहीं अपितु माता पिता का भी शुरू से ही  यह सपना हो गया है कि बेटा हो या बेटी बस बहुत अच्छी पढ़ाई करे,बहुत अच्छे नम्बर लेकर आये,कक्षा में हमेशा प्रथम आये। छोटे छोटे बच्चों के ऊपर पढ़ाई  का इतना ज्यादा दबाब बना दिया जाता है कि वह अपने बचपन को सही ढंग से जी ही नहीं पाता है। किताबी ज्ञान के अलावा कुछ और जैसे अध्यात्म,संस्कार,पौराणिक बातें इन सब को सिखने का न तो बच्चों के पास समय होता है और न ही घर या स्कूल में इतना जोर दिया जाता है। कितने चरित्रवान बच्चे किसी विद्यालय से निकले यह रिकॉर्ड किसी भी स्कूल के पास नहीं मिलेगा और लेकिन परीक्षा परिणाम का प्रचार जोर-शोर से होता है। 

सच में बहुत आश्चर्य की बात है कि जैसे जैसे हम आधुनिकता की ओर कदम बढ़ाते जा रहे है,हमारा ध्यान बस परिणाम की ओर ही  केंद्रित होता जा रहा है,पढ़ाई में भी जब तक बच्चे छोटी कक्षाओं में औपचारिकतावश  कुछ  नैतिक शिक्षा की किताबे पढ़ा दी जाती है पर बच्चे उसका अनुसरण कर रहे है या नहीं इस पर इतना ध्यान नहीं दिया जाता है। बड़ी कक्षाओं में आते-आते ये किताबें भी न जाने कहाँ खो जाती है। किसी के साथ मिल बाँट कर रहना,परिस्थितियों से सामंजस्य करना अब बच्चों को मानो  सिखाया ही नही जाता है। 

धर्म,संस्कृति, आचार-व्यवहार जैसी शिक्षा तो अब सिर्फ नाम -मात्र  के लिए दी जाती है। समाज में कैसे सभी  के साथ मिलजुल कर रहना है,किसी के साथ कैसे व्यवहार करना है,सामाजिक मूल्य क्या है,अपनी परम्पराओं को कैसे आगे लेकर जाना है अनेक ऐसी बातें है जिन्हे प्रमुखता से सिखाना तो जैसे पुराना फैशन हो गया है और इनकी बातें करना पुरानी सोच।

लेकिन क्या हम कभी इस बात की गहराई को समझ पा रहे है कि इन सब बातों से अपने बच्चों को अनभिज्ञ रख कर हम अपनी  संस्कृति, परम्परा और  धर्म  से तो  उन्हें  दूर कर ही रहे है साथ ही भौतिकवादी समाज की ओर  धकेल कर उन्हें समाज और परिवार जैसी संस्था से भी दूर कर रहे है,भविष्य में ये ही बच्चे इतने आत्मकेंद्रित हो रहे है कि वो अपने दुःख सुख भी किसी के साथ साझा कर ही नहीं पाते है,किसी भी तरह की जिम्मेदारी उठाने से बचने लगे है। उनके स्वभाव के  विपरीत परिस्थितियों के आने पर परेशान हो जाते है। उनका सामना नहीं कर पाते है।परिणामतः अनेक तरह के मानसिक तनाव,हताशा ओर अकेलेपन का शिकार होने लग जाते है।

उन्हें पैसा कैसे कमाना है यह सिखाने के लिए तो हम पढा रहे हैं और घर से लेकर विद्यालय तक इस ही  बात पर जोर दिया जा रहा  है पर उस पैसे का सदुपयोग कैसे किया जाए, यह शिक्षा हम नहीं दे रहे है।  जब तक बच्चे के समग्र विकास की ओर माता पिता तथा स्कूल ध्यान ही नहीं देगा तो वह कैसे एक जिम्मेदार नागरिक बनेगा, कैसे वह एक सच्चा इंसान बनेगा, और कैसे वह समाज, परिवार तथा समस्त मानवजाति के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वाहन करेगा? कैसे वह अपने मानव जीवन की सार्थकता को सिद्ध करेगा? कभी सोचते है हम इस बारे में? 

शायद अब आवश्यकता है हमें जागरूक होने की,बच्चों को वास्तविकता का धरातल दिखाने की। अपनी पुरातन संस्कृति और पौराणिक कथाओं से बच्चो को जोड़े रखने की। हमारे वेद,पुराण,गीता जैसे पौराणिक ग्रन्थ जिनकी वैज्ञानिकता को आज सारी दुनिया मानने लगी है उनका ज्ञान भी बच्चों को सिखाया जाए,उनकी सार्थकता को समझाया जाए। माता पिता और अध्यापकों को यह समझने की कि सिर्फ किताबी ज्ञान ही नहीं बल्कि व्यवाहरिक ज्ञान, चरित्रवान और अच्छा आचरण होना भी अत्यंत जरुरी है।  

हमारे भूतपूर्व राष्ट्रपति श्री शंकर दयाल शर्मा का यह महत्वपूर्ण कथन स्मरणीय है कि - "किसी शिक्षित चरित्रहीन व्यक्ति की अपेक्षा एक अशिक्षित चरित्रवान व्यक्ति समाज के लिए अधिक उपयोगी है।" क्योकि वह चरित्रवान व्यक्ति समस्त समाज को सुधारने का होंसला रखता है।

शिक्षा अति आवश्यक है लेकिन बुनियादी शिक्षा के साथ साथ अगर छात्र के व्यक्तित्व के  समग्र विकास की ओर भी शुरू से ध्यान दिया जाए तो अवश्य  ही भविष्य में वह  एक जिम्मेदार नागरिक बनेगा तथा समाज, देश और समस्त विश्व के चहुमुखी विकास में अपना सकारात्मक योगदान दे सकेगा साथ ही  अपनी आने वाली पीढ़ी को भी अच्छे संस्कार देने का हर संभव प्रयत्न करेगा। 

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]