बाटकी- अभिव्यक्ति मेरे जुनून की [Baatki - An Expression of My Passion]
बहुत सुना है और पढ़ा है और स्वयं मेरा भी यही मानना है कि जीवन का कोई भी पड़ाव
हो खूबसूरत ही होता है न तो हमें बढ़ती उम्र की कोई चिंता करनी चाहिए और न ही बीते
हुए पल के लिए कोई अफसोस करना चाहिए। हर समय और उम्र का अपना एक मजा होता है और
उसे पूरी ईमानदारी और जिंदादिली से जीना चाहिए।जो पल चला गया वह वापस तो आएगा नहीं,
फिर उस समय को
याद कर के क्यों परेशान होना और न ही हम बढ़ती हुई जिंदगी को थाम सकते है तो फिर
उम्र बढ़ने की चिंता क्यों करनी? बस खुल कर जी लो जिंदगी को और मजे ले लो उम्र के हर पल का।
उम्र के हर पड़ाव की अपनी एक अहमियत होती है, अन्यथा ईश्वर ने बचपन,
जवानी और
बुढ़ापे की अवस्था नहीं बनाई होती। उस परम शक्ति के
द्वारा की गई कोई भी व्यवस्था निरर्थक नहीं है यह हमें मानना ही होगा। और
यदि ऐसा है तो हमें हर अवस्था को खुल कर जीना भी चाहिए। जब जो मन चाहे कर लेना
चाहिए, कहीं जाना है तो जाओ, कुछ खाना है तो खाओ, जो पहनना है पहनो वह सब कर लो जो करने का आपका दिल करता है। लोग क्या कहेंगे क्या सोचेंगे इस पर
मत जाओ, बस कर लो।क्योकिं लोग तो तब भी कहेंगे जब आप
कुछ नहीं करोगे तो कुछ कर के ही सुन लो लोगों की। असफलता से मत घबराओ क्योकि असफल
भी वही होता है जो प्रयास करता है, जिसने प्रयास ही नहीं किया तो वह असफल कैसे हो सकता है। पर
यह सत्य है कि प्रयास करने वाला व्यक्ति हर हाल में प्रयास नहीं करने
वालों से आगे ही रहता है।
बस यही अंदाज है मेरा भी जिंदगी को जीने का। वही करती हूँ जो मेरा मन करता है
पर अपनी सीमाओं और अपने कर्तव्यों को ध्यान में रखते हुए और
अपने परिवार के सभी सदस्यों का सम्मान करते हुए कुछ रचनात्मक करती
हूँ। हाँ हमेशा प्रयास यही रहता है कि अपनी जो भी जिम्मेदारी है उसे नज़रअंदाज न
करूँ। इसी सोच के साथ एक बार मन हुआ कि क्यों न कुछ लिखा जाए और
ब्लॉग लिखने लग गई, लिखते समय सोचा भी नहीं था कि लोग मेरे विचारों को इतना
पसंद करेंगे। जब लिखने का सोचा तो अपने आप से एक वादा
किया था कि लिखूंगी हमेशा अपने अनुभव और अपने दिल की आवाज, बनावटी और झूठी बातें या
किसी की नक़ल कर के कभी नहीं लिखूंगी। और मुझे ख़ुशी है कि आज तक मैं अपने इस वादे
पर कायम हूँ। इस बहाने अपनी आवाज सब के साथ साझा करने का मौका तो मिल ही रहा है,और उन प्रश्नों
को लिखने का अवसर भी मिल रहा है जिन्हें मैं सिर्फ अपने आप से करती थी और मन मसोस
कर रह जाती थी।
कोरोना महामारी के दौरान एक समय आया जब लगने लगा कि जीवन मिथ्य है,
यहाँ हम आते है
अपने कर्तव्यों को करने और चले जाते है कभी न वापस आने के लिए। बिना किसी
पूर्वाग्रह के लिए, बिना किसी निश्चित समय का पता किये कि कब जाना है
यहाँ से सब कुछ छोड़कर, साथ जायेगा तो सिर्फ अपने कर्म। इसी सोच ने मुझे प्रेरित
किया कि मुझे भी इस जन्म का कर्म यही पूरा करना है जो कुछ मुझे मिला है वापस यही
देना तो मैंने निश्चय किया कि मैं किसी अच्छे एन.जी.ओ. के सानिध्य में ही यह कर
सकती हूँ और मेरी तलाश पूरी हो गई 'स्टैंड एंड स्ट्राइड' के साथ, जिन्होंने मुझे
उन बच्चों को पढ़ाने और संवारने की जिम्मेदारी सौपीं, जो कही पढाई का महत्व ही
नहीं समझते थे। और मुझे ख़ुशी है कि वह वादा भी मैं पूरी तन्मयता से निभा रही हूँ।
और ऐसा करते हुए मुझे बहुत आत्मसंतुष्टि भी मिल रही है।
अब जब बच्चे स्वयं की जिंदगी की उड़ान भरने के लिए अपनी अपनी मंजिल की और निकल गए
है और न ही ऐसी कोई जिम्मेदारी मेरे ऊपर नहीं है जहाँ समय की कोई
पाबन्दी हो या बच्चों की जिम्मेदारी हो, तो लगा अब मौका है अपनी भी दूसरी पारी शुरू करने
का और अपने जज्बे को एक नया मुकाम देने का, तो मैंने अपना एक नया
ब्रांड "बाटकी" शुरू कर दिया।जिसमें मैं अपने शौक को तो पूरा कर ही रही
हूँ साथ ही घर पर बने शुद्ध तथा बिना किसी मिलावट तथा बिना किसी प्रेज़रवेटिव की आइसक्रीम बना कर सभी
माता पिताओं को भी तसल्ली देना चाहती हूँ कि आप बिना अपराध बोध के बाटकी
का सामान अपने बच्चों को खिला सकते है और स्वयं भी खा सकते है। "बाटकी"
ब्रांड की टैग लाइन भी HOME MADE-HAND MADE है। और फिर एक वादा अपने आप
से कि इस टैग लाइन के शब्दों को हमेशा ईमानदारी से निभाऊंगी। "बाटकी" की
पहचान को कायम रखूंगी। और अपने 'बाटकी' परिवार के हर सदस्य को उसी स्वाद से परिचित कराती रहुंगी
जिसका वादा मैंने 'बाटकी' शुरू करते समय सब से किया था।
बाटकी शुरू करते समय एक सीख और मिली कि किसी भी कार्य को शुरू करने की न कोई उम्र होती है, न कोई समय बस जब मन करे, और जहाँ से मन करे कर लेना चाहिए अन्यथा सोचने में ही कब वक्त निकल जाता है पता ही नहीं चल पाता है। बस करना वही चाहिए जो मन को संतुष्टि और दिल को तसल्ली दे।कुछ भी काम शुरू करने पर हर तरह के लोगों से हमारा सामना होता है कुछ लोग होंगे जो हमारा मनोबल तोड़ने की कोशिश करेंगे और कुछ हौसला अफजाई भी करते है। अपने अनुभव से मैं यह कह सकती हूँ कि आज मुझे अपनी इस यात्रा में बहुत लोग ऐसे मिले जिन्होंने मुझे आगे बढ़ने के लिए बहुत सहारा दिया, कभी भी मेरी सोच और मेरे जज्बे को कम नहीं होने दिया। इन्ही लोगों के कारण चंद नकारात्मक लोगों की सोच पीछे रह गई और मैंने महिला दिवस 8 मार्च 2022 को अपना 'बाटकी' ब्रांड लांच कर दिया। एक उम्मीद के साथ की मैं अपनी इस यात्रा में भी अपने वादों के साथ अवश्य सफल रहूँगी जब तक कि मेरे शुभचिंतक दोस्त और परिवारजन और सम्पूर्ण बाटकी परिवार मेरे साथ है।
बहुत सुंदर कहा आपने
ReplyDeleteकहीं भी उम्र की बाधा नहीं। अपना
बिंदास होकर किरदार निभायें😊👍
Wow aapki is kala ka to aaj hi pata chala. Icecream me mithas se aur blog me shabdo se dil khush kar deti hai aap 🥰🥰
ReplyDelete