प्रलोभन - एक चुनावी विसंगति [Freebies - An Electoral Anomaly]
विश्व का सबसे बड़े प्रजातंत्र राष्ट्र होना भारत और उसके देशवासियों के लिए गौरव की बात है। हमारे संविधान निर्माताओं ने बड़ी ही सूझबूझ के साथ समस्त विश्व के देशों के संविधानों का विस्तार पूर्वक अध्ययन करके हमारे संविधान की संरचना की थी। जिस देश की जो व्यवस्था उन्हें उपयुक्त लगी, उसे हमारे देश के संविधान के लिए ग्रहण कर लिया।ऐसा करने के पीछे उनका यही उद्देश्य रहा होगा कि कोई भी अच्छी सोच या व्यवस्था जो हमारे देश और देशवासियों के हित में हो, हमें स्वीकार कर लेनी चाहिए। और यही हमारे संविधान की एक विशेषता बन गई कि "इसमें विभिन्न देशों के संविधानों का समावेश है।" संविधान निर्माताओं के द्वारा संघात्मक भारत के ढांचे को स्वीकार किया गया है अर्थात केंद्र और राज्य में पृथक पृथक सरकारें स्थापित की गई और व्यवहार में राज्यों पर केंद्र का वर्चस्व स्थापित रखा गया है ।
केंद्र और राज्य में भिन्न-भिन्न सरकार होने की वजह से चुनाव भी अलग-अलग समय पर होते रहते है। जिस भी राज्य सरकार या केंद्र सरकार का 5 वर्ष का कार्यकाल समाप्त हो जाता है वहाँ फिर से चुनाव कराने का प्रावधान हमारे संविधान में है। जिसके परिणामस्वरूप भारत में कहीं न कहीं चुनावी माहौल रहता ही है। इन दिनों गोआ, मणिपुर, पंजाब, उत्तरप्रदेश और उत्तराखण्ड आदि राज्यों में चुनावों चल रहे है। हर 5 साल में चुनाव होने पर भारत के सभी व्यस्क लोगों को अपना वोट देकर अपना जनप्रतिनिधि चुनने का अधिकार हमारे संविधान में वर्णित है। और चुनाव सही समय पर हो तथा सभी नियम और कानून के दायरे में हो इसके लिए चुनाव आयोग का गठन किया गया है।
यह सब व्यवस्था जब पढ़ते है तो बहुत गर्व महसूस होता है अपने संविधान निर्माताओं और उनके अथक प्रयासों पर।अपने देश की सुव्यवस्था को लेकर उन्होंने कितने दूरदर्शी सपने देखे होंगे तब जाकर ऐसी व्यवस्था बनायी। लेकिन समय के साथ हमारी इस व्यवस्था में भी विकृति आ गयी है और अफसोस यह है कि इस विकृति को बढ़ावा देने में प्रमुख योगदान उन्हीं लोगों का जिन्हें हर चुनावों में देश की जनता चुनकर देश की बागडोर सँभालने के लिए देश की सत्ता सौंप देती है और उन्हें देश का नीति निर्माता बना देती है। उन सत्ताधारियों को आज यह अहसास भी नहीं है कि जिस स्वतंत्र देश की सत्ता में वो बैठे हुए है उसे कितने बलिदानों के बाद प्राप्त किया गया है, कितने लोगों ने दिन-रात एक कर के देश हित में नीति और नियम बनाये थे जिनकी आज वो खुले आम धज्जियाँ उड़ा रहे है सिर्फ अपने स्वार्थ सिद्धि के लिए।
अब तो लगता है किसी भी नेता में न तो अपने देश के लिए कोई निष्ठा बची है, न ही अपने दल और अपने आदर्शों के लिए। हर नेता को बस सत्ता में आना है। जो दल उन्हें कोई मंत्री पद देने का वायदा कर देता है वह नेता उसी दल का निष्ठावान सदस्य हो जाता है।चुनाव आते ही दल-बदल की प्रक्रिया शुरू हो जाती है जो कि चुनाव के बाद खरीद -फरोख़्त तक चलती है।किसी नेता या दल को कोई फर्क नहीं पड़ता है कि जनता ने उन्हें वोट उनकी पार्टी के कार्य और उसके घोषणा पत्र को देख कर दिया है।उन्हें तो बस कोई लाभान्वित पद पाना है और जो दल यह देने का वायदा कर देता है इनकी वफादारी तुरंत उस दल के प्रति हो जाती है। क्योकि वो जानते है कि एक बार जनता ने वोट कर के उन्हें जीता दिया तो अब 5 साल तक उन्हें कोई आसानी से हटा नहीं सकता है और अपनी स्वार्थ सिद्धि के लिए इस से अच्छा अवसर इन्हें नहीं मिलेगा।
अब एक नया दौर और आ गया है जिसमें मतदाताओं को रिझाने के लिए किसी दल का बीते 5 साल में किया गया कार्य इतना महत्व नहीं रखता है जितना की मुफ्त में बांटी जा रही रेवड़ियाँ। हर पार्टी, नेता अपनी चुनावी सभा में जनता को मुफ्त में बड़े-बड़े तोहफे दे रहा है। कोई बिजली-पानी मुफ्त देने की बात कर रहा है तो कोई राशन। कोई मुफ्त में दैनिक भत्ता दे रहा है तो कोई गरीबी के नाम से बैंक में पैसा जमा करा रहा है, तो कोई जाति आरक्षण का वादा करता है तो कोई अल्प आय वर्ग के आरक्षण की, तो कोई राज्य वासियों के आरक्षण की। कोई मुफ्त मकान दे रहा है तो कोई ऋण माफ़ कर रहा है, तो कोई उन्हें मुफ्त मजदूरी भत्ता दे रहा है और भी न जाने क्या क्या वादे लगातार किये ही जा रहे है। लेने वाले लोग भी नहीं समझ रहे है कि नेताओं के द्वारा किए जा रहे जो भी वादे है वो उनके अपनी पार्टी की राशि नहीं अपितु देश का पैसा है जिसका वो सत्ता में आने के बाद दुरूपयोग करेंगे यूँ बांटकर।
हो क्या रहा है इस देश में? क्या देश का पैसा उनका अपना पैसा है जिसका प्रलोभन देकर वे देश की जनता का मन भटकाते है ? हम कर देने वाले हमारी मेहनत की कमाई का इतना बड़ा हिस्सा कर के रूप में इस लिए तो नहीं देते है कि नेता लोग उसका प्रयोग सत्ता प्राप्ति के लिए करें? क्या किसी भी कानून या चुनाव आयोग को यह समझ नहीं आ रहा है कि यह सब बहुत गलत है। ये नेता लोग देश के विकास की नही अपितु देश के पतन की बात कर रहे है। कैसे सत्ता में आने से पहले ही कोई भी पार्टी ऐसे नियम लाने का वादा कर सकती है ? अप्रत्यक्ष रूप से देखा जाए तो क्या यह भी रिश्वत का एक रूप नहीं है? शायद यही एक कारण भी है कि किसी भी बजट में करदाताओं को कभी कुछ मुफ्त दिया ही नहीं जाता क्योकि सब नेता जानते है कि करदाताओं का कर जरा भी कम किया तो ये लोगों को मुफ्त में सब कुछ देने के वादे को कैसे पूरा करेंगे?
सभी नेता लोग समझ गए है कि देश की जनता बिलकुल बेवकूफ है थोड़े से प्रलोभन में आकर वह उन्हें वोट दे देगी और वोट मिल भी जाते है । देश के विकास की चिंता का भार तो बेवकूफ करदाता उठा ही रहा है। नेताओं की तरह आज की जनता भी स्वार्थी हो गई है।वह भी आये दिन चुनावों का इंतज़ार करती है और इंतज़ार करती है कि देखे कौनसा नेता और कौनसी पार्टी उन्हें इस बार क्या उपहार देने वाली है। नेताओं के झूठे वादों और लालच में आने वाली वही जनता है जो देश की प्रगति में कोई व्यक्तिगत योगदान नहीं देती है और साथ ही नेताओं तथा पार्टी के द्वारा हर चुनाव में बाँटी जा रहे मुफ्त सुविधाओं ने इन्हें आलसी तथा कामचोर बना रही है। अब यह किसी भी कीमत पर काम करने को तैयार ही नहीं है। ये लोग समझ गए है कि गरीब और पिछड़ा बने रहने में ही इनका फायदा है। तभी तो हर जाती का वर्ग अपने आप को पिछड़ा कहलाने का हर संभव प्रयास कर रहा है। कैसी विडंबना है इस देश की?
जहाँ एक वर्ग ही है जो अपनी दिन रात की मेहनत की गाढ़ी कमाई का एक तिहाई से भी ज्यादा हिस्सा आयकर के रूप में देश के खाते में जमा कराता है कि देश का विकास हो और ये नेता लोग यही पैसा सत्ता प्राप्ति के लिए उन लोगों के हाथ में सौंप देते है जो देश की उन्नति में क्षणिक भी योगदान नहीं कर रहे है। और वो योगदान या मेहनत करें भी क्यों, जब सब कुछ उन्हें प्रसाद में मुफ्त मिल रहा है? चुनाव में मतदाता को लुभाने का यही सिलसिला चलता रहा तो डर है कि एक दिन ये नेता कहीं मतदाताओं के हाथ पूरा देश ही न बाँट दे?
बहुत तकलीफ होती है जब चुनाव का मौसम आते ही राजनीतिक दलों में नई-नई घोषणाओं की प्रतियोगिता शुरू हो जाती है। और हम बेबस करदाता बस देखते ही रह जाते है। क्या चुनाव आयोग के पास भी कोई ऐसी शक्तियाँ नहीं है जो वह इस तरह की प्रलोभन पूर्ण उद्घोषणाओं पर नियंत्रण कर सके। या कोई ऐसा कानून बन जाए कि जो भी दल या राजनेता अपने मतदाताओं की इतनी चिंता करता है कि उन्हें हर सुविधा मुफ्त देना चाहता है तो अपने निजी आय में से दे, न कि देश के खजाने में से। कोई किसी भी तरह के आरक्षण की बात करता है तो उस पर भी देश के जनता से वोटिंग करा लेनी चाहिए।लेकिन मैं जानती हूँ कि ऐसा कोई कानून बनेगा ही नहीं क्योकि संसद में बैठ कर कानून बनाने वाले नेता वो ही लोग तो है जो जनता को प्रलोभन देकर यहाँ तक पहुंचे है।
भूतपूर्व राष्ट्रपति और जाने माने वैज्ञानिक श्री अब्दुल कलाम आजाद ने कहा था कि "सिर्फ तीन चीजे किसी देश के विकास के लिए मुफ्त होनी चाहिए- शिक्षा, चिकित्सा और न्याय।" इसके अलावा कुछ भी मुफ्त देना व्यक्ति को पतन की और ले जाता है और व्यक्ति यदि पतन की ओर रहा है तो जाहिर है कि देश भी पतन की ओर जा रहा है। और अफ़सोस इस बात का है कि ऐसे महान लोगों को उनकी जन्म तिथि और मृत्यु तिथि पर याद कर के श्रद्धांजलि तो हर नेता और प्रजा दे देती है पर उनकी बातों का अनुसरण कोई करता है। और यही इस देश का दुर्भाग्य है।
Comments
Post a Comment