शिक्षा तभी अर्थ पूर्ण, जब करे सम्पूर्ण विकास [Education Complete Only When Provides Development]



शिक्षित व्यक्ति किसी को बोला जाता है तो एक अर्थ दिमाग में आता है तो वह यही कि वह पढ़ा लिखा होगा उसे किताब पढ़ना आता होगा। ज्यादा शिक्षा की बात हो तो उसने किसी भी विषय पर विशेषज्ञता हासिल कर रखी होगी।।अगर किसी देश या राज्य में शिक्षित लोगों का आंकड़ा देखा जाता है तो उसके पैमाने भी यही होते है। जब कही किसी अनपढ़ व्यक्ति को देखते है तो उसे भी यही कहते है कि इतनी पढाई तो कर लो कि तुम अपने हस्ताक्षर कर सको और कम से कम इतना समझ सको कि कोई तुम से कहाँ और क्यों तुम्हारे हस्ताक्षर ले रहा है। 

इसमें कोई शक नहीं है कि आज हमारी सरकार के अथक प्रयास और जन मानस की प्रबल इच्छाशक्ति के चलते पढ़ाई के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा है। अब लगभग सभी माता-पिता चाहने लगे है कि हमारे बच्चे पढाई करें। सभी की यह कोशिश रहती है कि आज हर बच्चा पढ़ा लिखा हो, इसीलिए जो बच्चे किसी कारण वश स्कूल नहीं जा पा रहे है उन्हें समाज सेवा करने वाले पढ़े लिखे लोग उन्ही के पास जाकर पढ़ाने की कोशिश करते है ताकि बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि पैदा हो और वो विद्यालय जाने के लिए तैयार हो जाएँ, साथ ही उन्हें शिक्षा का महत्व भी समझाते है। सरकार भी विद्यालय जाने वाले बच्चों को अनेक तरह के लाभ देती है ताकि विद्यालय न जाने का उन बच्चों और उनके माता पिता के पास कोई बहाना न हो। सभी लोग जब इतना प्रयास कर रहे है है तो संभव है कि शिक्षित लोगों का आँकड़ा बढ़ेगा ही। 

किसी भी देश के विकास और उत्थान के लिए उस देश की जनता का शिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। लेकिन किताबी ज्ञान ही शिक्षा के लिए आवश्यक है या शिक्षा का अर्थ उसके आगे भी कुछ और भी है यह प्रश्न मेरे मस्तिष्क में उस समय आया जब मैंने व्हाट्स एप्प पर आये एक सन्देश को पढ़ा जिसमें एक पत्र था और उसके लिए कहा गया था कि "यह पत्र वर्ल्ड वॉर 2 के बाद 'नाज़ी कंसन्ट्रेशन कैंप' से मिला था जो अध्यापक के लिए लिखा गया था:-

"मैं उस यातना कैंप में बचा हुआ अकेला गवाह हूँ और जो कुछ मेरी आँखों ने देखा वह ईश्वर करें कोई और न देखे। यहाँ गैस चैम्बर पढ़े-लिखे इंजीनियरों के द्वारा बनाये गए थे, पढ़े लिखे डिग्री लिए चिकित्सकों के द्वारा बच्चों को जहर दिया गया था, प्रशिक्षित नर्सों के द्वारा नवजात बच्चों को जान से मारा जा रहा था, औरतों और बच्चों को स्कूल और कॉलेज के स्नातकों के द्वारा गोली मार कर जला दिया गया था। इसलिए मुझे शिक्षा पर ही संदेह है। मेरी विनती है कि 'आप लोग अपने छात्रों को शिक्षा के साथ एक अच्छा इंसान बनाने में मदद करें, उन्हें अमानवीयता, प्रशिक्षित मनोरोगी या शिक्षित अशिक्षित इंसान मत बनाओ। शिक्षा, साहित्य, पढ़ना, लिखना या इंजीनियर, डॉक्टर या गणितज्ञ बनना तब ही महत्वपूर्ण है जब वे हमारे बच्चों को एक अच्छा इंसान बनने के लिए प्रेरित करें।" कितना दर्द और सच्चाई से ओतप्रोत है यह पत्र। सच ही तो कहा है इस पत्र में कि क्या अर्थ है ऐसी शिक्षा का जो हमें सिर्फ विध्वंस करना सिखाती हो।

डॉक्टर राधा कृष्णन ने भी अपने विचारों में कहा था कि-"भारत सहित समस्त विश्व के कष्टों का कारण यह है कि शिक्षा केवल मस्तिष्क के विकास तक सीमित रह गई है और उसमें नैतिक तथा आध्यत्मिक मूल्यों का अभाव है।"

सही मायने में देखा जाए तो शिक्षा के द्वारा व्यक्ति में न केवल ज्ञान, कला और कौशल में वृद्धि ही नहीं बल्कि उसे सभ्य,सुसंस्कृत और योग्य नागरिक भी बनाया जाना चाहिए। शिक्षा वह होनी चाहिए जिसमें हम वैचारिक ज्ञान के साथ-साथ मानवता के उत्थान की भी बात करें।नैतिक मूल्यों के साथ चारित्रिक विकास की भी बात करें।सिर्फ अपने ही बारे में ही न सोच कर समस्त मानव जाति के बारे में सोचे। अगर अपने स्वार्थ सिद्धि के लिए ही शिक्षा प्राप्त की तो क्या मूल्य ऐसी शिक्षा का। अगर शिक्षा प्राप्त कर के हम उसका दुरूपयोग कर रहे है, किसी को धोखा दे रहे है या किसी को शारारिक, मानसिक या अन्य किसी तरह तकलीफ पहुंचा रहे है या कोई ऐसा काम कर रहे है जो किसी का भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर नुकसान कर रहा है या शिक्षित होते हुए भी अपनी आने वाली पीढ़ी को अच्छे संस्कार नहीं दे पा रहे है तो क्या अर्थ है ऐसी शिक्षा का?

शिक्षा देने और प्राप्त करने का सबसे पहला और आखरी उद्देश्य एक अच्छे चरित्र के व्यक्ति का निर्माण होना चाहिए। अगर व्यक्ति वैचारिक तौर पर गुणवान होगा तो परिवार ,समाज, राष्ट्र या विश्व ही नहीं समस्त मानव जाति का स्वतः ही उत्थान हो जाएगा। हमें सिर्फ अक्षर ज्ञान ही नहीं बल्कि व्यक्ति के सर्वांगीण निर्माण की और ध्यान देना होगा। अपनी शिक्षा व्यवस्था में मूलभूत सुधार कर के और सभी लोगों के सहयोग और प्रयासों से हम शायद एक शिक्षित मानव बना सकते है। और ऐसी ही शिक्षा पद्वति की आज ही नहीं बल्कि हर युग में प्रासंगिकता रही है और हमेशा रहेगी।

Comments

Popular posts from this blog

औद्योगिक एकाधिकार : भयावह परिणाम [Industrial Monopoly: Dangerous Consequences]